×

Nalanda Violence : धारा-144 के बीच फिर सुलगा बिहारशरीफ, दो गुट आपस में भिड़े...12 राउंड फायरिंग के बाद तनाव

Nalanda Violence: रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान पथराव और हिंसा के बाद बिहार के ऐतिहासिक शहर सासाराम और सीएम नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में हिंसा भड़क गई। 01 अप्रैल की शाम एक बार फिर नालंदा का बिहारशरीफ सुलग उठा। दो गुट भिड़ गए। जिसमें 12 राउंड फायरिंग हुई। इलाके में तनाव है।

Aman Kumar Singh
Published on: 1 April 2023 10:44 PM GMT (Updated on: 1 April 2023 10:58 PM GMT)
Nalanda Violence : धारा-144 के बीच फिर सुलगा बिहारशरीफ, दो गुट आपस में भिड़े...12 राउंड फायरिंग के बाद तनाव
X
नालंदा में हिंसा के बीच नजारा (Social Media)

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा (Nalanda Violence) के बिहारशरीफ और सासाराम (Sasaram Violence) में रामनवमी के मौके पर भड़की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। उपद्रव, पथराव और आगजनी के बाद वहां धारा-144 लगा दिया गया था, बावजूद नालंदा के बिहारशरीफ में शनिवार (01 अप्रैल) को एक बार फिर दो गुट आपस में भिड़ गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ताजा घटना में 12 राउंड फायरिंग हुई है। इलाके में तनाव है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहारशरीफ में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, सासाराम में तनाव के बीच पुलिस, STF और पैरा मिलिट्री फोर्स ने फ्लैग मार्च किया।

शनिवार को बिहारशरीफ के पहाड़पुर इलाके में दो गुट आपस में भिड़ गए। इसी बीच करीब 12 राउंड फायरिंग हुई। इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, उपद्रवियों ने पुलिस को भी नहीं बख्शा। जमकर पथराव किया। इसमें कुछ पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। इलाके में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रही है।

अब तक 45 गिरफ्तार, अमित शाह का दौरा रद्द

नालंदा और सासाराम जिले में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान शुक्रवार को हिंसा भड़की थी। इस हिंसा में अनुमानित 5 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ। नालंदा में 27, जबकि सासाराम से 18 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सासाराम में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। आपको बता दें, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दौरा 2 अप्रैल को होना था, जिसे हिंसा की वजह से रद्द कर दिया गया है।

नालंदा फायरिंग में 5 लोगों को लगी गोली

रामनवमी के मौके पर पहले सासाराम में पथराव और हिंसा शुरू हुई। उसके बाद देखते ही देखते नालंदा भी सुलग उठा। नालंदा में हालात और बिगड़ते, वहां धारा- 144 लगा दिया गया। नालंदा में पथराव के साथ फायरिंग भी हुई, जिसमें 5 लोगों को गोली लगी। बिहारशरीफ में कुछ देर के लिए शांति रही, लेकिन शनिवार को एक बार फिर दो गुट आमने-सामने आ गए। 12 राउंड फायरिंग हुई। इससे इलाके में हड़कंप मचा है। दहशत का माहौल है।

कई जगह उठ रहा धुआं

नालंदा के कई इलाकों में शुक्रवार को दंगे के बाद अभी तक जगह-जगह धुआं उठता नजर आ रहा है। लोग डरे-सहमे हैं। तबाही के निशान चारों ओर साफ नजर आ रहे हैं। दरअसल, बिहार के रोहतास और नालंदा जिले के मुख्यालय सासाराम और बिहारशरीफ में रामनवमी की शोभायात्रा खत्म होने ही वाली थी, लेकिन हिंसा ने सब बर्बाद कर दिया।

झारखंड में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान पथराव
नालंदा और सासाराम की घटना के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि, घटना को लेकर सरकार सतर्क है। दूसरी तरफ, झारखंड में भी शनिवार शाम चैती दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान जुलूस पर पथराव हुआ। इससे पहले, शुक्रवार को जमशेदपुर में रामनवमी की शोभायात्रा निकाले जाने से पहले हुए विवाद में 5 लोग घायल हो गए थे।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story