×

Russia: 'प्रिगोझिन ने अपनी जिंदगी में कई गंभीर गलतियां कीं', वैगनर चीफ की मौत पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने तोड़ी चुप्पी

Prigozhin Death: वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की 23 अगस्त को मौत हो गई थी। रूस में एक विमान हादसे में उनकी जान चली गई। विमान ने मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग के लिए उड़ान भरी थी।

Aman Kumar Singh
Published on: 24 Aug 2023 5:21 PM GMT (Updated on: 24 Aug 2023 5:33 PM GMT)
Russia: प्रिगोझिन ने अपनी जिंदगी में कई गंभीर गलतियां कीं, वैगनर चीफ की मौत पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने तोड़ी चुप्पी
X
Vladimir Putin on Prigozhin Death (Social Media)

Vladimir Putin on Prigozhin Death: 'प्रिगोझिन ने अपनी जिंदगी में कई गंभीर गलतियां कीं', वैगनर चीफ की मौत पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने तोड़ी चुप्पीवैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन (Yevgeny Prigozhin) की मौत पर आख़िरकार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने अपनी चुप्पी तोड़ी। पुतिन ने गुरुवार (24 अगस्त) को प्रिगोझिन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, 'मैं उन्हें 1990 के दशक की शुरुआत से जानता हूं। उन्होंने जीवन में कई गंभीर गलतियां कीं। उन्होंने आवश्यक परिणाम हासिल करने की भी कोशिश की। राष्ट्रपति पुतिन ने ये बातें टीवी पर अपने संबोधन के दौरान कही।

आपको बता दें, वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोझिन की 23 अगस्त को एक विमान हादसे में मौत हो गई। यह विमान रूस की राजधानी मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग की उड़ान पर था। इस विमान में 10 लोग सवार थे। हादसे में सभी की मौत हो गई। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, 'जांचकर्ता इस पर गौर करेंगे कि हादसा कैसे हआ? लेकिन इसमें समय लगेगा।'

राष्ट्रपति पुतिन ने और क्या कहा?

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने आगे कहा, 'बुधवार की विमान दुर्घटना के बारे में गुरुवार सुबह बताया गया। जहां तक मुझे जानकारी हैप्रिगोझिन बुधवार को ही अफ्रीका से लौटे थे। उन्होंने वहां कुछ आधिकारिक लोगों से मुलाकात की।' ऐसा माना जा रहा है कि हाल के दिनों में वैगनर चीफ प्रिगोझिन पश्चिम अफ्रीका में थे। विश्लेषकों का दावा है कि उनका ग्रुप नाइजर सहित अन्य देशों में अपनी पहुंच बढ़ाने के प्रयास में जुटा था।

वैगनर ग्रुप ने यूक्रेन युद्ध में निभाई अहम भूमिका
गौरतलब है कि, जून महीने में वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन के विद्रोह पर बोलते हुए रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, 'उन्होंने अपने जीवन में कई गंभीर गलतियां की। लेकिन, आवश्यक परिणाम प्राप्त करने की भी कोशिश की। रूसी राष्ट्रपति कहते हैं, वैगनर ग्रुप ने यूक्रेन में हमें महत्वपूर्ण योगदान दिया। हमें ये याद है और हम इसे भूलेंगे नहीं।'

वैगनर ग्रुप को खत्म कर देंगे पुतिन !

उल्लेखनीय है कि, 23-24 जून को वैगनर आर्मी चीफ प्रिगोझिन ने व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ विद्रोह कर दिया था। हालांकि, बेलारूस के राष्ट्रपति की मध्यस्थता के बाद उनका विद्रोह थम गया था। जिसके बाद वे बेलारूस में रहने लगे थे। मौत से दो दिन पहले प्रिगोझिन का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने बताया कि वे अफ्रीका में हैं। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि वो रूस कब और कैसे पहुंचे। प्रिगोझिन ने रूस की मदद से ही वैगनर ग्रुप को खड़ा किया था। लेकिन, अब उनकी मौत हो चुकी है। ऐसे में इस बात की आशंका जताई जा रही है कि राष्ट्रपति पुतिन ही वैगनर ग्रुप को खत्म भी कर सकते हैं।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story