×

Virat- Anushka Video: आखिर कौन हैं प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज, जिनके सामने नतमस्तक हुआ स्टार कपल

Virat- Anushka Video: विराट कोहली के महाराज से आशीर्वाद हासिल करने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आखिर प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज कौन है जिनके यहां पहुंचकर विराट और अनुष्का ने आशीर्वाद हासिल किया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 6 Jan 2023 1:59 PM GMT
X

Virat and Anushka with premanand govind sharan ji maharaj (Image: Social Media)

Virat- Anushka Video: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली इन दिनों में क्रिकेट के मैदान से दूर हैं। श्रीलंका के खिलाफ वनडे टीम में विराट कोहली को शामिल किया गया है और वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले विराट कोहली ने अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा व बिटिया वामिका के साथ वृंदावन की आध्यात्मिक यात्रा की। इस दौरान विराट और अनुष्का ने रमन रेती मार्ग स्थित केली कुंज में श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज के यहां पहुंचकर उनका आशीर्वाद भी हासिल किया।

विराट कोहली के महाराज से आशीर्वाद हासिल करने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आखिर प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज कौन है जिनके यहां पहुंचकर विराट और अनुष्का ने आशीर्वाद हासिल किया है।

विराट ने अनुष्का के साथ लिया आशीर्वाद

विराट कोहली की वृंदावन यात्रा को काफी गोपनीय रखा गया था क्योंकि इसकी जानकारी होने पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ने की आशंका थी। विराट और अनुष्का की वृंदावन यात्रा के फोटोज और वीडियोज अब सामने आए हैं। केली कुंज के वीडियो में विराट और अनुष्का अपनी बेटी वामिका के साथ प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज के सामने जमीन पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में पहले सेवादार महाराज जी को बताता है कि यह भारतीय टीम के कप्तान रहे हैं और यह फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेत्री हैं। सेवादार कहता है कि आपसे मिलने आए हैं और आपके सत्संग सुनते हैं।

इसके बाद प्रेमानंद महाराज कहते हैं कि श्रीजी की माला इनको और चुनरी सखी को पहना दीजिए। प्रेमानंद महाराज के दर्शन के दौरान विराट कोहली और अनुष्का हाथ जोड़े और सिर झुकाए हुए नजर आ रहे हैं। सेवादार की ओर से वामिका को भी माला पहनाई जाती है। इसके बाद सेवादार की ओर से कहा जाता है कि अब आप जाइए और भी लोग मिलने वाले हैं। इस पर विराट और अनुष्का माथा टेकने के बाद बाहर निकल जाते हैं। इससे पहले विराट और अनुष्का ने कैंचीधाम आश्रम का भी दौरा किया था।

मूल रूप से कानपुर के हैं प्रेमानंद महाराज

विराट और अनुष्का के इस दौरे के बाद अब हर किसी के मन में प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज के बारे में जानने की उत्सुकुता जाग उठी है। प्रेमानंद महाराज का जन्म कानपुर के सरसौल ब्लॉक के अखरी गांव में हुआ था। उनका बचपन का नाम अनिरुद्ध कुमार पांडे था। उनके दादा भी संन्यासी थे और उनके घर का वातावरण वातावरण भक्तिपूर्ण, अत्यंत शुद्ध और निर्मल था। उनके पिता का नाम शंभू पांडे और माता का नाम रमा देवी था।

उनके माता और पिता दोनों नियमित रूप से संत सेवा में लगे रहते थे। उनके बड़े भाई भी गीता के श्लोक पढ़कर परिवार को सुनाया करते थे। घर के इस माहौल का प्रेमानंद जी महाराज पर काफी असर पड़ा और उन्होंने बचपन से ही भक्ति और अध्यात्म से जुड़ी हुई पुस्तकें और ग्रंथ पढ़ने शुरू कर दिए थे। उनके घर के वातावरण ने उनके भीतर छिपी आध्यात्मिक चिंगारी को और तीव्र कर दिया।

13 साल की उम्र में छोड़ दिया घर

कक्षा 9 में पढ़ाई के दौरान उन्होंने दृढ़ता से भगवान की ओर जाने वाले मार्ग की खोज करते हुए आध्यात्मिक जीवन जीने का फैसला किया। वे इस नेक मकसद के लिए अपने परिवार को छोड़ने के लिए तैयार थे। उन्होंने अपनी मां को इस फैसले के बारे में जानकारी दी। तेरह साल की छोटी उम्र में मानव जीवन के पीछे छिपी सच्चाई का खुलासा करने के लिए उन्होंने घर छोड़ दिया और बाहर निकल पड़े।

इसके बाद उनके ब्रह्मचर्य जीवन की शुरुआत हुई। उनका नाम आनंदस्वरुप ब्रह्मचारी रखा गया और बाद में उन्होंने स॔न्यास स्वीकार कर लिया। महावाक्य स्वीकार करने पर उन्हें स्वामी आनंदाश्रम नाम दिया गया। इसके बाद उनका अधिकांश जीवन गंगा नदी के किनारे के इलाकों में ही बीता।

इस तरह वृंदावन पहुंचे वृंदावन

वे भूख, कपड़े या मौसम की परवाह किए बिना वाराणसी के अस्सी घाट और हरिद्वार के गंगा घाटों पर घूमते थे। भीषण ठंड के दिनों में भी उन्होंने तीन बार गंगा स्नान करने की अपनी दिनचर्या को कभी नहीं बदला। वे कई-कई दिनों तक बिना भोजन के उपवास भी किया करते थे। प्रचंड ठंड में भी उन्होंने गंगा में तीन बार स्नान करने की अपनी दिनचर्या को कभी नहीं रोका। बाद के दिनों में एक शिष्य की मदद से मथुरा जाने वाली ट्रेन में सवार हुए गोविंद शरण महाराज बिना किसी परिचय के वृंदावन पहुंच गए।

भक्तों का जीवन सुधारने की कोशिश

वृंदावन पहुंच कर उन्होंने दीक्षा के लिए मोहित मल गोस्वामी से संपर्क साधा। महाराज जी को शरनागत मंत्र (परिष्कृत मंत्र) के साथ राधावल्लभ सम्प्रदाय में दीक्षा दी गई। मौजूदा समय में प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज वृंदावन में सत्संग के जरिए भक्तों का जीवन सुधारने की कोशिश में जुटे हुए हैं। उनका आशीर्वाद पाने के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है। अब टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी पत्नी अनुष्का के साथ महाराज के यहां पहुंचकर उनका आशीर्वाद हासिल किया है।

Rakesh Mishra

Rakesh Mishra

Next Story