×

Gonda News: सपा प्रत्याशी श्रेया वर्मा का भाजपा पर तंज, बोलीं- उन्हें लोकप्रियता से लग रहा डर

Gonda News: सपा प्रत्याशी श्रेया वर्मा ने मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी के बयान पर पलटवार किया है।

Radheshyam Mishra
Published on: 4 May 2024 4:03 PM GMT
Gonda News
X

श्रेया वर्मा। (Pic: Newstrack)

Gonda News: भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा शनिवार को धानेपुर में आयोजित अन्नदाता सम्मेलन में मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी द्वारा गोंडा की सपा प्रत्याशी को बाहरी बताये जाने और गोंडा लोकसभा क्षेत्र को कोई चारागाह नहीं बताये जाने पर समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार श्रेया वर्मा ने कड़ी आपत्ति जताई है।

विपक्ष पर बोला हमला

उन्होंने कहा कि गोंडा उनके बाबा स्वर्गीय बेनी प्रसाद वर्मा ऊर्फ बाबू जी की कर्मभूमि रही है और बाबू जी यहां के सांसद रहे हैं। वह बाबू जी की पौत्री है। उन्होंने कहा कि वह उनकी विरासत सम्भालने आई हैं। साथ ही उनके द्वारा अधूरे सपने को साकार करने आई हैं। चारागाह तो उन लोगों ने यहां की जनता को बना रखा है जो अब तक इन पर शासन करते आ रहे हैं। किन्तु न अब तक समुचित शिक्षा का विकास हुआ है और न यहां कोई समुचित रोजगार मुहैया हो रहा है। बेरोज़गारी और मंहगाई चरम पर है और जनता को झुनझुना देकर ठगने का काम किया जा रहा है।

लोकप्रियता से लग रहा डर

उन्होंने एक सवाल के जबाव में नपे तुले शब्दों में कहा कि वह यह नहीं कह रही है कि यहां कुछ भी विकास नहीं हुआ। बल्कि यहां विकास के नाम पर उसी तरह से विकास किया गया है जैसे किसी प्यासे को चम्मच से पानी पिलाना हो। विकास की रफ्तार जैसी होनी चाहिए वैसे नहीं हुई है। और वह गोंडा की सांसद बनने के बाद गोंडा का चहुंमुखी विकास तेज गति से कराने का काम करेगी। जिससे लोगों को दुसरे शहर की चकाचौंध में न भटकना पड़े। उन्होंने कहा कि उनके बाबा विकास पुरुष रहे हैं और पांच साल में जितना विकास बाबू जी ने किया। उसका कुछ भी विकास गोंडा में नही किया गया। गोंडा का विकास करके वह अपने बाबू जी के सपने को साकार करना चाहती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी उनकी लोकप्रियता से डरें हुए हैं यही कारण है कि अनाप-शनाप बोलने लगे हैं।

किसान मोर्चा का हुआ आयोजन

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने शनिवार को अन्नदाता सम्मेलन किया। सम्मेलन में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह भी शामिल रहे। इस मौके पर उन्होंने धानेपुर बाजार में किसान मोर्चा की अन्नदाता सम्मेलन में पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनता को वोट का महत्व समझाया। कामेश्वर सिंह ने कहा कि देश को समृद्ध व गौरवशाली बनाने के लिए देश की जनता को शत प्रतिशत मतदान करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनते हैं तो निश्चित तौर पर भारत विश्व का नेतृत्व करेगा।

इनकी रही उपस्थिति

विशिष्ट अतिथि मेहनौन से भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी व किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विद्या भूषण द्विवेदी भी शामिल हुए। अन्नदाता सम्मेलन में मुख्य अतिथि कामेश्वर सिंह ने मोदी सरकार की उज्ज्वला गैस, मुफ़्त राशन, आवास, किसान सम्मान निधि, आयुष्यमान कार्ड जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को बताया। सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, विधायक विनय कुमार द्विवेदी, नगर पंचायत खरगूपुर चेयरमैन राजीव रस्तोगी, मनकापुर चेयरमैन दुर्गेश सोनी, धानेपुर चेयरमैन प्रतिनिधि मंशाराम वर्मा,किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विद्या भूषण द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषराम बारी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विद्या भूषण द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह, रमाशंकर मिश्र, अपना दल महिला मोर्चा की दिशा वर्मा, सहित दर्जनों पदाधिकारी, क्षेत्रीय कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story