×

Kasganj News: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटी, 22 लोगों की मौत

Kasganj News: माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गयी।

Ajay Chauhan
Published on: 24 Feb 2024 6:24 AM GMT (Updated on: 24 Feb 2024 2:37 PM GMT)
kasganj news
X

कासगंज में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटी

Kasganj News: जिले के दरियावगंज थाना के पटियाली मार्ग पर ग्राम गढ़ई के निकट शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ। यहां माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गयी। हादसे में बच्चों, महिलाओं समेत 22 से अधिक लोगों की डूबने से मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि मृतक की संख्या बढ़ सकती है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने मृतक परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को तत्काल 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का निर्देश दिया है। वहीं सभी गंभीर रूप से घायलो को 50 हजार रूपये देने के निर्देश दिया गया है। सीएम ने सभी घायलों का तत्काल निःशुल्क उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।


ये भी पढ़े: UP Police Constable Exam: सिपाही भर्ती परीक्षा निरस्त, सीएम योगी बोले 6 माह में होगी दोबारा

मिली जानकारी के अनुसार माघ पूर्णिमा पर्व पर पटियाली के कादरगंज गंगा घाट पर स्नान करने के लिए लगभग 40 श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रॉली से जा रहे थे। तभी दरियावगंज थाना पटियाली मार्ग पर ग्राम गढ़ई के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गयी और सड़क किनारे तालाब में पलट गयी। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गयी।

मौके से गुजर ग्रामीणों ने राहत बचाव कार्य शुरू किया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। तालाब में डूबने से 22 लोगों की मौत की पुष्टि प्रशासन ने की है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु जैथरा थाना क्षेत्र के गांव छोटे कसा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आनन-फानन में राहत बचाव कार्य शुरू करा दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।

सीएमओ ने की 22 लोगों की मौत की पुष्टि

कासगंज में हुए सड़क हादसे पर सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि सात बच्चों और आठ महिलाओं को सीएचसी में मृत घोषित किया गया है। इसके साथ ही पांच और को भी मृत घोषित कर दिया गया। वहीं एंबुलेंस द्वारा कई अन्य घायल जिला अस्पताल लाए गए हैं उनका परीक्षण चल रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। मृतकों में एक ही परिवार के कई लोग शामिल हैं।

राष्ट्रपति ने जताई शोक संवेदना

कासगंज में हुए सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक ट्रैक्टर ट्रॉली के तालाब में गिरने से महिलाओं और बच्चों सहित अनेक लोगों की मृत्यु होना एक हृदय विदारक दुर्घटना है। अपने स्वजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

जनपद कासगंज में हुए ह्दय विदारक सड़क दुर्घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि कासगंज में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित निःशुल्क उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

सपा अध्यक्ष ने की मुआवजे की मांग

कासगंज में हुए सड़क हादसे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शोक जताते हुए सरकार से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि अत्यंत दुःखद! कासगंज में गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रैक्टर ट्रॉली के तालाब में पलटने से बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने ख़बर, बेहद दुखद है। राहत बचाव का कार्य तेज कर लोगों का जीवन बचाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दे सरकार।

कासगंज हादसे में इनकी गई जान-

1 - शकुंतला देवी पत्नी वीरपाल उम्र 70 वर्ष

2 - उसमा पत्नी शिवम उम्र 24 वर्ष

3 - मीरा पत्नी दिग्विजय सिंह चौहान उम्र 65 वर्ष

4 - सपना पत्नी गौरव उम्र 22 वर्ष

5 - पुष्पा पत्नी सत्येंद्र उम्र 45 वर्ष,

6 - शिवम पुत्र मुकेश उम्र 30 वर्ष

7 - देवासी पुत्री शिवम उम्र 6 वर्ष

8 - दीक्षा पुत्री रजनेश उम्र 19 वर्ष

9 - गायत्री पत्नी रजनीश उम्र 52 वर्ष

10 - श्याम लता पत्नी रणवीर उम्र 40 वर्ष

11 - सुनैना पुत्री हरीश उम्र 10 वर्ष

12 - गुड्डी पत्नी खुन्नी लाल 75 वर्ष,

13 - सिद्धू पुत्र गौरव उम्र डेढ़ वर्ष

14 - कुलदीप पुत्र मुकेश उम्र 7 वर्ष

15 - संध्या पुत्री मुकुट उम्र 5 वर्ष

16 - शिवांगी पत्नी राजेश उम्र 25 वर्ष

17 - मीरा पत्नी राजपाल उम्र 55 वर्ष

18 - कार्तिक पुत्र राजेश 4 वर्ष

19 - पायल पुत्री राजेश दो महीने की

20 - लड्डू पुत्र मुकुट 3 वर्ष

21 - अंजलि पत्नी मुकुट 24 वर्ष,

22 - जवित पत्नी संजीव उम्र 25 वर्ष

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story