×

Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने 'मन की बात' में चंद्रयान-3 मिशन की तारीफ की, बोले- अभी तो सूरज उगा है

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार (27 अगस्त) को अपने मन की बात कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया।

Jugul Kishor
Published on: 27 Aug 2023 1:56 AM GMT (Updated on: 27 Aug 2023 6:25 AM GMT)

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार (27 अगस्त) को अपने मन की बात कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। मन की बात कार्यक्रम का यह 104 वां एपिसोड है। पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन की तारीफ करते हुए कहा कि जितनी बात की जाए उतनी कम है। पीएम मोदी ने संबोधन के दौरान चंद्रयान मिशन की सफलता को लेकर देशवासियों को बधाई दी और इस मिशन में महिला वैज्ञानिकों के योगदान की भी सराहना की। चंद्रयान मिशन की सफलता पर एक कविता भी सुनाई।

हमारी संस्कृति से जुड़ने की, हमारी परम्परा का बहुत बड़ा सशक्त माध्यम होती है हमारी मातृभाषा। जब हम अपनी मातृभाषा से जुड़ते हैं, तो हम सहज रूप से अपनी संस्कृति से जुड़ जाते हैं। अपने संस्कारों से जुड़ जाते हैं, अपनी परंपरा से जुड़ जाते हैं, अपने चिर पुरातन भव्य वैभव से जुड़ जाते हैं। ऐसे ही भारत की एक और मातृभाषा है, गौरवशाली तेलुगू भाषा। 29 अगस्त तेलुगू दिवस मनाया जायेगा आप सभी को तेलुगू दिवस की बहुत-बहुत बधाई। तेलुगू भाषा के साहित्य और विरासत में भारतीय संस्कृति के कई अनमोल रत्न छिपे हैं। तेलुगू की इस विरासत का लाभ पूरे देश को मिले, इसके लिए कई प्रयास भी किये जा रहे हैं।

संस्कृत को लेकर जागरूकता और गर्व का भाव बढ़ा: पीएम मोदी

संस्कृत दुनिया की सबसे प्राचीन भाषाओं में से एक है। इसे कई आधुनिक भाषाओं की जननी भी कहा जाता है। संस्कृत अपनी प्राचीनता के साथ-साथ अपनी वैज्ञानिकता और व्याकरण के लिए भी जानी जाती है । भारत का कितना ही प्राचीन ज्ञान हजारों वर्षों तक संस्कृत भाषा में ही संरक्षित किया गया है। मुझे ख़ुशी है कि आज लोगों में संस्कृत को लेकर जागरूकता और गर्व का भाव बढ़ा है। इसके पीछे बीते वर्षों में देश का विशेष योगदान भी है। जैसे तीन Sanskrit Deemed Universities को 2020 में Central Universities बनाया गया। अलग-अलग शहरों में संस्कृत विश्वविद्यालयों के कई कॉलेज और संस्थान भी चल रहे हैं। IIT और IIM जैसे संस्थानों में संस्कृत केंद्र काफी पापुलर हो रहे हैं।

'हर घर तिरंगा अभियान', 'हर मन तिरंगा अभियान' बना

पीएम मोदी ने कहा कि इस बार 15 अगस्त के दौरान देश ने 'सबका प्रयास' का सामर्थ्य देखा। सभी देशवासियों के प्रयास ने 'हर घर तिरंगा अभियान' को वास्तव में 'हर मन तिरंगा अभियान' बना दिया। इस अभियान के दौरान कई रिकार्ड भी बने। देशवासियों ने करोड़ों की संख्या में तिरंगे खरीदे। पीएम मोदी ने कहा कि डेढ़ लाख पोस्ट ऑफिस के जरिए करीब डेढ़ करोड़ तिरंगे बेचे गए। इससे हमारे कामगारों की, बुनकरों की, और खासकर महिलाओं की सैकड़ों करोड़ रुपए की आय भी हुई है। तिरंगे के साथ सेल्फी पोस्ट करने में भी इस बार देशवासियों ने नया रिकार्ड बना दिया। पिछले साल 15 अगस्त तक करीब 5 करोड़ देशवासियों ने तिरंगे के साथ सेल्फी पोस्ट की थी। इस साल ये संख्या 10 करोड़ को भी पार कर गई है।

खेलों में भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ ही दिनों पहले चीन में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स हुए थे। इन खेलों में इस बार भारत ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। हमारे खिलाड़ियों ने कुल 26 पदक जीते, जिनमें से 11 गोल्ड मेडल थे | आपको ये जानकर अच्छा लगेगा कि 1959 से लेकर अब तक जितने वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स हुए हैं, उनमें जीते सभी मेडल को जोड़ दें तो भी ये संख्या 18 तक ही पहुँचती है।

G-20 समिट के लिए भारत तैयार: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि अगले महीने होने वाली जी 20 समिट के लिए भारत तैयार है। इसमें हिस्सा लेने के लिए 40 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आ रहे हैं। अपनी अध्यक्षता के दौरान भारत ने जी 20 को और ज्यादा इन्क्लुसिव फोरम बनाया है। भारत केे निमंत्रण पर ही अफ्रीकी देशों के राष्ट्राध्यक्ष इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे। जी20 की हमारी प्रेसिडेंसी पीपुल्स प्रेसिडेंसी है, जिसमें जनभावना की भावना सबसे आगे है।

पीएम मोदी ने सुनाई कविता

आसमान में सिर उठाकर
घने बादलों को चीरकर
रोशनी का संकल्प लें
अभी तो सूरज उगा है।

दृढ़ निश्चय के साथ चलकर
हर मुश्किल को पार कर
घोर अंधेरे को मिटाने
अभी तो सूरज उगा है।

चंद्रयान -3 मिशन नारी शक्ति का भी जीवंत उदाहरण

पीएम मोदी ने कहा कि 23 अगस्त को भारत के चंद्रयान ने यह साबित कर दिया है कि संकल्प के सूरज चांद पर भी उगते हैं। इस मिशन का एक पक्ष ऐसा भी रहा जिसकी आज मैं आप सबके साथ चर्चा करना चाहता हूं। आपको याद होगा कि इस बार मैंने लाल किले से कहा था कि हमें वीमेन डेवलपमेंट को आगे बढ़ाना है। भारत का मिशन चंद्रयान नारी शक्ति का भी जीवंत उदाहरण है। इस पूरे मिशन में अनेकों वीमेन साइंटिस्ट सीधे तौर पर जुड़ी रहीं। इन्होंने अलग-अलग सिस्टम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, प्रोजेक्ट मैनेजर की जिम्मेैदारी संभाली। भारत की बेटियां अब अनंत अंतरिक्ष में भी योगदान दे रही हैं। आज हमारे सपने भी बड़े हैं और प्रयास भी बड़े हैं।

चंद्रयान-3 मिशन की तारीफ करते हुए पीएम मोदी बोले, अभी तो सूरज उगा है

पीएम मोदी ने कहा कि मुझे याद नहीं कि कभी ऐसा हुआ हो कि सावन महीने में दो बार मन की बात हुई है। सावन यानी महाशिव का महीना। चंद्रयान को चंद्रमा पर पहुंचे तीन दिन से ज्यादा का समय हो रहा है। यह सफलता इतनी बड़ी है कि इसकी जितनी चर्चा हो, उतना कम है। आसमान में सिर उठाकर, घने बादलों को चीरकर, रोशनी का संकल्प लेकर, अभी तो सूरज उगा है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Next Story