×

दानिश अली का कांग्रेस में जाना तय, अमरोहा से पार्टी लगा सकती है दांव

UP politics:राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 24 फरवरी को अमरोहा पहुंचने वाली है। दानिश अली ने अपने चुनाव क्षेत्र में यात्रा के स्वागत में कोई कसर बाकी न छोड़ने की बात कही है।

Anshuman Tiwari
Published on: 22 Feb 2024 1:14 PM GMT
UP politics, Lok Sabha Election 2024
X

दानिश अली और राहुल गांधी (Social Media) 

UP politics: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन होने के बाद अमरोहा लोकसभा सीट (Amroha Lok Sabha seat) कांग्रेस के खाते में आई है। ऐसे में अमरोहा सीट से कांग्रेस के भावी प्रत्याशी को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। जानकार सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से अमरोहा सीट पर बसपा सांसद कुंवर दानिश अली (Kunwar Danish Ali) को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।

हालांकि, बसपा से निष्कासित होने के बाद दानिश अली ने अभी तक किसी भी पार्टी का दामन नहीं थामा है। मगर, उनका कांग्रेस में शामिल होना तय माना जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Join Bharat Jodo Nyay Yatra) 24 फरवरी को अमरोहा पहुंचने वाली है। दानिश अली ने अपने चुनाव क्षेत्र में यात्रा के स्वागत में कोई कसर बाकी न छोड़ने की बात कही है।

कांग्रेस से नजदीकी के बाद बसपा से निष्कासित

2019 के लोकसभा चुनाव में सपा,बसपा और रालोद का गठबंधन था और बसपा ने अमरोहा लोकसभा सीट पर कुंवर दानिश अली को चुनावी अखाड़े में उतारा था। दानिश अली ने तत्कालीन सांसद और भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी। दानिश अली की इस जीत में सपा,बसपा और रालोद के गठबंधन को बड़ा कारण माना गया था।

पिछले दिनों कांग्रेस और गांधी परिवार के साथ दानिश अली की नजदीकी काफी चर्चाओं में रही और इसे बसपा मुखिया मायावती ने काफी गंभीरता से लिया था। कांग्रेस के साथ बढ़ती नजदीकी के मद्देनजर उन्होंने दानिश अली को बसपा से निष्कासित कर दिया था। इसके बावजूद दानिश अली ने अभी तक पार्टी और पार्टी मुखिया के खिलाफ खुलकर कोई बयान नहीं दिया है। हालांकि कांग्रेस और गांधी परिवार के साथ उनकी नजदीकी की चर्चाएं लगातार बनी हुई हैं।

अमरोहा से चुनाव लड़ा सकती है कांग्रेस

भारतीय जनता पार्टी के सांसद रमेश बिधूड़ी के अमर्यादित बयान के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी दानिश अली से मुलाकात करने के लिए उनके आवास पर पहुंचे थे। बसपा से निष्कासित किए जाने के बाद उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं थीं मगर दानिश अली ने अभी तक आधिकारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता नहीं ग्रहण की है। बुधवार को सपा और कांग्रेस में गठबंधन के बाद अमरोहा की लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में आने से दानिश अली का नाम एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है।

जानकारों के मुताबिक देश में जल्द होने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान दानिश अली को कांग्रेस के टिकट पर अमरोहा लोकसभा सीट से चुनावी अखाड़े में उतारा जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी दानिश अली के नाम पर अपनी रजामंदी दे दी है। वैसे दानिश अली पूरे मामले पर अभी तक चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने अमरोहा से चुनाव लड़ने के संबंध में अभी तक कोई बयान नहीं दिया है।

अमरोहा में न्याय यात्रा के स्वागत का ऐलान

बसपा से निष्कासित किए जाने के बाद दानिश अली के मुरादाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी सुनी गई थीं मगर दानिश अली ने इन चर्चाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया था। अब मुरादाबाद लोकसभा सीट सपा के खाते में चली गई है। ऐसे में दानिश अली के अमरोहा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार होने की संभावना है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 24 फरवरी को अमरोहा पहुंचने वाली है। दानिश अली ने एक्स पर अपनी पोस्ट में अमरोहा में राहुल की यात्रा का स्वागत करते हुए लिखा कि मेरे क्षेत्र अमरोहा में राहुल गांधी का हार्दिक स्वागत है। अमरोहा की जनता हमेशा देश को जोड़ने वाली शक्तियों के साथ खड़ी रही है और आपकी यात्रा को सफल बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story