×

International Women's Day: नीलम सारंगी की अनूठी पहल कबाड़ से बनाई सजावटी कृतियां

Jhansi News: झाँसी की नीलम सारंगी ने अपनी कला के दम पर अलग पहचान कायम करने में सफलता हासिल की है। हाल ही में उन्हें स्वतंत्रता दिवस पर नवदेवी सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।

B.K Kushwaha
Published on: 7 March 2024 12:14 PM GMT
Jhansi News
X

नीलम सारंगी source: Newstarck 

Jhansi News: बेकार वस्तुओं को आकार देकर अभिनव पहल करने वाली झाँसी की नीलम सारंगी ने अपनी कला के दम पर अलग पहचान कायम करने में सफलता हासिल की है। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता (environmental protection and sanitation) के संदेश के साथ उन्होंने रोजमर्रा के घरेलू कबाड़ों और बेकार हो चुके सामानों को उपयोग में लाने की जो पहल अपने घर से शुरू की, वह पूरे झाँसी शहर में नजीर बन चुकी है। उनकी इस पहल को न सिर्फ झाँसी नगर निगम (Jhansi Municipal Corporation) ने सराहा, बल्कि योगी सरकार (yogi government) उन्हें प्रदेश स्तर पर सम्मानित भी कर चुकी है।

घर से शुरू किया प्रयोग

लगभग छह साल पहले अपने घर से 'बेकार को आकार' नाम से पहल की शुरुआत करने वाली नीलम सारंगी (Neelam Sarangi) घरेलू, शोरूम, कारखाने के कबाड़ के साथ-साथ लकड़ी व लोहे आदि के स्क्रैप से खूबसूरत आकर्षित सजावटी वस्तुएं बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है। नीलम सारंगी ने झांसी में नगर निगम के साथ मिलकर बेकार वस्तुओं से साहनी विहार पार्क और पूरे झाँसी शहर में कचरे की जगह पर खूबसूरत सेल्फी प्वाइंट तैयार कराने में सहयोग किया है। घर में ख़राब हो जाने वाली वस्तुओं के उपयोग की तकनीकी सिखाते हुए उन्होंने नगर निगम झाँसी के साथ मिलकर काम किया। इसके साथ ही कबाड़ और घरेलू ठोस वेस्ट के उपयोग को लेकर कई तरह के काम उन्होंने किये हैं। इन सजावटी सामानों की बिक्री के लिए उन्होंने आउटलेट भी शुरू किया है और महिलाओं को प्रशिक्षण देने का काम कर रही हैं। केंद्रीय कृषि वानिकी अनुसंधान संस्थान (Central Agroforestry Research Institute) के लिए कुछ दिनों पहले नीलम ने प्लास्टिक के खराब बोतलों के ढक्कन से लोगो तैयार किया है। बेकार को आकार के तहत बनी कृतियों की बिक्री के लिए नीलम को 'एक स्टेशन एक उत्पाद योजना' में झांसी रेलवे स्टेशन पर स्टाल आवंटित किया जा चुका है।

बेकार को आकार की प्रदर्शनी source: Newsatrck


प्रदेश स्तर पर मिला सम्मान

नीलम की इस पहल के उन्हें कई सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं और काफी सराहना भी हुई है। स्वच्छ भारत मिशन नगरीय, राज्य मिशन निदेशालय लखनऊ द्वारा 15 अगस्त 2023 को स्वतंत्रता दिवस पर नवदेवी सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। प्रदेश स्तर पर झाँसी नगर निगम क्षेत्र की नीलम सारंगी को वेस्ट टू वेल्थ कैटेगरी में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। नीलम सारंगी कहती हैं कि वे इस पहल को आगे बढाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस कला से जोड़ना चाहती हैं और महिलाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चला रही है।

Aakanksha Dixit

Aakanksha Dixit

Content Writer

नमस्कार मेरा नाम आकांक्षा दीक्षित है। मैं हिंदी कंटेंट राइटर हूं। लेखन की इस दुनिया में मैने वर्ष २०२० में कदम रखा था। लेखन के साथ मैं कविताएं भी लिखती हूं।

Next Story