×

Population Report: भारत की आबादी अब दुनिया में सबसे ज्यादा, चीन को छोड़ा पीछे, संयुक्त राष्ट्र ने जारी किए आंकड़े

Population Report: चीन को पीछे छोड़ते हुए भारत अब दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन गया है। संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी किए गए आंकड़े में इस बात की पुष्टि हुई है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष की रिपोर्ट के मुताबिक भारत की आबादी चीन से 29 लाख ज्यादा है।

Anshuman Tiwari
Published on: 19 April 2023 2:08 PM GMT
Population Report: भारत की आबादी अब दुनिया में सबसे ज्यादा, चीन को छोड़ा पीछे, संयुक्त राष्ट्र ने जारी किए आंकड़े
X
United Nations Population Report (Photo: Social Media)

Population Report: आबादी के मामले में भारत दुनिया में सबसे आगे निकल गया है। चीन को पीछे छोड़ते हुए भारत अब दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन गया है। संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी किए गए आंकड़े में इस बात की पुष्टि हुई है। हालांकि इस बाबत जानकारी पहले भी सामने आई थी मगर अब संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष ने भी इस पर मुहर लगा दी है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष की रिपोर्ट के मुताबिक भारत की आबादी चीन से 29 लाख ज्यादा है। संयुक्त राष्ट्र की ओर से 1950 से ही जनसंख्या के आंकड़े जारी किए जाते रहे हैं मगर यह पहला मौका है जब आबादी के मामले में भारत ने चीन को पीछे छोड़ दिया है।

भारत की आबादी चीन से 29 लाख ज्यादा

संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष की रिपोर्ट के मुताबिक यह स्पष्ट नहीं है कि भारत ने चीन को कब पीछे छोड़ा है। कोष के मीडिया सलाहकार अन्ना जेफरीज का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि भारत कब दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बना। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की आबादी की तुलना करना एक कठिन काम है क्योंकि दोनों देशों में डाटा कलेक्शन का अलग तरीका अपनाया जाता है।

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक मौजूदा समय में भारत की जनसंख्या एक अरब 42 करोड़ 86 लाख है। दूसरी ओर चीन की आबादी एक अरब 42 करोड़ 57 लाख है। इस तरह भारत की आबादी चीन से 29 लाख ज्यादा है। रिपोर्ट में बताया गया है कि दुनिया की आबादी आठ अरब से भी ज्यादा हो गई है। इस बार संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष की रिपोर्ट का शीर्षक 'अब अरब जिंदगियां,अनंत संभावनाएं' दिया गया है।

चीन की जनसंख्या दर में गिरावट का रुख

जनसंख्या कोष की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल पीक पर पहुंचने के बाद अब चीन की जनसंख्या में गिरावट का रुख दिख रहा है। चीन की जनसंख्या में भले ही गिरावट का रुख देख रहा हो मगर भारत में जनसंख्या का रुख अभी भी बढ़ने की ओर अग्रसर है। हालांकि यह भी सच्चाई है कि 1980 के बाद भारत में जनसंख्या की ग्रोथ रेट में गिरावट दर्ज की गई है। इसका मतलब साफ है कि भारत की जनसंख्या में भले ही बढ़ाव का रुख दिख रहा हो मगर बढ़ाव की दर अब पहले के मुकाबले कम हुई है। जनसंख्या कोष की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत की 18 फ़ीसदी आबादी 10 से 19 साल के बीच वाले लोगों की है जबकि 0 से 14 आयु वर्ग के वालों की आबादी 25 फीसदी है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि चीन के लोग भारतीय लोगों की अपेक्षा ज्यादा जीते हैं। भारत में पुरुषों की औसत आयु 71 साल है जबकि चीन में पुरुषों की औसत आयु 76 साल है। इसी तरह चीन की महिलाएं भी भारतीय महिलाओं से ज्यादा जीती हैं। चीन में महिलाओं की औसत आयु 82 साल है जबकि भारत में महिलाओं की औसत आयु 74 साल ही है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक भारत में 68 फ़ीसदी आबादी 15 से 64 वर्ष वालों की है। 26 फ़ीसदी आबादी 10 से 24 से उम्र वाले लोगों की और 7 फ़ीसदी आबादी 65 साल से अधिक उम्र वाले लोगों की है। भारत की आबादी चीन से ज्यादा होने की खबर जनवरी में पहली बार सामने आई थी मगर अब संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष की ओर से आधिकारिक आंकड़े जारी किए गए हैं।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story