×

चीन की करतूतों का सच: फिर दिखाए नापाक इरादे, अरुणाचल से लद्दाख तक उकसावे की कार्रवाई

चीनी सेना की घुसपैठ बढ़ने के बाद भारत ने ऐतराज जताया और सैन्य स्तर पर भी बातचीत शुरू हुई।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani LalPublished By Vidushi Mishra
Published on: 3 Jan 2022 11:23 AM GMT
चीन की करतूतों का सच: फिर दिखाए नापाक इरादे, अरुणाचल से लद्दाख तक उकसावे की कार्रवाई
X

China: चीन ने फिर एक बार अपनी नापाक हरकतें शुरू कर दीं हैं। एक के बाद एक ऐसी घटनाएँ हो रहीं हैं जिससे दोनों देशों के बीच फिर तनाव बढ़ सकता है। चीन ने अरुणाचल प्रदेश में स्थित ढेरों गाँव का चीनी नामकरण कर दिया और उसका ढिंढोरा भी पीट दिया। इसके बाद उसने भारत से लगी सीमा पर मशीनगनों से लैस रोबोट्स तैनात कर दिए। और अब सबसे ताजी घटना में चीन ने लद्दाख की गलवान घाटी में अपने झंडे फहरा दिए हैं।

सोशल मीडिया पर ऐसे विडियो चल रहे हैं जिससे एक बार फिर दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर सवाल खड़ा हो गया है। 2020 में अप्रैल महीने से ही लद्दाख में चीन और भारतीय सेना की हलचल बढ़ गई थी।

भारत ने जताया ऐतराज

चीनी सेना की घुसपैठ बढ़ने के बाद भारत ने ऐतराज जताया और सैन्य स्तर पर भी बातचीत शुरू हुई। लेकिन इसी बीच 15 जून को गलवान घाटी में खूनी संघर्ष हुआ जिसमें 20 भारतीय सैनिक मारे गए और कुछ जख्मी हो गए।

तब से सीमा पर कई बिंदुओं पर दोनों देशों ने अपनी अपनी सेनाओं को एक दूसरे के सामने तैनात कर दिया था। इनमें से कुछ बिंदुओं पर बातचीत के जरिए गतिरोध को हल किया गया है और सेनाओं को पीछे खींच लिया गया है लेकिन कई और बिंदुओं पर आज भी गतिरोध जारी है। अब एक विडियो सोशल मीडिया पर चला है।


ये वीडियो एक जनवरी को ग्लोबल टाइम्स और चीनी सरकार द्वारा समर्थित दूसरे ट्विटर हैंडलों से साझा किया गया था। ग्लोबल टाइम्स के ट्वीट के मुताबिक एक जनवरी 2022 को चीनी सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिकों ने 'भारत के साथ लगी सीमा के पास गलवान घाटी में' चीन के लोगों के नाम नए साल में अभिवादन का संदेश दिया।

वीडियो में पीएलए के सिपाहियों के पीछे एक चट्टान पर चीनी भाषा में एक संदेश भी लिखा है और ग्लोबल टाइम्स के ट्वीट के मुताबिक वहां 'जमीन का एक इंच भी कभी नहीं देना' लिखा था।

इसके अलावा एक और विडियो शेन शिवे नाम के एक और चीनी सरकार द्वारा समर्थित हैंडल से साझा किया गया है जिसमें पीएलए के सैनिकों को उसी इलाके में चीन का झंडा फहराते हुए और चीन का राष्ट्रगान गाते हुए दिखाया गया है। इस ट्वीट में यह भी दावा किया गया है कि चीन का यह झंडा विशेष है क्योंकि यह कभी बीजिंग के तियानमेन चौराहे पर भी फहराया गया था।

अभी कोई रिएक्शन नहीं

भारत सरकार और भारतीय सेना ने इस वीडियो पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। एक अलग पहलू ये भी है कि इसी दिन भारत में कई मीडिया रिपोर्टों में भारत-चीन सीमा के कई सीमान्त बिंदुओं पर दोनों देशों के सैनिकों को नए साल के मौके पर एक दूसरे के साथ मिठाइयां साझा करते हुए दिखाया गया था।

कुछ जानकारों का कहना है कि इन स्थानों में से हॉट स्प्रिंग्स और डेमचोक जैसे बिंदुओं पर ऐसा करना दिखाता है कि भारत इन सीमावर्ती स्थानों पर सब कुछ सामान्य होने के संकेत देना चाह रहा है। चीनी विडियो पर प्रतिक्रिया करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से इस घटना पर अपनी चुप्पी तोड़ने को कहते हुए ट्वीट किया है।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story