×

Bihar Violence: अमित शाह ने संभाला मोर्चा, सासाराम-नालंदा में भेजी पैरामिलिट्री फोर्स की 10 कंपनी, अब तक 112 गिरफ्तार

Bihar Violence: राज्य के जिन पांच जिलों से सांप्रदायिक झड़पों अथवा तनाव की खबरें आ चुकी हैं, उनमें नालंदा, रोहतास, गया, भागलपुर और मुंगेर शामिल हैं। रोहतास के सासाराम और नालंदा के बिहारशरीफ में बमबाजी और गोलीबारी की घटना के कारण स्थिति सबसे नाजुक है।

Krishna Chaudhary
Published on: 2 April 2023 9:18 AM GMT (Updated on: 2 April 2023 2:50 PM GMT)
Bihar Violence: अमित शाह ने संभाला मोर्चा, सासाराम-नालंदा में भेजी पैरामिलिट्री फोर्स की 10 कंपनी, अब तक 112 गिरफ्तार
X
Bihar Violence (Pic: Social Media)

Bihar Violence: रामनवमी के दिन से बिहार के पांच जिले हिंसा की चपेट में हैं, जिनमें से दो जिलों में सबसे ज्यादा तनावपूर्ण माहौल है। राज्य के जिन पांच जिलों से सांप्रदायिक झड़पों अथवा तनाव की खबरें आ चुकी हैं, उनमें नालांदा, रोहतास, गया, भागलपुर और मुंगेर शामिल हैं। रोहतास के सासाराम और नालांदा के बिहारशरीफ में बमबाजी और गोलीबारी की घटना के कारण स्थिति सबसे नाजुक है। यहां पिछले दो दिनों से हिंसा का दौर जारी है।

सभी संवेदनशील जगहों पर केरेंगे फ्लैग मार्च : जिलाधिकारी

नालंदा जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बताया कि बैठक में शांति समिति के गठन का निर्णय लिया गया है और वह सभी संवेदनशील जगाहों पर केंद्रीय, स्थानीय बल के साथ फ्लैग मार्च करेंगे। हमें केंद्र से अभी 9 कंपनी मिली है जिसमें से 4 कंपनी यहां पहुंच गई हैं और 5 कंपनी आ रही हैं।

CRPF, SSB और ITBP के जवानों की कंपनियां बिहार भेजी गईं

गृहमंत्री अमित शाह ने बताया कि बिहार के संवेदनशील इलाकों में कुछ कंपनियां तैनात की गई हैं और कुछ कंपनियां आज पहुंच जाएंगी। उन्होंने कहा कि अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती राज्य पुलिस को सहयोग करने के लिए और राज्य में शांति स्थापित करने के लिए है। सूत्रों के मुताबिक 10 पैरामिलिट्री की कंपनियों को बिहार भेजा गया है। जिसमें केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सशस्त्र सीमा बल(SSB) और भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान शामिल हैं।

गृहमंत्री अमित शाह ने राज्यपाल से की बात

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के सासाराम और नालंदा के बिहार शरीफ में हुई हिंसा के बारे में राज्य के राज्यपाल राजेन्द्र अर्लेकर से फोन पर से बात की और स्थिति का जायजा लिया है। गृह मंत्री ने राज्य में हिंसा पर अपनी चिंता व्यक्त की है। बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने शाह को राज्य के मौजूदा हालात से अवगत कराया है।

बिहार के अधिकारी भी पल्टूराम: गिरिराज सिंह

नालंदा में हुई हिंसा पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार सरकार में पहले मुख्यमंत्री पल्टूराम थे लेकिन अब उनके अधिकारी भी पल्टूराम हो गए हैं? रामनवमी का जुलूस पहले से तय था तो सरकार सजग क्यों नहीं थी? ये(नीतीश कुमार) किसे बेवकुफ बना रहे हैं? क्या बिना उनके आदेश के नालंदा में धारा 144 लगी? उ्न्होने कहा कि नीतीश कुमार की प्रशासन पर पकड़ नहीं है इसलिए अगर वे नालंदा को नहीं बचा पाए, वहां के हिंदूओं को नहीं बचा पाए तो क्या नालंदा के हिंदू सब छोड़कर भाग जाए? अगर रामनवमी नालंदा में न मने तो क्या पाकिस्तान, बांग्लादेश मलेशिया में मनाई जाए।

बिहार पर एटम बम गिरवा दें अमित शाह, बोले - कांग्रेस प्रवक्ता

बिहार कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने विवादित बयान दिया है। उन्होने कहा कि अमित शाह बिहार पर एटम बम गिरवा दें। तिवारी ने कहा कि बिहार की जनता भारतीय जनता पार्टी को वोट नहीं कर रही है, इसीलिए भाजपा बेचैन है।

बिहार में अपराधियों को मिल रहा संरक्षण: केंद्रीय मंत्री नित्यानंद

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार की विधि व्यवस्था बिल्कुल चौपट है। मार्च के आंकड़ें को देखें तो, जहां 4 दर्जन के आसपास रेप हो गया हो, जहां 200 से अधिक संदिग्ध मौतें हुईं हो, वहां की स्थिति क्या हो सकती है। यहां की सरकार को विकास और जान-माल से कोई मतलब नहीं है। यहां अपराधियों को सरंक्षण मिल रहा है।

