×

UP Election 2022: बीजेपी का बड़ा चुनावी दांव, करहल से अखिलेश के खिलाफ केंद्रीय मंत्री SP सिंह को दिया टिकट

UP Election 2022: अखिलेश यादव के खिलाफ भाजपा ने बड़ा चुनावी दांव खेलते हुए केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल (SP Singh Baghel) को करहल विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। बघेल ने मैनपुरी कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करा दिया है।

Shreya
Published By Shreya
Published on: 31 Jan 2022 9:53 AM GMT (Updated on: 31 Jan 2022 10:37 AM GMT)
UP Election 2022: बीजेपी का बड़ा चुनावी दांव, करनाल से अखिलेश के खिलाफ केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह को दिया टिकट
X

नामांकन दाखिल करते हुए केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Vidhan Sabha Chunav) का आगाज होने में अब बस कुछ ही दिन का समय रह गया है। ऐसे में प्रदेश की सभी सियासी दल अपना-अपना समीकरण ठीक करने में लगे हुए हैं और उन उम्मीदवारों पर सियासी दल दांव खेलना चाहते हैं जिनके मैदान में उतरने पर रिस्क कम हो। इसी सिलसिले में आज भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल (SP Singh Baghel) को भी उतार दिया है।

भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल (SP Baghel) को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के खिलाफ करहल विधानसभा सीट (Karhal assembly seat) से अपना उम्मीदवार बनाया है। जिसके लिए केंद्रीय मंत्री ने आज मैनपुरी के कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया है। बता दें कि एसपी बघेल इससे पहले भी अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने 2009 में अखिलेश यादव के खिलाफ फिरोजाबाद से चुनाव लड़ा था। इसके अलावा एसपी बघेल ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव (Dimple Yadav) के खिलाफ भी फिरोजाबाद से एक बार चुनाव लड़ा था।

अखिलेश को टक्कर देंगे एसपी सिंह

करहल विधानसभा सीट से अखिलेश यादव के खिलाफ किस उम्मीदवार को उतारा जाए यह सोचने में भारतीय जनता पार्टी ने काफी ज्यादा चिंतन किया। जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने यह फैसला लिया कि करहल विधानसभा सीट से केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल को समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा जाएगा इसके लिए यूपी बीजेपी (BJP) के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने रविवार को नामांकन पत्र भरवाने का प्रक्रिया पूरा करवाया था।

अखिलेश ने भी किया नामांकन

मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आज नामांकन किया है। बता दें यह पहला मौका होगा जब अखिलेश यादव किसी विधानसभा चुनाव में खुद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे होंगे। अगर करहल विधानसभा सीट के राजनीतिक इतिहास को देखें तो 1993 के विधानसभा चुनाव के बाद से ही इस सीट पर ज्यादातर समाजवादी पार्टी का दबदबा रहा है। लेकिन 2002 के दौर में जब भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड लहर थी तब इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी को जीत हासिल हुई थी।

चुनाव शेड्यूल

इस बार का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण के लिए मतदान 10 फरवरी को होगा, वहीं आखिरी चरण के लिए मतदाता अपने मतों का प्रयोग 7 मार्च को करेंगे। चुनाव परिणाम उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा के विधानसभा चुनाव परिणामों के साथ 10 मार्च को घोषित होंगे।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story