×

Vivek Bindra Controversy: नए विवाद में घिरे मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा, पत्नी से मारपीट करने का आरोप, केस दर्ज

Vivek Bindra Controversy: विवेक बिंद्रा पर अपनी पत्नी से मारपीट करने का आरोप लगा है। बिंद्रा के साले ने उनके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

Krishna Chaudhary
Published on: 23 Dec 2023 4:05 AM GMT (Updated on: 23 Dec 2023 7:35 AM GMT)
Motivational speaker Vivek Bindra
X

 Motivational speaker Vivek Bindra   (photo: social media )

Vivek Bindra Controversy: चर्चित मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा एक के बाद एक विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। एक अन्य जाने-माने मोटिवेशनल स्पीकर संदीप माहेश्वरी के साथ जारी उनकी लड़ाई अभी खत्म भी नहीं हुई कि एक नए विवाद ने जन्म ले लिया है। ताजा मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा है। विवेक बिंद्रा पर अपनी पत्नी से मारपीट करने का आरोप लगा है। बिंद्रा के साले ने उनके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

विवेक बिंद्रा ने यानिका नामक महिला से 6 दिसंबर 2023 को नोएडा के ललित मानगर होटल में शादी की थी। शादी के महज 8 दिन बाद 14 दिसंबर को उनके साले वैभव क्वात्रा ने नोएडा सेक्टर 126 क्षेत्र के थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। विवेक बिंद्रा नोएडा में सुपरनोवा वेस्ट रेसीडेंसी 4209 प्लेट सेक्टर 94 में रहते हैं। फिलहाल उनकी ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

विवेक बिंद्रा पर क्या है आरोप ?

विवेक बिंद्र के साले वैभव क्वात्रा ने जो पुलिस को लिखित शिकायत दी है, उसके मुताबिक घटना सात दिसंबर की है यानी शादी के अलगे दिन की। विवेक बिंद्रा सुबह में अपनी मां प्रभा से किसी बात को लेकर बहस कर रहे थे। इस बात को लेकर मेरी बहन यानिका ने बीच बचाव किया तो जीजा विवेक ने मेरी बहन को कमरे में बंद कर गाली-गलौज की। इसके बाद उसे बुरी तरह से पीटा। उसकी बहन को इतनी चोट लगी है कि उसे सुनाई देना तक बंद हो गया है।

मारपीट के दौरान विवेक ने यानिका के बाल भी जोर-जोर से खींचे। सिर पर चोट लगने के बाद उसे चक्कर आने लगे। उसके पूरे शरीर पर जख्म के निशान हैं। यानिका को गंभीर हालत में दिल्ली के कड़कड़डुमा स्थित कैलाश अस्पताल में एडमिट कराया गया है। विवेक ने यानिका का मोबाइल तक तोड़ डाला। वैभव क्वात्रा ने विवेक बिंद्रा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बिंद्रा का पत्नी से मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। एक अन्य वीडियो में यानिका जख्मी हालत में अस्पताल में दिख रही हैं।

बता दें कि इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर विवेद बिंद्रा खुद को बिजनेस गुरू बताते हैं। उनका दावा है कि वो दुनिया की सबसे बड़े एडटेक कंपनी चला रहे हैं। उनके यूट्यूब पर 21.4 मिलियन फॉलोवर और इंस्टाग्राम पर 3.9 मिलियन फॉलोवर हैं। बिंद्रा इससे पहले भी कई बार बड़े विवादों में घिर चुके हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story