×

Same-sex Marriage: पति-पत्नी की तरह रह रही थीं युवतियां, मंदिर में लिए सात फेरे, बोलीं- जिसे दर्द हो वह आंखें बंद कर ले

Gorakhpur News: बंगाल की रहने वाली इन दोनों युवतियों ने देवरिया के लार रोड के भगड़ा-भवनी मंदिर में शादी रचाने के बाद पुजारी से आशीर्वाद लिया। एक लड़की दुल्हे के कपड़े में थी, तो दूसरी लड़की पूरी तरह दुल्हन बनी हुई थी।

Purnima Srivastava
Published on: 8 Jan 2024 2:56 PM GMT
Gorakhpur News
X

शादी के बाद समलैंगिक जोड़ा (Social Media)

Gorakhpur News: देवरिया जिले के लार रोड क्षेत्र में आर्केस्ट्रा में काम करने वाली दो युवतियां सोमवार (08 जनवरी) को मंदिर में सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंध गईं। दोनों ने शादी को लेकर नोटरी भी बनवाई है। दोनों पिछले दो साल से पति-पत्नी की तरह रह रही थीं। शादी के बाद कुछ लोगों ने तंज किया तो युवतियां बोलीं- 'रहेंगे तो साथ ही। जिसे दर्द हो वह आंखें बंद कर ले।'

समलैंगिक विवाह को देखने उमड़े लोग

बंगाल की रहने वाली इन दोनों युवतियों ने देवरिया के लार रोड के भगड़ा-भवनी मंदिर में शादी रचाने के बाद पुजारी से आशीर्वाद लिया। एक लड़की दुल्हे के कपड़े में थी, तो दूसरी लड़की पूरी तरह दुल्हन बनी हुई थी। दुल्हन बनी युवती के मांग में सिंदूर भरा हुआ था। समलैंगिक शादी (Same-sex marriage) को देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में मंदिर में जमा हो गए थे। हर कोई दूल्हा-दुल्हन की तस्वीर को मोबाइल में कैद करने को आतुर दिख रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि, लार रोड के ग्राम सभा चनुकी में एक आर्केस्ट्रा में दोनों युवतियां काम करती हैं। साथ रहते रहते दोनों में प्यार हो गया। दोनों एक पल के लिए भी बिना एक दूसरे के नहीं रह पाते हैं। दोनों पश्चिम बंगाल के अक्षय नगर रिफ्यूजी कॉलोनी साउथ 24 परगना की रहने वाली हैं।

पहले भी शादी का कर चुकी हैं प्रयास

शादी के बाद दोनों युवतियों ने कहा कि, 'वे एक दूसरे से प्यार करती हैं। बहुत दिनों से एक दूसरे से विवाह करना चाहती थीं। इसके लिए भाटपाररानी तहसील से बकायदा नोटरी शपथ पत्र भी बनावाया। उसमें दोनों ने स्पष्ट रूप से लिखा है कि वे अपनी मर्जी से एक दूसरे शादी कर रही हैं। इसमें किसी को भी कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। कुछ दिन पूर्व शादी करने के लिए दीर्घेश्वरनाथ मंदिर में भी वे गई थीं। उस समय वहां के पुजारी ने कहा कि डीएम से अनुमति लेकर आओ तब यहां शादी होगी। इसके बाद दोनों ने भगड़ा-भवानी माता मंदिर में शादी करने का फैसला किया।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story