×

Ayodhya News: केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान बोले-सरकारी नौकरी तक ही सीमित न रहें युवा, दूसरों को रोजगार देने के लिए कार्य करें

Ayodhya News: प्राकृतिक खेती पर जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय बड़े पैमाने पर प्राकृतिक एवं जैविक खेती पर कार्य कर रहा है जो सराहनीय है। मंत्री ने कहा कि आने वाला समय प्राकृतिक खेती और मोटे अनाज का है। किसानों को व्यापक स्तर पर मोटे अनाज की खेती करने की जरूरत है।

NathBux Singh
Published on: 10 Oct 2023 2:00 PM GMT
Union Minister Sanjeev Balyan said - Youth should not be limited to government jobs, work to provide employment to others
X

केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान बोले-सरकारी नौकरी तक ही सीमित न रहें युवा, दूसरों को रोजगार देने के लिए कार्य करें: Photo-Newstrack

Ayodhya News: केंद्र सरकार बकरी पालन, सूअर पालन तथा अन्य व्यापार के लिए किसानों को 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही है, जिससे कि पशुपालकों को आर्थिक परेशानी न झेलनी पड़े। केंद्र सरकार किसानों की मदद के लिए हर स्तर पर साथ खड़ी है। अयोध्या के प्रगतिशील किसानों ने कई क्षेत्रों में बड़े-बड़े मुकाम हासिल किए हैं जो गर्व की बात है। युवा अब सरकारी नौकरी को दिमाग से निकालकर व्यापार की तरफ कदम बढ़ा रहे हैं। युवाओं को सरकारी नौकरी तक ही सीमित नहीं रहना होगा बल्कि दूसरों को रोजगार देने के लिए कार्य करना होगा।

यह बातें पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने किसान मेले बतौर मुख्य अतिथि कही। वे कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय विराट किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी में किसानों को संबोधित कर रहे थे।


आने वाला समय प्राकृतिक खेती और मोटे अनाज का-

उन्होंने प्राकृतिक खेती पर जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय बड़े पैमाने पर प्राकृतिक एवं जैविक खेती पर कार्य कर रहा है जो सराहनीय है। मंत्री ने कहा कि आने वाला समय प्राकृतिक खेती और मोटे अनाज का है। किसानों को व्यापक स्तर पर मोटे अनाज की खेती करने की जरूरत है। पत्रकारों के सवाल पर मंत्री ने कहा कि विवि को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा और केंद्र स्तर पर जो भी सुविधाएं होंगी विश्वविद्यालय को मुहैया करवाई जाएगी। मंत्री बालियान विवि में हो रही मिश्री की खेती की जमकर सराहना की साथ ही कहा कि आईबीएफ सेंटर पर हरियाणा-पंजाब की तर्ज पर गायें देखने को मिलेंगी और इसके लिए केंद्र सरकार विवि के साथ खड़ा है।


किसानों को सरकार की सभी योनजाओं का लाभ उठाना चाहिए-

विशिष्ठ अतिथि के तौर पर मौजूद उपकार के महानिदेशक डा. संजय सिंह ने कहा कि विवि में विकसित की गई धान की प्रजाति सरयू-52 विश्व स्तर पर प्रचलित है और गुणवत्ता के कारण इसे विदेशों तक निर्यात किया जाता है। विवि ने सब्जी व फल के क्षेत्र कई बड़े मुकाम को हासिल किया है जो गर्व की बात है। डा. संजय ने किसानों से अपील किया कि वे अपने खेतों में कोदो और सावा की खेती करें इस पर सरकार की ओर से उचित मूल्य भी निर्धारित है। उन्होंने कहा कि किसान मेले का मुख्य उद्देश्य जागरूकता है। किसानों को सरकार की सभी योनजाओं का लाभ उठाना चाहिए।


रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि सरकार की योजनाओं से किसानों को मजबूती मिल रही है। शिक्षा व शोध के क्षेत्र में सरकार ने बड़े स्तर पर कार्य किए हैं और इसमें अयोध्या जिला सबसे आगे है। विधायक ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारें किसानों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए साथ खड़ी हैं। इस मौके पर कुलपति ने कहा कि विवि विश्व के पटल पर तेजी के साथ अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। विवि ने राष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान हासिल किया जो पूरे विवि के लिए गर्व की बात है।


इस मौके पर कुलपति ने विवि की कई उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया। इस मौके पर 25 प्रगतिशील किसानों व शिक्षक डा. सुप्रिया, डा. विभा यादव व डा. विजय लक्ष्मी राय को केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने सम्मानित किया। किसानों की ओर से सब्जी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि ने फीता काटकर एवं जल भरो कार्यक्रम के साथ की। कार्यक्रम से पूर्व मात्र ने बकरा बाड़ा एवं योग व ध्यान केंद्र का लोकार्पण किया गया। किसान मेले में कुल 55 स्टाल लगाए गए थे। किसान मेला अपर निदेशक प्रसार डा. आर.आर सिंह के संयोजन में हुआ तथा संचालन डा. सीताराम मिश्रा ने किया।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story