×

GYAN यानि गरीब, युवा, अन्नदाता व नारी शक्ति को लेकर आगे बढ़ रही है भाजपाः गिरीश चंद्र यादव

Jaunpur News: राज्यमंत्री गिरीश चन्द यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी GYAN यानि गरीब, युवा, अन्नदाता व नारीशक्ति को लेकर आगे बढ़ रही है|

Kapil Dev Maurya
Published on: 15 April 2024 8:36 AM GMT
jaunpur news
X

गरीब, युवा, अन्नदाता व नारी शक्ति को लेकर आगे बढ़ रही है भाजपाः गिरीश चंद्र यादव (न्यूजट्रैक)

Jaunpur News: प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चन्द यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी GYAN यानि गरीब, युवा, अन्नदाता व नारीशक्ति को लेकर आगे बढ़ रही है और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प ले रही है। एक व्यक्ति, जो आज भरोसे का पर्याय बन चुका है क्योंकि मोदी की गारंटी ही गारंटी पूरी होने की गारंटी है। आने वाले 5 साल भी सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के होंगे, ये है मोदी की गारंटी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय चुनाव कार्यालय भूपतपट्टी में मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि बीजेपी का संकल्प पत्र युवा भारत की युवा आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। आने वाले पांच साल में फ्री राशन की योजना जारी रहेगी। जनऔषधि केंद्रों का विस्तार होगा। पांच लाख का मुफ्त इलाज मिलता रहेगा। 70 साल की आयु के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाया जाएगा चाहें फिर वो किसी वर्ग का हो। तीन करोड़ और घर बनाने का संकल्प लिया है। 10 साल में हमने दिव्यांगजनों को कई सुविधाएं दी हैं। दिव्यांग साथियों को अब पीएम आवास योजना में प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि देश में जनजाति समाज के योगदान को मान्यता देते हुए हमने जनजाति गौरव दिवस मनाने का संकल्प लिया है। डिजिटल जनजाति कला अकादमी की स्थापना की जाएगी। 700 से ज्यादा एकलव्य स्कूलों को बनाया जाएगा। भाजपा विकास और विरासत में भरोसा करती है। दुनिया की सबसे पुरानी भाषा तमिल भाषा की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए बीजेपी हर कोशिश करेगी। हम सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बल दे रहे हैं। सरकार की ज्यादा से ज्यादा योजनाओं को ऑनलाइन बना रहे हैं। देश के कोने-कोने में वंदे भारत का विस्तार होगा। अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का काम जोरों पर चल रहा है। आने वाले वक्त में उत्तर, दक्षिण और पूर्वी भारत यानी चारों दिशाओं में एक-एक बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी। बीजेपी का फोकस ग्रीन एनर्जी पर है। यह देश को सुरक्षा प्रदान करेगा।

श्री यादव ने आगे कहा कि पिछले साल 17 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक व्हीकल बिके। इससे देश में रोजगार की नई संभावनाएं बनेंगी। वो दिन दूर नहीं जब दुनिया के बड़े-बड़े हब भारत में होंगे। स्पेश में भी हम विश्व में बहुत बड़ी ताकत के रूप में उभरेंगे। आज विश्व में युद्ध की स्थिति बनी हुई है। संकट के समय इन क्षेत्रों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। भाजपा का यह संकल्प पत्र ऐसी ही सरकार की गारंटी देता है। भारत मानवता के कल्याण के लिए निरंतर काम करेगा हमारे लिए दल से बड़ा देश है हम बड़े और कड़े निर्णय लेंगे। बीजेपी ने आर्टिकल 370 को हटाया अब हम सीएए को लेकर आए हैं। बीजेपी देशहित में यूसीसी को आवश्यक समझती है। गरीब को अब उसका हक मिल रहा है और हक मारने वाले जेल जा रहे हैं। भ्रष्टाचारियों पर एक्शन होता रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी के संकल्प पत्र पर 4 जून के बाद एक्शन शुरू हो जाएगा। हमने चंद्रयान की सफलता देखी, अब हम गगनयान की यात्रा देखेंगे। 140 करोड़ देशवासियों को हकीकत में बुनने के लिए हम यह संकल्प पत्र लेकर आए हैं। तिरुवल्लुवर कल्चरल केंद्रों का निर्माण करेंगे। आईटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रिटेल और पर्यटन के क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों को ट्रेनिंग देंगे। भाजपा राष्ट्रीय सहकारिता नीति लेकर आएगी, भारत को ग्लोबल न्यूट्रिशन हब बनाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि 2014 में, जब प्रधानमंत्री मोदी संसदीय दल के नेता चुने गए थे, तब उन्होंने कहा था, ’हमारी सरकार गरीब, गांव, और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को समर्पित है’। उसी को कार्यरूप देते हुए पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने इन सारे आयामों को आगे बढ़ाने का काम किया है। आज पीएम आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ पक्के घर बन चुके हैं और इस कार्य को आगे भी जारी रखा गया है। आज 50 करोड़ जनधन खातों में से 55.5फीसदी जनधन खाते महिलाओं के नाम पर खोले गए हैं। हम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए काम करते रहेंगे। हमारा घोषणापत्र दर्शाता है कि भाजपा के संस्थापकों ने देश के लिए क्या कल्पना की थी। पीएम मोदी ने आम आदमी की समझ के लिए दृष्टिकोण को सरल बनाया है और इसे ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ कहा है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story