×

Aligarh News: कैंपस में सभी कुत्ते पकड़ने पर सांसद मेनका गांधी ने एएमयू व डीएम को फोन कर जताई नाराजगी

Aligarh News: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कैंपस में कुत्ते पकड़ने का धरपकड़ अभियान चल रहा है। इसका संज्ञान भाजपा सांसद मेनका गांधी ने लेते हुए एएमयू अधिकारियों व डीएम से फोन पर बात कर नाराजगी जताई है।

Laxman Singh Raghav
Published on: 19 April 2023 4:44 PM GMT (Updated on: 19 April 2023 4:46 PM GMT)

Aligarh News: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में रिटायर डॉक्टर की कुत्तों के काटने से हुई मौत के बाद कैंपस में कुत्ते पकड़ने का धरपकड़ अभियान चल रहा है। इसका संज्ञान भाजपा सांसद मेनका गांधी ने लेते हुए एएमयू अधिकारियों व डीएम से फोन पर बात कर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कैंपस में सभी कुत्तों को पकड़ना गलत है। कुत्तों की बेहतर समझ और उनके सिक्योरिटी का ध्यान रखना जरूरी है। मेनका गांधी के बातचीत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है।

कुत्तों के झुंड के हमले में हुई थी रिटायर्ड डॉक्टर की मौत

मेडिकल रोड के रहने वाले यूनिसेफ के रिटायर डॉक्टर सफदर अली पर बीते रविवार सुबह टहलने के दौरान सर सैयद हाउस के ग्राउंड में कुत्तों ने हमला कर दिया था। जिसमें उनकी मौत हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई। जिससे कैंपस के अंदर कुत्तों को लेकर भय का माहौल बन गया। इसको लेकर छात्रों ने भी विरोध प्रदर्शन किया था। हालांकि नगर निगम का कहना था कि एएमयू कैंपस की सिक्योरिटी उनकी अपनी होती है। लेकिन बाद में दबाव के चलते नगर निगम ने कुत्ते पकड़ने का अभियान शुरू किया। नगर निगम की तीन टीमों को विश्वविद्यालय में भेजा गया है। जिसमें अब तक 14 कुत्ते पकड़े गए हैं। मंगलवार को भी कुत्ते पकड़ने का अभियान जारी रहा।

कुत्तों के फीडिंग पॉइंट बनवाने की मांग

कुत्तों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान को लेकर सुल्तानपुर की सांसद मेनका गांधी ने फोन पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी से भी बातचीत की। उन्होंने एएमयू कैंपस में सभी कुत्तों को पकड़ने की निंदा की। कहा कि जो कुत्ते जंगली या आवारा हो चुके हैं, उन्हें ही पकड़ा जाए। कमजोर और नॉर्मल कुत्तों के लिए फीडिंग पॉइंट बनाया जाए। जहां उन्हें खाना मिल सके।

जरूरी है कुत्तों के लिए नसबंदी अभियान

जीव दया फाउंडेशन की आशा सिसोदिया ने बताया कि कुत्तों की नसबंदी और आइसोलेशन वार्ड पर ध्यान दिया जाए तो कुत्तों की क्रूरता अपने आप खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम नसबंदी के कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर करें। जीव दया फाउंडेशन ने एएमयू कैंपस में डॉक्टर की मौत की घटना पर अफसोस जताया है। उन्होंने आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनकी नसबंदी कराने और रैबीज के इंजेक्शन लगवाने की मांग की है।

ये कहना है नगर आयुक्त का

एएमयू में घटना को लेकर नगर आयुक्त अमित आसेरी ने कहा कि ऐसे एरिया को आईडेंटिफाई किया गया है, जहां कुत्तों की संख्या ज्यादा है। उन्होंने बताया कि कुत्तों के बर्थ कंट्रोल रेट पर दोबारा फिर से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आचार संहिता की वजह से जो चीजें नहीं हो सकती हैं। उस पर परमिशन लेकर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ एनजीओ के साथ मिलकर भी कुत्तों से बचाव को लेकर काम कर रहे हैं। अलीगढ़ में सड़क पर घूमने वाले आवार कुत्तों की कितनी संख्या है, इसका डाटा संकलन अब नगर निगम कर रहा है।

Laxman Singh Raghav

Laxman Singh Raghav

Next Story