×

Suicide Ban: सुसाइड को देशद्रोह करार दिया, लगाया बैन

Suicide Ban: आत्महत्याओं की घटनाओं में अत्यधिक बढ़ोतरी को देखते हुए उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने आत्महत्या करने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

Neel Mani Lal
Published on: 11 Jun 2023 4:51 AM GMT

Suicide Ban: सुसाइड या आत्महत्या कई देशों में एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। ऐसा ही एक देश है उत्तर कोरिया। आत्महत्याओं की घटनाओं में अत्यधिक बढ़ोतरी को देखते हुए उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने आत्महत्या करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। रेडियो फ्री एशिया से बात करने वाले सरकारी अधिकारियों के अनुसार उत्तर कोरिया में आत्महत्याओं की बहुत तेजी से बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर किम जोंग उन ने स्थानीय अधिकारियों को एक गुप्त आदेश जारी किया है।

40 फीसदी बढ़ी घटनाएं

उत्तर कोरिया में आत्महत्याओं की सटीक संख्या का पता लगाना मुश्किल है । क्योंकि शासन द्वारा शायद ही कभी देश की कमियों के बारे में कोई जानकारी दी जाती है, लेकिन दक्षिण कोरियाई राष्ट्रीय खुफिया सेवा ने मई में अनुमान लगाया था कि पिछले वर्ष की तुलना में आत्महत्याओं में लगभग 40 फीसदी की वृद्धि हुई थी।

देशद्रोह करार दिया

किम जोंग उन ने निर्देश में आत्महत्या को "समाजवाद के खिलाफ देशद्रोह का कार्य" कहा गया है। रेडियो फ्री एशिया के अनुसार, स्थानीय सरकारी अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में लोगों को खुद को मारने से रोकने में विफल रहने के लिए संयुक्त रूप से जवाबदेह ठहराया जाएगा।

उत्तरी हामग्योंग के पूर्वोत्तर प्रांत के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर रेडियो फ्री एशिया को बताया कि उत्तर कोरियाई प्रांतों में आपातकालीन बैठकों की एक ससीरीज़ में गुप्त आदेश का उल्लेख किया गया था। रेडियो फ्री एशिया के अनुसार, उक्त अधिकारी ने कहा कि बैठक में आत्महत्याओं की संख्या का डेटा दिया गया था। इस डेटा में पूरे परिवारों के अपने जीवन को समाप्त करने के उदाहरण भी शामिल थे। उस अधिकारी ने कहा कि देश और सामाजिक व्यवस्था की आलोचना करने वाले सुसाइड नोट के खुलासे से बैठक में शामिल लोग हैरान थे। इसी तरह की एक बैठक का जिक्र करते हुए पड़ोसी प्रांत रयांगांग में एक अन्य अधिकारी ने बताया कि लोगों पर भुखमरी से ज्यादा आत्महत्या का प्रभाव पड़ रहा है। बताया जाता है कि अधिकांश आत्महत्याएं अत्यधिक गरीबी और भुखमरी के कारण हुईं हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के 2019 के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर कोरिया में प्रति 100,000 लोगों पर 8.2 आत्महत्याएं हुईं थीं। आत्महत्या दरों की विश्व रैंकिंग में उत्तर कोरिया45वें स्थान पर था।

Neel Mani Lal

Neel Mani Lal

Next Story