×

Jhansi News: जिसकी हत्या हुई थी वह निकली जिंदा, MP में प्रेमी संग चला रही ढाबा

Jhansi News: उक्त महिला अपने प्रेमी के साथ मध्य प्रदेश के सीहोर में खाना का ढाबा चलाते हुए मिली है। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।

B.K Kushwaha
Published on: 16 March 2024 7:24 AM GMT
Jhansi News
X
पुलिस की गिरफ्त में महिला (Newstrack)

Jhansi News: पुलिस की फाइलों में न जाने कितने ही ऐसे मामले दर्ज हैं, जिनके खुलासे ने पुलिस के साथ-साथ आमजन को भी हैरान किया। ऐसा ही एक मामला झाँसी में सामने आया है। 14 माह पहले यानि जनवरी 2023 में रक्सा पुलिस ने अदालत के आदेश पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच शुरु की थी। अब इस मामले का खुलासा हुआ तो पुलिस भी दंग रह गई, जिस महिला की हत्या को लेकर 14 माह तक जांच पड़ताल हो रही थी, वो महिला पुलिस को जिंदा मिली है, उसकी मां ने अपनी बेटी को मृत घोषित करके एक बड़ी साजिश रची थी।

छाया की शादी चंदन से हुई थी

रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम डेली में रहने वाले माखन कुशवाहा की 28 वर्षीय बेटी छाया की शादी 7 साल पहले सामूहिक विवाह सम्मेलन दतिया की ठंडी सड़क पर रहने वाले चंदन कुशवाहा से हुई थी। शादी के कुछ सालों तक सब कुछ ठीक चलता रहा। इसी बीच उसके दो बेटे 7 वर्षीय निखिल और 4 वर्षीय जयदेव हो गए।

दोनों बच्चों को लेकर प्रेमी के साथ हो गई थी रफूचक्कर

इसी दौरान छाया के मायके में करैरा निवासी सोबरन साहू नामक व्यक्ति किराए से रहने लगा। वह सब्जी बेचता और पेटिंग का काम करता था। छाया का मायके में आना जाना लगा रहा था, तभी उसकी मुलाकात सोबरन से हो गई। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। जब इसकी जानकारी छाया के पति को हुई तो उसने विरोध किया। इसको लेकर छाया का अपने पति से झगड़ा होने लगा। गुस्से में आकर पति 19 जनवरी 2023 को छाया को उसके मायके छोड़ गया। उसी दिन छाया अपने बच्चों के लेकर लापता हो गई। परिवार वालों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ था हत्या का मुकदमा

मां ने ससुरालियों पर छाया की हत्या का आरोप लगाते हुए कई बार शिकायत की। पुलिस ने मां की शिकायत पर न्यायालय के आदेश पर 13 दिसम्बर 2023 को छाया के पति चंदन कुशवाहा, देवर मनोज व विनोद, सास कलावती और युवक सोबरन साहू के खिलाफ हत्या कर शव को गायब करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके बाद पुलिस लगातार इस मामले की छानबीन कर रही थी।

वीडियो ने खोल दी पोल

इसी दौरान पति चंदन कुशवाहा को छाया के प्रेमी की भनक हो गई। उसने इसके बारे में पुलिस को अवगत कराया। पुलिस की मदद से मध्य प्रदेश के सीहोर में तलाश करनी शुरु कर दी। तभी पुलिस को एक वीडियो मिला जिसमें छाया के बच्चे स्कूल जाते हुए नजर आए, इतना नहीं स्कूल का नाम भी दिख रहा था। जिसके आधार पर पुलिस छाया तक पहुंच गई। छाया सीहोर में चाय-नाश्ते का एक छोटा सा ढाबा चला रही थी। छाया अपने प्रेमी सोबरन के साथ रह रही थी। सोबरन की पहली पत्नी की कोविड के दौरान मौत हो गई थी।

पति के साथ नहीं प्रेमी के साथ रहेगी छाया

पुलिस ने छाया को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। वहां उसके बयान दर्ज कराए गए। रक्सा एसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि छाया को अदालत में पेश किया तो छाया ने बयान दिया कि वह अपने पति के साथ नहीं, प्रेमी के साथ रहेगी। इस आधार पर छाया को उसके प्रेमी के सुपुर्द कर दिया। वहीं, छाया ने बताया कि मां को उसके गायब होने की जानकारी नहीं थी। मां समझ रही थी कि उसकी हत्या हो गई है इसलिए मां ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने बताया कि छाया ने मां उसके ससुरालियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में पांच लोगों को नामजद किया गया था। उनका कहना है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में रक्सा पुलिस की टीम ने छाया को सकुशल बरामद कर लिया गया है। वह मध्य प्रदेश के सीहोर में अपने प्रेमी के साथ रह रही थी।


Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story