×

देव आनंद ही नहीं बल्कि इन दिग्गज सितारों के बंगलो की भी लग चुकी है बोली

Bollywood Stars Bungalow: आज हम आपको बॉलीवुड के उन सितारों के बारे में बताएंगे, जिनका मशहूर व आलीशान बंगला उनकी मौत के बाद बेच दिया गया और कुछ स्टार्स ने खुद किसी कारण से अपने बंगले की बोली लगा दी।

Ruchi Jha
Published on: 20 Sep 2023 9:30 AM GMT
देव आनंद ही नहीं बल्कि इन दिग्गज सितारों के बंगलो की भी लग चुकी है बोली
X

Bollywood Stars Bungalow: इस समय बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता देव आनंद का 73 साल पुराना बंगला काफी चर्चा में है। एक्टर की मौत के बाद ये लैविश बंगला कई सालों तक वीरान पड़ा रहा, क्योंकि उनके बच्चे और उनकी पत्नी देश से बाहर चले गए थे। वहीं, अब देव आनंद की फैमिली ने इस बंगले को बेच दिया है। जी हां...1950 में बने इस आलीशान बंगले को एक रियल एस्टेट कंपनी को 400 करोड़ रुपयों में बेच दिया गया है। हालांकि, देव आनंद पहले ऐसे स्टार नहीं हैं, जिनकी मौत के बाद उनका बंगला बेचा गया है। इससे पहले, बॉलीवुड इंडस्ट्री में ऐसे कई सितारे रहे हैं, जिनकी मौत के बाद उनके आलीशान और सालों पुराने बंगले को बेच दिया गया। इनमें कुछ ऐसे स्टार्स भी शामिल हैं, जिन्होंने किसी ना किसी मजबूरी के कारण भी अपना बंगला बेचा है। आइए जानते हैं कौन है वो सेलेब्स?

#1 बीआर चोपड़ा का बंगला

बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक बीआर चोपड़ा ने अपने करियर की शुरुआत 1949 में आई फिल्म 'कारवाट' से की थी। हालांकि, उनकी बनाई हुई ये फिल्म फ्लॉप हो गई थी, जिसके बाद एक निर्माता और निर्देशक के रूप में उन्होंने साल 1951 में एक बार फिर अपनी किस्मत आजमाई और फिल्म 'अफसाना' का निर्माण किया, जो बॉक्स ऑफिस पर एक मेगा हिट साबित हुई। इसी तरह अपनी शानदार फिल्मों से बीआर चोपड़ा ने खूब नाम कमाया था, लेकिन साल 2008 में उनके निधन के बाद उनका मुंबई वाला बंगला साल 2022 में बेच दिया गया। 25,000 स्क्वायर फीट जीमन पर बना यह बंगला जुहू इलाके में लगभग 1 एकड़ जमीन में फैला हुआ है। इस बंगले को एक रियल एस्टेट डेवलपर ने 183 करोड़ में खरीदा था।


#2 राज कपूर का बंगला

हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार राज कपूर का ऐतिहासिक बंगला भी उनके निधन के बाद बेच दिया गया था। ये बंगला मुंबई के सबसे महंगे इलाकों में आने वाले चेंबूर में मौजूद है। दरअसल, राज कपूर के इस बंगले को 'गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड' ने खरीदा था। हालांकि, इस बंगले को कितने में खरीदा गया था, इसकी जानकारी आज तक सामने नहीं आई है।


#3 दिलीप कुमार का बंगला

इस लिस्ट में दिवंगत एक्टर दिलीप कुमार का नाम भी शामिल है। मुंबई के बांद्रा इलाके में टोनी पाली हिल में स्थित दिलीप कुमार का 2,000 वर्ग मीटर के बड़े एरिया में फैला हुआ बंगला अब बिक चुका है। एक समय पर इसी बंगले में रहते हुए दिलीप कुमार ने 'देवदास', 'नया दौर' जैसी कई सुपरहिट फिल्में हिंदी सिनेमा को दी थीं, लेकिन एक्टर के निधन के बाद इस बंगले को बेच दिया गया था। खबरों की मानें, तो यह बंगला 350 करोड़ में बिका था।


#4 राजेश खन्ना का बंगला

राजेश खन्ना को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का पहला सुपरस्टार कहा जाता है। अपनी दमदार एक्टिंग और लुक्स से एक्टर ने लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई थी, जो आज भी जिंदा है। अपनी मेहनत से एक्टर ने ना केवल नाम बल्कि खूब पैसा भी कमाया था। राजेश खन्ना का एक बंगला था, जिसे 'भूतिया बंगला' के नाम से भी जाना जाता है। इस बंगले को लेकर मीडिया में खूब खबरें छपी थीं। हालांकि, साल 2012 में राजेश खन्ना के निधन के बाद इस बंगले को साल 2014 में एक लॉजिस्टिक कंपनी ने 90 करोड़ में खरीद लिया था।


#5 किशोर कुमार का बंगला

किशोर कुमार का खंडवा स्थित पुश्तैनी घर भी उनके निधन के बाद बिक गया था। शहर के जाने-माने व्यवसायी ने ये घर खरीदा है। हालांकि, ये बंगला काफी जर्जर हो चुका था और नगर निगम इसे गिराने के लिए कई बार नोटिस भी दे चुका था, लेकिन बावजूद इसके इस बंगले को खरीद लिया गया था। हालांकि, इसके कितने में खरीदा गया था, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।



#6 देव आनंद का बंगला

दिवंगत एक्टर देव आनंद का मुंबई वाला बंगला अब बिक चुका है। दरअसल, देव आनंद के इस बंगले की देख-रेख उनका परिवार अब नहीं कर पा रहा था, क्योंकि सभी देश से बाहर रह रहे हैं और देव आनंद के निधन के बाद से ये बंगला वीरान पड़ा था।

इस कारण एक्टर के परिवार ने इस बंगले को बेचने का फैसला लिया। बताया जा रहा है कि ये बंगला 400 करोड़ रुपए में बिका है। देव आनंद के बंगले से जुड़ी अधिक जानकारी जानने के लिए यहां क्लिक करें

Ruchi Jha

Ruchi Jha

Senior Content Writer

पत्रकारिता क्षेत्र में मुझे लगभग 3 साल का अनुभव है, जिसमें मैंने बहुत कुछ सीखा है और अभी भी बहुत कुछ सीखना बाकी है। शुरुआत से ही बॉलीवुड जगत से मुझे बहुत लगाव था। लिखने और कहानी गढ़ने का शौक शुरु से ही था, जिसकी चाह में मैंने हिंदी पत्रकारिता और जनसंचार/मीडिया में पोस्ट ग्रेजुएशन और मास्टर्स डिप्लोमा हासिल किया। अब मैं अपने सपने को पूरा करने के लिए 'NewsTrack' के साथ जुड़ी हुई हूं, यहां मैं मनोरंजन जगत से जुड़ी सभी जानकारी के बारे में लिखती हूं।

Next Story