×

कानपुर: पूर्व प्रधान की गोली मार कर हत्या, चुनावी रंजिश आई सामने

By
Published on: 12 Jun 2017 5:53 AM GMT
कानपुर: पूर्व प्रधान की गोली मार कर हत्या, चुनावी रंजिश आई सामने
X

कानपुर: अस्पताल से बेटी को देख कर लौट रहे पूर्व प्रधान को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। जब ग्रामीणों ने शव देखा, तो इसकी सूचना पुलिस को दी। जेब में मिले कागजात से शव की शिनाख्त सिराजुद्दीन मंसूरी पूर्व प्रधान के रूप में हुई। घटना की सूचना पर फारेंसिक व तीन आलाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सजेती थाना क्षेत्र स्थित बरिपाल गांव यमुना नदी के किनारे बसा है। बरिपाल गांव में रहने वाले सिराजुद्दीन मंसूरी पूर्व प्रधान है। परिवार में पत्नी नूर बानो, तीन बेटों और दो बेटियों के साथ रहते हैं। मृतक की बड़ी बेटी मुस्कान हमीरपुर जिला अस्पताल में डिलीवरी हुई थी। वह बीते शनिवार रात बेटी को खाना देकर गांव वापस लौट रहे थे। उसी दौरान बरिपाल गांव के पास उनकी गोली मार कर हत्या कर दी गई। शव के पास उनकी बाइक मिली है। जब सिराजुद्दीन घर नहीं पहुचे तो उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।

रविवार परिजनों को जब शव मिलने की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक गांव में उनकी ग्राम प्रधानी के चलते कई लोगों से दुश्मनी हो गई थी। लेकिन परिजनों का कहना है कि इसकी जानकारी पुलिस को देंगे कि इस हत्या के पीछे किसका हाथ है?

क्या है मृतक के भतीजे का कहना

सिराजुद्दीन के भतीजे शारुख के मुताबिक उसके चाचा की कई लोगों से दुश्मनी थी। वह अप्पी को खाना देकर लौट रहे थे, तभी रात को उनको घेर कर हत्या की गई है।

क्या है पुलिस का कहना

एस पी ग्रामीण जेबी सिंह ने बताया कि मृतक को तीन से चार गोली मारी गई है। कोई रंजिश का मामला लग रहा है क्योंकी उनकी जेब में लगभग 5 हजार रुपए मिले हैं और गाड़ी भी बगल में खड़ी मिली है। जिससे साफ़ है कि लूट के बाद हत्या नहीं की गई है। फ़िलहाल जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।

Next Story