×

शहीद के घर पहुंचे ओम पुरी, नितिन के घरवालों ने माफ कर बनाया परिवार का सदस्य

By
Published on: 18 Oct 2016 8:33 PM GMT
शहीद के घर पहुंचे ओम पुरी, नितिन के घरवालों ने माफ कर बनाया परिवार का सदस्य
X

इटावाः बीएसएफ के शहीद जवान नितिन यादव के घर मंगलवार को एक्टर ओम पुरी पहुंचे। उन्होंने नितिन के घरवालों से माफी मांगी। ओम पुरी ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि वह यहां प्रायश्चित करने आए हैं। उन्होंने कहा कि किसी और देश में शहीद के खिलाफ बयान दिया होता, तो हाथ-पैर काट डाले गए होते। जवान के घरवालों ने एक्टर को माफ कर उन्हें परिवार का सदस्य बना लिया।

क्यों मांगी ओम पुरी ने माफी?

नितिन यादव बीते दो अक्टूबर को एलओसी पर पाकिस्तानी फायरिंग में शहीद हो गए थे। इसके बाद एक टीवी चैनल पर चर्चा के दौरान ओम पुरी ने कहा था कि जवान को किसने कहा था कि फौज में भर्ती होकर गोली खाने के लिए। उनके इस बयान के खिलाफ पूरे देश में लोगों ने नाराजगी जताई थी। जिसके बाद ओम पुरी ने नितिन के घर जाकर माफी मांगने की बात कही थी।

ओम पुरी ने कैसे मांगी माफी?

मंगलवार को ओम पुरी का जन्मदिन था। वह इस मौके पर नितिन के घर पहुंचे। एक्टर ने शहीद के पिता को गले लगाया और नितिन की तस्वीर पर फूल चढ़ाए। ओम पुरी इस दौरान रोते भी दिखे। नितिन के पिता से ओम पुरी ने कहा कि मैंने बहस के दौरान शहीद का अपमान किया, वो मेरी गलती थी। उस दिन से दिल विचलित था। अगर किसी और वतन में मैं होता, तो मेरे हाथ और सिर कटवा दिए गए होते।

Next Story