×

Meerut News: 37 वें अन्तर्विश्वविद्यालय सेंट्रल ज़ोन युवा उत्सव 2023-24 का हुआ रंगारंग शुभारंभ, प्रतिभागियों के जुलूस में दिखी उत्साह, उमंग व संस्कृति की अद्वितीय झलक

Meerut News: स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय में भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से आयोजित सेन्ट्रल ज़ोन के 37 वें अन्तर्विश्वविद्यालय युवा उत्सव 2023-24 का रंगारंग शुभारंभ हुआ।

Sushil Kumar
Published on: 30 Jan 2024 5:15 PM GMT
Colorful inauguration of the 37th Interuniversity Central Zone Youth Festival 2023-24
X

37 वें अन्तर्विश्वविद्यालय सेंट्रल ज़ोन युवा उत्सव 2023-24 का हुआ रंगारंग शुभारंभ: Photo- Newstrack

Meerut News: स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय में भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से आयोजित सेन्ट्रल ज़ोन के 37 वें अन्तर्विश्वविद्यालय युवा उत्सव 2023-24 का रंगारंग शुभारंभ हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा नियुक्त सुभारती युवा उत्सव के मुख्य पर्यवेक्षक डॉ. अरुण पाटिल, तकनीकी पर्यवेक्षक दीपक कुमार झा, सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डॉ. जी. के. थपलियाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.शल्या राज, युवा उत्सव की संयोजक डॉ.भावना ग्रोवर ने दीप प्रज्वलित कर किया।

भारतीय विश्वविद्यालय संघ के सभी पदाधिकारियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया।

जनरल मोहन सिंह ग्राउंड में प्रतिभागियों के सांस्कृतिक जुलूस के साथ युवा उत्सव का भव्य आगाज़ हुआ। कुलपति मेजर जनरल डॉ.जी.के.थपलियाल ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। देश की समृद्ध संस्कृति की झलकियों से भरा यह अनोखा जुलूस दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सांस्कृतिक जुलूस में झूमते, नृत्य करते युवा कलाकारों के ढोल नगाड़ों की ध्वनि से पूरा सुभारती परिसर गुंजायमान हो उठा।

भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा नियुक्त सुभारती युवा उत्सव के मुख्य पर्यवेक्षक डॉ. अरुण पाटिल ने कहा कि मेरठ की क्रान्तिधरा हमेशा से देश के लिये गौरव का केन्द्र रही है। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव के आयोजक के रूप में सुभारती विश्वविद्यालय पूरी तत्परता से सभी प्रतिभागियों का उत्साह वर्धन कर रहा है, इसके लिये विश्वविद्यालय प्रबंधन बधाई का पात्र है। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले सभी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डॉ.जी.के.थपलियाल ने भारतीय विश्वविद्यालय संघ के सभी पदाधिकारियों सहित देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय के लिये बड़ी उपलब्धि की बात है कि भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से सेन्ट्रल ज़ोन के 37 वें अन्तर्विश्वविद्यालय युवा महोत्सव 2023-24 का आयोजक स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी से लेकर 03 फरवरी तक पूरे पाँच दिन चलने वाले युवा महोत्सव में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के लगभग एक हज़ार से अधिक छात्र-छात्राएँ प्रतिभाग कर रहे है।


सुभारती विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.शल्या राज ने कहा कि भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से आयोजित सेन्ट्रल ज़ोन के 37 वें अन्तर्विश्वविद्यालय युवा उत्सव भारतीय संस्कारों का संगम है और सुभारती विश्वविद्यालय आयोजक के रूप में भारतीय संस्कृति के विभिन्न रंगों को एक मंच पर लाकर देश के गौरवपूर्ण इतिहास की झलक बिखेर रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं देते हुए अपनी योग्यता से देश का नाम रोशन करने की अपील की।

सुभारती परफार्मिंग आर्ट विभागाध्यक्षा एवं युवा महोत्सव की संयोजक डॉ.भावना ग्रोवर ने बताया युवा महोत्सव में नृत्य, संगीत, साहित्य, रंगमंच, एवं ललित कला जैसे क्षेत्रों से जुड़ी कुल 28 प्रतियोगिताएँ आयोजित की जायेंगी। प्रथम दिन 22 विश्वविद्यालय के विद्यार्थी सुभारती विश्वविद्यालय पहुंच चुके है।

मांगल्या प्रेक्षागृह में सुभारती गान की प्रस्तुती के साथ 1857 की क्रान्ति से लेकर देश की आजादी में अपनी शहादत देने वाले महापुरूषों व वीरों के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका दास्ताँ-ए-हिन्द पर सुभारती विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुती दी।

इस अवसर पर अतिथियों द्वारा सुभारती युवा उत्सव के न्यूज़लेटर और चैंपियनशिप ट्रॉफी का भी अनावरण किया गया। युवा उत्सव की संयोजक डॉ. भावना ग्रोवर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। वन्दे मातरम की मनोरम प्रस्तुति के साथ उद्घाटन समारोह की समाप्ति हुई। मंच का संचालन डॉ सीमा शर्मा व डॉ निशा सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रतिकुलपति डॉ.अभय शंकरगौड़ा, कुलसचिव ग्रुप कैप्टन एम याकूब, सह संयोजक डॉ.रीना विश्नोई, सह संयोजक डॉ. पिंटू मिश्रा, छात्र कल्याण अधिकारी डॉ.प्रदीप राघव सहित युवा उत्सव आयोजन समिति के सभी सदस्यों का सहयोग रहा। साथ ही विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारी एवं शिक्षकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story