×

Rajya Sabha Elections 2024: सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने से अब रायबरेली पर निगाहें, प्रियंका को उतार सकती है कांग्रेस, गांधी परिवार के लिए क्यों अहम है यह सीट

Rajya Sabha Elections 2024: रायबरेली सीट के संभावित उम्मीदवार को लेकर शुरू हुए कयासों के बीच कहा जा रहा है कि इस सीट पर अब प्रियंका गांधी को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 14 Feb 2024 7:25 AM GMT
Rajya Sabha Elections 2024
X

Sonia Gandhi and Priyanka Gandhi (photo: social media) 

Rajya Sabha Elections 2024: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा जाएंगी। सोनिया गांधी ने आज राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ जयपुर पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। सोनिया गांधी के राज्यसभा चुनाव में उतरने के बाद उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। रायबरेली सीट के संभावित उम्मीदवार को लेकर शुरू हुए कयासों के बीच कहा जा रहा है कि इस सीट पर अब प्रियंका गांधी को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।

रायबरेली लोकसभा सीट गांधी परिवार और कांग्रेस के लिए काफी अहम मानी जाती रही है। गांधी परिवार से यहां के लोगों का काफी जुड़ाव रहा है और सोनिया गांधी यहां से चार बार सांसद रह चुकी हैं। इंदिरा गांधी और फिरोज गांधी भी इस संसदीय सीट से चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस के लिए प्रियंका गांधी से बेहतर विकल्प और कोई नहीं होगा।

कांग्रेस नेता प्रियंका के लिए करते रहे हैं मांग

कांग्रेस नेतृत्व ने काफी सोचविचार के बाद इस बार पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। जानकार सूत्रों का कहना है कि बढ़ती उम्र और खराब सेहत के कारण उन्हें लोकसभा का चुनाव न लड़ाकर राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है। उन्हें राजस्थान से राज्यसभा भेजा जा रहा है। राजस्थान की यह सीट पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के रिटायर होने के बाद खाली हुई है।

सोनिया गांधी को राज्यसभा भेजने के फैसले के बाद ही उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में प्रियंका गांधी का नाम काफी चर्चाओं में है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय समेत अन्य नेता प्रियंका गांधी से उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने का अनुरोध करते रहे हैं। अजय राय का कहना था कि यदि प्रियंका गांधी चुनाव लड़ने की का फैसला करती हैं तो पार्टी कार्यकर्ता उन्हें जिताने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे।

प्रियंका के लिए रायबरेली से बेहतर कोई सीट नहीं

प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में काफी सक्रिय रह चुकी हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के समय भी उन्होंने पार्टी उम्मीदवारों के लिए जमकर प्रचार किया था। इसके अलावा वे रायबरेली में अपनी मां का चुनाव प्रचार करने के लिए भी समय-समय पर जाती रही हैं। प्रियंका गांधी ने अभी तक कोई चुनाव नहीं लड़ा है।

ऐसे में कांग्रेस उन्हें किसी सुरक्षित लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारना चाहती है। सियासी जानकारों का कहना है कि प्रियंका गांधी के लिए रायबरेली से ज्यादा सुरक्षित सीट और कोई नहीं हो सकती क्योंकि यह सीट गांधी परिवार का गढ़ मानी जाती रही है।

गांधी परिवार के लिए क्यों अहम है रायबरेली सीट

रायबरेली को गांधी परिवार का गढ़ यूं ही नहीं माना जाता। सोनिया गांधी पिछले चार बार से यहां लगातार लोकसभा चुनाव जीतती रही हैं। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश में मोदी लहर के बावजूद भाजपा को इस सीट पर जीत हासिल नहीं हुई थी और सोनिया गांधी ने जीत हासिल करके भाजपा को भारी झटका दिया था। सोनिया गांधी 2006 से लगातार इस सीट से जीत हासिल करती रही हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके पति फिरोज गांधी भी रायबरेली संसदीय सीट से सांसद रह चुके हैं। इन कारणों से प्रियंका गांधी के लिए रायबरेली लोकसभा क्षेत्र सबसे मुफीद माना जा रहा है।

प्रियंका का रायबरेली से चुनाव लड़ना लगभग तय

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने हाल में कहा था कि रायबरेली और अमेठी के लोगों का गांधी परिवार से पारिवारिक रिश्ता रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी से तीन बार लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

सूत्रों का कहना है कि यूपी से गांधी परिवार के दो नेता चुनाव लड़ सकते हैं। अब सोनिया गांधी को राज्यसभा भेजने के फैसले के बाद प्रियंका और राहुल का यूपी से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी को रायबरेली और राहुल को एक बार फिर अमेठी से चुनावी अखाड़े में उतारा जा सकता है। वैसे राहुल के केरल की वायनाड सीट से चुनाव लड़ने की संभावना भी बनी हुई है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story