×

BJP Foundation Day: 45वें स्थापना दिवस पर सभी बूथों पर हुआ कार्यक्रम, 400 पार का लगा नारा

Jaunpur News: जौनपुर में भाजपा के 45वें स्थापना दिवस पर सभी बूथों पर कार्यक्रम हुआ। इस दौरान नेताओं ने पार्टी के पुरखों के योगदान को याद करते हुए अबकी बार 400 पार का नारा दिया।

Kapil Dev Maurya
Published on: 6 April 2024 11:30 AM GMT
स्थापाना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम।
X

स्थापाना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम। (Pic: Newstrack)

Jaunpur News: भारतीय जनता पार्टी का आज 45 वां स्थापना दिवस मनाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज जिले में सभी बूथों पर जाकर भाजपा सरकार की उपलब्धियां जनता को बताई। इसी क्रम में भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में स्थापना दिवस पर समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी के पुरोधा डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुभारंभ किया गया। सभी कार्यकर्ताओं द्वारा वंदे मातरम् का गीत गाया गया।

चार सौ सीटों की तरफ अग्रसर भाजपा

इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता पार्टी के विघटन के बाद भाजपा बनी, जनसंघ का दूसरा रूप भाजपा है और इन 45 सालों में भाजपा 2 से 400 की तरफ बढ़ रही है। किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि एक दिन भाजपा को देश की जनता का प्रचंड बहुमत मिलेगा, लेकिन नरेंद्र मोदी ने ये कर दिखाया। भाजपा न केवल देश मे स्पष्ट बहुत वाली सरकार बनी बल्कि देश की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर सामने आई। कृपाशंकर सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बाद पार्टी के सफर को अटल बिहारी वाजपेयी ने आगे बढ़ाया जिसके बाद लालकृष्ण आडवाणी की बुलंद आवाज ने पार्टी को मजबूती दी। शुरुआत में पार्टी की छवि हिंदुत्ववादी पार्टी के रूप में उभरी, लेकिन बाद में बंगारू लक्ष्मण को पार्टी की कमान सौंप कर दलित वर्ग पर भी बड़ी छाप छोड़ी। इस बीच 6 दिसंबर 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस की खबर ने देश की जनता को चौंका दिया और कांग्रेस के साथ अब भाजपा भी जनता को विकल्प नजर आने लगी। आज जब राम मंदिर बन गया तो भाजपा 400 सीट के नारा के साथ आज तीसरी बार मोदी जी की सरकार बनने जा रही है।


2 सीट से बहुमत तक का है भाजपा का सफर

हरिश्चंद सिंह ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई देश भर में कांग्रेस के माहौल के बीच जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी का सफर आसान नहीं था। "इस दीपक में तेल नहीं, सरकार बनाना कोई खेल नहीं" जनसंघ के चुनाव चिन्ह के बारे में ये नारा लगा जो उसके नए रूप भाजपा का 1984 तक पीछा करता रहा। जब पार्टी को महज दो सीटें मिली थी दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों से आगे बढ़ी पार्टी ने आज वो फतह हासिल कर ली है जो कि अपने आप में एक अलग इतिहास बनाती है। अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि आज भाजपा देश के अधिकतर राज्यों में काबिज है, तो दुनिया की सबसे ज्यादा सदस्य वाली पार्टी का तमगा भी उसके नाम है। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को दिल्ली के तालकटोरा में जिस संकल्प के साथ जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई वह संकल्प पूरा देश साकार होता हुआ देख रहा है।

अटल-आडवाणी का बड़ा योगदान

सुशील उपाध्याय ने कहा कि अटल- आडवाणी कमल निशान का नारा भले ही अब बदल गया हो, लेकिन इस सफर में अटल आडवाणी के योगदान को दुनिया नहीं भुला पाएगी। वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी ने बीजेपी को विश्व की सबसे पड़ी पार्टी के रूप में न केवल खड़ा किया बल्कि उस रिकॉर्ड की तरफ इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में बढ़ने की कोशिश कर रही है जो कभी एक वक्त कांग्रेस के पास था। पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने नीति से कभी समझौता नहीं करती है। अटल आडवाणी की जोड़ी के समय दो से शुरू हुई भारतीय जनता पार्टी आज मोदी शाह की जोड़ी के साथ 400 पार की तरफ बढ़ रही है। इस पार्टी पर देश के हर नागरिक को भरोसा है और यही भरोसा हमें इस बार भी चुनाव में जीत दिलाएगा।


भाजपा बनी दुनिया का सिरमौर

जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा की बात कहने वाले भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी आज दुनिया में भले ही नहीं है, लेकिन उनकी मेहनत से खड़ी हुई पार्टी दुनियाभर में सिरमौर बनी हुई है। भाजपा ने अपने गठन के साथ लगातार मजबूती ली 1984 में पार्टी को लोकसभा में महज दो सीटें मिली, लेकिन उसके पांच साल बाद 1989 में 85 सीटें हासिल की 1991 में फिर चुनाव हुए जिसमें 120 सीटें हासिल की, 1996 में पार्टी को और मजबूती मिली और 161 सीटें हासिल की। 1998 में 182 तो 2014 आते आते बीजेपी ने अपने बूते पर स्पष्ट बहुमत की सरकार बना ली। 2019 लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के चेहरे पर 303 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत से फिर से सत्ता में लौटी तो उधर, प्रमुख विपक्षी पार्टी को प्रतिपक्ष का दर्जा तक नहीं मिला। पार्टी अब हिंदी भाषी राज्यों के साथ साथ पूर्वी राज्यों में भी पैठ बना चुकी है। 2024 लोकसभा चुनाव के रण के बीच में बीजेपी 45 वां स्थापना दिवस मना रही है। बीजेपी इस बार मिशन 400 पार लक्ष्य लेकर चल रही है।

इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्रा ने की। उक्त अवसर पर पीयूष गुप्ता, अमित श्रीवास्तव, सुनील तिवारी, सुधाकर उपाध्याय, संदीप सरोज, अवधेश यादव, उमाशंकर सिंह, रामसूरत मौर्य, सुनील यादव, संजय सिंह, ओमप्रकाश सिंह, विपिन द्विवेदी, प्रभात श्रीवास्तव, रवीश पाण्डेय, राम सिंह मौर्य, आमोद सिंह, रोहन सिंह, शिद्दार्थ राय, हरसू पाठक, सरस गौड़, परविंदर चौहान, जसविंदर सिंह, प्रबुद्ध दुबे, अजीत प्रजापति, आशीष सिंह, नरेंद्र उपाध्याय, रागिनी सिंह, विनीत शुक्ला, विमला श्रीवास्तव, राखी सिंह, अंजू कुशवाहा, मेराज हैदर, सुरेश धुरिया, अजय सरोज, इंद्रसेन सिंह, घनश्याम यादव, सुशांत चौबे, अवनीश यादव, जीतेन्द्र मिश्रा, दिलीप शर्मा, अजय मिश्र, शनि शुक्ला, भूपेश सिंह, नरेंद्र विश्वकर्मा, बलवीर गौड़, सुरेंद्र मिश्र, वंश बहादुर पाल, महेन्द्र बिंद, शनि सिन्ह, भोला सिन्ह, आदि उपस्थित रहे।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story