×

India-Russia: भारत के साथ खड़ा हुआ रूस, अमेरिका पर चुनावों में दखल देने का आरोप लगाया

India-Russia: रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रूसी विदेश मंत्रालय ने दावा किया कि अमेरिका 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान भारत को अस्थिर करने की योजना बना रहा है।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani Lal
Published on: 9 May 2024 8:49 AM GMT
Russia PM Putin and PM Modi
X

Russia PM Putin and PM Modi (photo: social media )

India-Russia: रूस ने अमेरिका पर भारत के घरेलू मामलों और चल रहे चुनावों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है।

दरअसल, अमेरिकी संघीय आयोग की रिपोर्ट में धार्मिक स्वतंत्रता के कथित उल्लंघन के लिए नई दिल्ली की आलोचना की गई है। इस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रूसी विदेश मंत्रालय ने दावा किया कि अमेरिका 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान भारत को अस्थिर करने की योजना बना रहा है।

विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा है कि वाशिंगटन को भारत की राष्ट्रीय मानसिकता और इतिहास की समझ नहीं है और वह भारत में धार्मिक स्वतंत्रता के बारे में "निराधार आरोप" लगाता रहता है। ज़खारोवा ने एक बयान में इसे एक देश और राज्य के रूप में भारत के लिए अपमानजनक बताया। उन्होंने कहा कि इसका कारण भारत में आंतरिक राजनीतिक स्थिति को असंतुलित करना और आम चुनावों को जटिल बनाना है।

इस बीच, खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथी गुरपतवंत सिंह पन्नून के खिलाफ हत्या की साजिश रचने के अमेरिका के आरोपों को खारिज करते हुए रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि वाशिंगटन ने अभी तक इस मामले में भारतीय नागरिकों की संलिप्तता का कोई विश्वसनीय सबूत नहीं दिया है।

प्रवक्ता ने कहा, "हमारे पास मौजूद जानकारी के अनुसार, वाशिंगटन ने अभी तक किसी जीएस पन्नुन की हत्या की तैयारी में भारतीय नागरिकों की संलिप्तता का कोई विश्वसनीय सबूत नहीं दिया है। सबूत के अभाव में इस विषय पर अटकलें अस्वीकार्य हैं।

पन्नून के पास अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता

पिछले साल नवंबर में, अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की नाकाम साजिश में एक भारतीय सरकारी कर्मचारी के साथ काम करने का आरोप लगाया था। आतंकवाद के आरोप में भारत में वांछित पन्नून के पास अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता है। उसे केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा आतंकवाद विरोधी कानून गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत आतंकवादी के रूप में नामित किया गया है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story