×

Uttar Pradesh : यूपी सरकार, यूपी दिवस पर वैज्ञानिक डॉ. ऋतु और उद्यमी नवीन को यूपी गौरव से करेगी सम्मानित, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने की बैठक , कई कमेटियाँ गठित

Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान के लिए समिति ने डॉ. ऋतु करीधल श्रीवास्तव का चयन किया है। जिन्होंने चंद्रयान मिशन में निदेशक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही कानपुर के उद्यमी नवीन तिवारी का चयन किया गया है, जो फॉर्ब्स और फॉर्च्यून जैसी प्रमुख पत्रिकाओं के कवर पर नियमित रूप से छाए रहते हैं।

Aakanksha Dixit
Written By Aakanksha Dixit
Published on: 23 Jan 2024 1:19 PM GMT (Updated on: 23 Jan 2024 2:25 PM GMT)
Uttar Pradesh
X

 डॉ. ऋतु करीधल,  नवीन तिवारी   source : social media 

Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश सरकार यूपी दिवस के अवसर पर विश्व स्तर पर राज्य के नाम को रौशन करने वाले दो महत्वपूर्ण व्यक्तियों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित करेगी। उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान के लिए समिति ने डॉ. ऋतु करीधल श्रीवास्तव और नवीन तिवारी का चयन किया है।ऋतु ने चंद्रयान मिशन में निदेशक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही कानपुर के उद्यमी नवीन तिवारी का चयन फॉर्ब्स और फॉर्च्यून जैसी प्रमुख पत्रिकाओं के कवर पर नियमित रूप से छाए रहते के चलते हुआ है।मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में हई बैठक में उत्तर प्रदेश दिवस 2024 के आयोजन पर चर्चा की गयी। बताया गया कि उत्तर प्रदेश दिवस 24 से 26 जनवरी, 2024 के बीच हर जनपद में मनाया जायेगा। इस दौरान ज़िलों के हिसाब से अलग अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जाने हैं। उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य कार्यक्रम लखनऊ, नोएडा और नई दिल्ली में आयोजित किये जायेंगे।

डॉ. ऋतु करीधल जिन्होंने मिशन मंगलयान के विकास में निभायी अहम भूमिका

राज्य सरकार के द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान के लिए चयनित वैज्ञानिक डॉ. ऋतु करीधल श्रीवास्तव लखनऊ की निवासी हैं। उन्होंने भारत के मार्स ऑर्बिटर मिशन, मंगलयान के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं। वह इस मिशन की उप संचालन निदेशक भी थीं। मंगलयान इसरो की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है । उसने भारत को मंगल ग्रह पर पहुंचने वाला दुनिया का चौथा देश बना दिया है। जिससे अंतरिक्ष अन्वेषण में महत्वपूर्ण योगदान मिला।

डॉ. ऋतु करीधल ने अपनी बीएससी की डिग्री भौतिकी में लखनऊ विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय में शोध छात्रा के रूप में छह महीने तक काम किया। उन्हें 2019 के वार्षिक दीक्षांत समारोह के दौरान लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा डीएससी की मानद उपाधि (मानद डॉक्टरेट) से सम्मानित भी किया गया था। उन्होंने एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री के लिए आईआईएससी, बैंगलोर में भी अध्ययन किया। डॉ. ऋतु करीधल 1997 से इसरो में काम कर रही हैं।

इनमोबी ग्रुप के संस्थापक और सीईओ हैं नवीन तिवारी

नवीन तिवारी,कानपुर से हैं, नियमित रूप से फोर्ब्स और फॉर्च्यून जैसी पत्रिकाओं के कवर पर छाए रहते हैं, उत्तर प्रदेश और भारत को विश्वभर में गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर (आईआईटी) से स्नातक की डिग्री और हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है, जहां उन्हें उनके असाधारण नेतृत्व और योगदान के लिए डीन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। 2013 में, उनके अल्मा मेटर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर ने भी उन्हें उद्यमिता में उत्कृष्टता के लिए 'प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार' से सम्मानित किया।

नवीन तिवारी ने दो यूनिकॉर्न कंपनियाँ स्थापित की हैं और भारत को इस क्षेत्र में पहला यूनिकॉर्न दिलाया है। उनके नेतृत्व में विश्व के सबसे बड़े स्वतंत्र मोबाइल एडटेक प्लेटफॉर्म की स्थापना हुई है, जो उत्तर प्रदेश और भारत के स्थानीय व्यापारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों से जोड़ता है। उनका लॉक स्क्रीन सॉफ़्टवेयर वैश्विक स्तर पर 40 करोड़ से अधिक स्मार्टफोन पर उपयोग हो रहा है। नवीन ने भारत को विश्व मंच पर प्रस्तुत किया है और उनकी कंपनियाँ 26 देशों में हैं। साथ ही, उन्होंने 3,000 लोगों को सीधे रूप से और हजारों लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्रदान किया है।


मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने की बैठक source : social media


क्या है उत्तर प्रदेश दिवस का थीम

इस वर्ष के उत्तर प्रदेश दिवस का थीम 'उत्तर प्रदेश: समृद्ध सांस्कृतिक विरासत' रखा गया है। थीम के अनुरूप सभी कार्यक्रमों में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की जाएगी। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है और किसी भी प्रकार की कमी न हो इस बात के भी निर्देश दिए हैं। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, डिजिटल उत्तर प्रदेश, साइबर सुरक्षा व उन्नत प्राकृतिक कृषि विषयों पर प्रदर्शनियाँ आयोजित की जाएँगी। संबंधित विभाग विभिन्न योजनाओं के सफल लाभार्थियों, जनपदों की विशिष्ट प्रतिभाओं की सक्सेज स्टोरीज़ को भी फोटो, फिल्म्स, ब्रोशर के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे।

चित्रकला व हस्तकला का भी प्रदर्शन

इन कार्क्रमों के अलावा, कार्यक्रम स्थल पर संग्रहालय निदेशालय एवं पुरातत्व विभाग को उत्तर प्रदेश की विरासत से सम्बन्धित अभिलेख प्रदर्शनी, राजकीय अभिलेखागार को उत्तर प्रदेश का इतिहास, ललित कला अकादमी को उत्तर प्रदेश की विरासत पर आधारित चित्रकला शिविर एवं प्रदर्शनी, सूचना विभाग को उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगवाने के निर्देश दिये। सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अपने-अपने विभाग में संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। हस्त शिल्प उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय हस्त शिल्प एवं ग्रामोद्योग मेला संबंधित विभागों के माध्यम से इस प्रदर्शनी को आकर्षित रूप प्रदान किया जायेगा। इसके अलावा उन्होंने नवीन टेक्नोलॉजी एवं एआई , अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत एवं रामायण परम्परा, मिशन शक्ति, रक्षा सम्बन्धी उपकरणों, प्रदेश में टूरिज्म की संभावना, आधुनिक कृषि एवं जैविक उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी लगवाने के भी निर्देश दिये।

खिलाड़ियों का होगा सम्मान

मुख्य सचिव ने कहा कि विभागों के प्रमुख कार्यों और उपलब्धियों को भी कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित किया जाए। कार्यक्रम का सोशल मीडिया और अन्य विभिन्न प्रचार-प्रसार माध्यमों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। कार्यक्रम में एक जनपद एक उत्पादक के तहत प्रदर्शनी, औद्योगिक प्रशिक्षित लाभार्थियों के लिए उपकरण किट का वितरण और ओडीओपी और विश्वकर्मा योजना के तहत प्रशिक्षण कराया जाए। इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा नवीन कृषि तकनीक पर आधारित विशेष सत्र का आयोजन किया जाए। खेल विभाग द्वारा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नाम रौशन करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जाए। युवा कल्याण विभाग द्वारा विवेकानन्द पुरस्कार और अन्य पुरस्कारों का वितरण किया जाए। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के साथ छात्रवृत्ति और पुरस्कारों का वितरण और जनजातीय उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जाए।

फोटो प्रदर्शनी का भी आयोजन

बैठक में उन्होंने उद्योग विभाग से सूक्ष्म उद्यमियों का चयन करके उन्हें सम्मानित करने की भी बात भी कही। पर्यटन विभाग से बुंदेलखंड पर्यटन विकास पर सेमिनार आयोजित करने और दीपोत्सव, देव दीपावली और उत्तर प्रदेश पर्यटन के विकास पर फिल्म और फोटो प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफल स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और ग्राम पंचायतों के प्रमुखों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाए। माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग से निर्देश दिया गया कि उत्तर प्रदेश की संस्कृति और विकास पर आधारित सेमिनार और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाए। इस बैठक में उपस्थित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अन्य जनपदों के अधिकारियों के साथ बातचीत कर कार्यक्रम को आगे बढ़ने के लिए कहा गया।

Aakanksha Dixit

Aakanksha Dixit

Content Writer

नमस्कार मेरा नाम आकांक्षा दीक्षित है। मैं हिंदी कंटेंट राइटर हूं। लेखन की इस दुनिया में मैने वर्ष २०२० में कदम रखा था। लेखन के साथ मैं कविताएं भी लिखती हूं।

Next Story