×

Gorakhpur BJP Meeting: हर बूथ पर 370 वोटर को भाजपा से जोड़ने की तैयारी

Gorakhpur BJP Meeting: लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर रविवार को एनेक्सी भवन में गोरखपुर क्लस्टर के लोकसभा प्रभारी, संयोजक और जनप्रतिनिधियों की बैठक तीन सत्रों में संपन्न हुई।

Purnima Srivastava
Published on: 25 Feb 2024 2:04 PM GMT
गोरखपुर में संपन्न हुई भाजपा की बैठक
X

गोरखपुर में संपन्न हुई भाजपा की बैठक (Pic: Newstrack)

Gorakhpur News: लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर रविवार को एनेक्सी भवन में गोरखपुर क्लस्टर (मंडल) के लोकसभा प्रभारी, संयोजक और जनप्रतिनिधियों की बैठक तीन सत्रों में संपन्न हुई। बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन चुनावी है। इनकी नीति और नीयत दोनों में खोट है। इनके साथ साथ बसपा को जनता नकार चुकी है।

हर बूथ पर 370 वोटर को भाजपा से जोड़ने की तैयारी

अरुण सिंह ने कहा कि दिल्ली में हाल में ही भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न हुआ है। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के पहले भी भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में ही हुआ था और परिणाम ऐतिहासिक रहा। इस बार के अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 370 लोकसभा की सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि माहौल भी सकारात्मक और अनुकूल है। आगे संगठन को मजबूत और सुदृढ़ कर विचारधारा को विस्तार देते हुए लोकसभा चुनाव में 370 सीट के संकल्प को साकार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में हमें सक्षम, भरोसेमंद, लोकप्रिय, निर्णायक, त्यागी और तपस्वी जननेता मिला है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर एक रुपए का आरोप नहीं है। वैश्विक नेता मोदी की देश की जनता में स्वीकार्यता भी है। मोदी की गारंटी पर जनता भरोसा भी कर रही है। गरीब और किसान मोदी को मसीहा के रूप में देख रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि अपने प्रदेश की गिनती अब देश के सबसे बेहतर राज्य के रूप में हो रही है। प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था के साथ विकास के मामले में भी नया कीर्तिमान स्थापित हो रहा है। दूसरी ओर लोकसभा चुनाव के पहले ही कांग्रेस धराशायी हो चुकी है। इस पार्टी की नीति और नीयत में खोट है। सपा, बसपा को जनता नकार चुकी है। ऐसे में हर भाजपा कार्यकर्ता को परिवार भाव से कार्य करते हुए हर बूथ पर 370 वोटर को भाजपा से जोड़ने का कार्य करना चाहिए।


29 फरवरी तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में खोलें कार्यालय

राष्ट्रीय महामंत्री ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों की चर्चा करते हुए 29 फरवरी तक विधानसभा स्तर पर कार्यालय खोलने की सलाह दी। उन्होंने राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संबोधन, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा रखे गए प्रस्ताव का खुद मनन करने और जनता को बताने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जा रहे परिश्रम को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव तक विश्राम करने का समय नहीं है। किसी तरह का अवकाश न लें, क्योंकि लोकसभा चुनाव सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। हम जीतेंगे, इसमें कोई कसर नहीं है। लेकिन हर भाजपा कार्यकर्ता का संकल्प अच्छे मतों से जितने का होना चाहिए। उन्होंने समाज के पिछड़े लोगों का सम्मान और परिश्रम की पराकाष्ठा करने की भी नसीहत दी। इसके पहले अरुण सिंह ने लोकसभा चुनाव की दृष्टि से अब तक की तैयारियों की लोकसभा वार समीक्षा की। दोपहर एक बजे से प्रारंभ होकर शाम 5 बजे तक चली इस अति महत्वपूर्ण बैठक में गोरखपुर मंडल के पांचों जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, लोकसभा क्षेत्र के संयोजक, प्रभारी, सभी सांसद, विधायक गण, नगर निगम महापौर, पार्षदगण, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्यक्ष, लोकसभा क्षेत्र की कोर कमेटी और चुनाव प्रबंधन समिति के पदाधिकारी शामिल रहे।

सभी सीटों पर लहराएंगे परचम: सहजानंद राय

बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने गोरखपुर क्लस्टर की सभी सीटों पर परचम लहराने का संकल्प दोहराते हुए सभी मंचासीन अतिथियों के प्रति आभार जताया। गोरखपुर कलस्टर के इंचार्ज रुद्रपुर के विधायक, पूर्व मंत्री जयप्रकाश निषाद ने लोकसभा चुनाव को लेकर अब तक की तैयारियों की जानकारी विस्तार से दी। बैठक में भारत सरकार के वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, देवरिया के सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रदेश उपाध्यक्ष/एमएलसी व गोरखपुर के जिला प्रभारी सलिल विश्नोई, प्रदेश उपाध्यक्ष/एमएलसी डा धर्मेंद्र सिंह, सांसद रवि किशन शुक्ला, कमलेश पासवान, विजय कुमार दुबे, महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदत्त जैन प्रमुख रूप से मौजूद रहे। संचालन क्षेत्रीय मंत्री जनार्दन तिवारी ने किया।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story