×

Lucknow Ka Mausam 21 October 2023: नवाबी शहर की सुबह-रात सर्द, दिन में तेज धूप...तड़के दिखने लगा धुंध

Lucknow Ka Mausam 21 October 2023: लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, आज से पूरे यूपी में धूप के तेवर नरम होंगे। सुबह, शाम और रात में ठंड का एहसास होगा। वहीं, तड़के सैर पर निकलने वालों को धुंध नजर आएगी।

aman
Report aman
Published on: 21 Oct 2023 1:30 AM GMT
lucknow weather update
X

lucknow weather update (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 21 October 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत अन्य जिलों में सुबह और रात में ठंड का एहसास होता नजर आ रहा है। मानसून की वापसी और बारिश के थमने के बाद आसमान से बादल भी गायब हैं। खिली धूप से दोपहर थोड़ा गर्म होता है, लेकिन शाम होते ही हल्की सर्दी महसूस होती है। बदलते मौसम में तेजी से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। ऐसे मौसम में विशेषज्ञ द्वारा बुजुर्गों और बच्चों को खास एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।

मौसम विभाग की मानें तो यूपी के विभिन्न इलाकों में दिन में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है, तो न्यूनतम 18 डिग्री तक गिर गया है। आने वाले दिनों में एक बार फिर आसमान में बादलों का असर दिख सकता है। इस कारण ओस के गिरने पर प्रभाव पड़ेगा। हफ्ते भर बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। फिलहाल, बारिश के कोई आसार नहीं हैं।

लखनऊ में आज कैसा रहेगा हाल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सप्ताहांत पर मौसम साफ रहेगा। सुबह की शुरुआत हल्की ठंड से होने के साथ दिन चढ़ते ही खिली धूप से सामना होगा। दोपहर तक सूर्य की तेज रोशनी लोगों को परेशान करेगी, लेकिन शाम होते ही गुलाबी ठंड शहर को अपनी आगोश में ले लेगी। शनिवार (21 अक्टूबर) को लखनऊ का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 18 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। आज सामान्य दिनों की तुलना में हवा की रफ़्तार कम रहेगी। शहर में 8 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा की हवाएं चलेंगी। दिन और रात में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा।

तड़के दिखने लगा धुंध

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश के अनुसार, '21 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में धूप के तेवर नरम होने लगेंगे। पहले की तुलना में धूप कमजोर होगी। सुबह, शाम और देर रात ठंडक का एहसास होगा। उन्होंने बताया, तड़के सैर के लिए निकलने वालों को हल्की धुंध नजर आ सकती है। इस धुंध को कोहरा भी कह सकते हैं।'

नवंबर, दिसंबर और जनवरी में कैसी पड़ेगी सर्दी?

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने कहा कि, इस साल सर्दी कैसी रहेगी। कोई नया रिकॉर्ड बनेगा या सर्दी सामान्य रहेगा जल्द ही इसकी रिपोर्ट आ जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि, आगामी नवंबर, दिसंबर और जनवरी में सर्दी का आलम क्या रहेगा? फ़िलहाल उन्होंने बताया कि, रविवार तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। किसी प्रकार का कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आ रहा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story