×

UP MLA Oath: योगी आदित्यनाथ समेत नवनिर्वाचित विधायक आज लेंगे शपथ

UP MLAs Oath: सबसे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधायक के तौर पर शपथ लेंगे जिसके बाद एक-एक कर सभी विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी।

Shreedhar Agnihotri
Written By Shreedhar AgnihotriPublished By Monika
Published on: 28 March 2022 3:45 AM GMT (Updated on: 28 March 2022 5:54 AM GMT)
CM Yogi Adityanath
X

सीएम योगी आदित्यनाथ (फोटो : सोशल मीडिया )

UP MLAs oath: उत्तर प्रदेश की नवगठित 18वीं विधानसभा के नव निर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण (UP MLAs oath) कार्यक्रम आज से शुरू हो रहा है। इन सभी विधायकों को आज सुबह 11 बजे शपथ दिलाई जाएगी। सबसे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) विधायक के तौर पर शपथ लेंगे जिसके बाद एक-एक कर सभी विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी।

इसके बाद नेता सदन और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में नवनिर्वाचित प्रोटेम स्पीकर रमापति शास्त्री विधान सभा के सभा मंडप में सभी को शपथ दिलाएंगे। प्रोटेम स्पीकर की सहायता के लिए वरिष्ठ विधायक सुरेश कुमार खन्ना, जय प्रताप सिंह, रामपाल वर्मा और माता प्रसाद पांडेय नियुक्त किये गए हैं।

इन विधायकों को चार चार के ग्रुप में शपथ दिलाई जाएगी। यह कार्यक्रम दो दिन चलेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मीडिया से भी बात करेंगे। यूपी के नए विधायकों के शपथग्रहण से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा में उपस्थिति होंगे।

नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अखिलेश यादव लेंगे शपथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को परंपरा के अनुसार शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अखिलेश यादव शपथ लेंगे। फिर शपथ लेने से छूटे नामित सदस्य फतेह बहादुर सिंह शपथ लेंगे। तत्पश्चात मंत्रिपरिषद के वे सदस्य शपथग्रहण करेंगे जो विधान सभा के सदस्य चुने गए हैं। इसके बाद सदन की महिला सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। फिर निर्वाचन क्षेत्रवार सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। वहीं दूसरी तरफ यूपी विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव का कल मंगलवार यानी 29 मार्च को किया जाएगा।

विधानसभा सचिवालय ने विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव को लेकर कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप कुमार दुबे ने बताया है कि अध्यक्ष का चुनाव 29 मार्च को दोपहर 3 बजे विधानसभा मंडप में होगा। इसमें नवगठित विधानसभा का कोई भी सदस्य 28 मार्च दोपहर 2 बजे से पहले नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है। भाजपा से कई बार के विधायक रहे सतीश महाना का विधानसभा अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। 18वीं विधान सभा में सत्ताधारी भाजपा के 255, समाजवादी पार्टी (एसपी) के 111, अपना दल (एस) के 12, राष्ट्रीय लोक दल के आठ, निषाद पार्टी व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के छह-छह, कांग्रेस के दो, बसपा के एक, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के दो सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story