सासाराम और बिहारशरीफ में शनिवार को हिंसा के ताजा मामले में 9 लोगों के घायल होने की खबर है। शनिवार रात सासाराम के शेरगंज इलाके में स्थित एक धार्मिक स्थल के बाहर उपद्रवियों ने बम फेंक दिया, जिसमें 6 लोग जख्मी हो गए। इनमें से अधिकांश की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए बनारस के बीएचयू अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। बिहार पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

रोहतास में स्कूल – कॉलेज बंद

रोहतास जिले के सासाराम में गुरूवार को रामनवमी के दिन शाम में उस समय हिंसा भड़की, जब शोभायात्रा से लोग लौटकर वापस आ रहे थे। एक पक्ष ने गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए शोभायात्रा से लौट रहे लोगों के साथ मारपीट की। जिसके विरोध में अगले दिन यानी शुक्रवार को दूसरे पक्ष के लोग सड़कों पर उतर गए और जमकर प्रदर्शन किया। देखते ही देखते ये प्रदर्शन हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दोनों तरफ से जमकर पत्थर चले।

इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने बम भी फेंके और कुछ घरों में आग लगा दी। आगजनी और पथराव की घटना से इलाके में रह रहे हिंदू समुदाय के लोग दहशत में आ गए और वहां से पलायन करने लगे। हिंसक घटनाओं को देखते हुए शहर में धारा 144 लगा दिया गया और स्कूल-कॉलेजों और मदरसों को 4 अप्रैल तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। हिंसा के कारण ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सासाराम दौरा रद्द कर दिया गया था।

बम धमाके पर बिहार पुलिस का बयान

शनिवार शाम को सासाराम में हुए बम विस्फोट पर बिहार पुलिस की ओर से प्रतिक्रिया आई है। बिहार पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि रोहतास के सासाराम में बम विस्फोट की घटना की सूचना प्राप्त हुई जिसके जांच के क्रम में पाया गया कि घटनास्थल एक झोपड़ी है। वहाँ से एक स्कूटी भी बरामद की गई है। प्रथम दृष्टया यह साम्प्रदायिक घटना प्रतीत नहीं हो रहा है। किसी भी अफवाहों पर ध्यान न दें। शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।

अगले ट्वीट में बिहार पुलिस ने कहा, कल शाम 9 बजे 6 व्यक्तियों के जख्मी होने की सूचना के सत्यापन के दौरान पाया गया है कि वे अवैध विस्फोटक हैंडलिंग के दौरान स्वयं घायल हुए थे। घटना स्थल एक निजी मकान का अहाता है जहां फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी भी दी गई है।

बिहारशरीफ में फायरिंग में 1 की मौत

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिला नालांदा भी हिंसा की आग में जल रहा है। पिछले दो – तीन तीनों से यहां रह-रहकर हिंसक वारदातें हो रही हैं। शनिवार देर शाम को एकबार फिर दो गुट आमने-सामने आ गए। नालांदा के बिहारशरीफ में शुक्रवार को जहां हिंसा हुई थी, शनिवार रात को एकबार फिर उस जगह से एक किमी आगे फायरिंग की घटना हुई। इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि दो जख्मी हो गए।

इस दौरान पुलिस पर भी पथराव किया गया। इलाके में धारा – 144 लगा दिया है। बिहारशरीफ में हिंसा की शुरूआत भी रामनवमी के मौके पर निकली शोभायात्रा को लेकर हुए विवाद के कारण हुआ। दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, उपद्रवियों ने 1 दर्जन गाड़ियों और घरों को आग के हवाले कर दिया। गोलीबारी और पत्थरबाजी में दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

गया और भागलपुर में झड़प

रामनवमी के दिन शोभायात्रा को लेकर दो अन्य जिलों गया और भागलपुर में भी हिंसक झडपें हुईं। गया के चाकंद थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम दो पक्ष आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे पर पत्थर बरसाने लगे। बीच-बचाव में आए पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाया गया। जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इलाके में अतिरिक्त पुलिसफोर्स की तैनाती की गई है। 16 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। जिले में हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं।

वहीं, भागलपुर के नवगछिया के खारिक थाना क्षेत्र में भी शुक्रवार रात शोभायात्रा को लेकर सांप्रदायिक झड़प की घटना हुई। घटना में कुछ लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल मे चल रहा है। घटनास्थल पर कई थानों की पुलिसफोर्स तैनात की गई है। हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं।
मुंगेर में मूर्ति विर्सजन को लेकर तनाव

बिहार के मुंगेर जिले से भी शनिवार को सांप्रदायिक झड़प की खबरें आईं। जानकारी के मुताबिक, मूर्ति विसर्जन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते इसने हिंसक रूख अख्तियार कर लिया। उपद्रवियों ने मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया। हिंसा में कई लोगों के घायल होने की खबर है। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं।

बता दें कि बिहार पुलिस ने विभिन्न जिलों में हुई हिंसक घटनाओं में अब तक 112 लोगों को गिरफ्तार किया है।सासाराम से 32 और बिहारशरीफ से 80 लोग गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story