×

Mann Ki Baat : 'मन की बात' में पीएम मोदी बोले- देश में चंद्रयान-3 और जी-20 की चर्चा

Mann Ki Baat: पीएम ने ये भी कहा कि करोड़ों लोग चंद्रयान-3 की लैंडिंग के गवाह बने हैं। पीएम ने कहा कि देश में चंद्रयान-3 और G-20 की चर्चा हो रही है। भारत की सफलता को पूरा विश्व देख रहा है।

Jugul Kishor
Published on: 24 Sep 2023 5:30 AM GMT (Updated on: 24 Sep 2023 6:34 AM GMT)
Mann Ki Baat
X

पीएम मोदी (सोशल मीडिया)

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार (24 सितंबर) को मन की बात (Mann Ki Baat) कार्यक्रम के 105वें एपिसोड को संबोधित किया। पीएम मोदी ने मन की बात की शुरूआत चंद्रयान 3 से की और कहा कि इसको लेकर देश में एक क्विज कंपटीशन चल रहा है। अगर आपने इसमें हिस्सा नहीं लिया है तो अभी देर नहीं हुई है। इसमें जरूर हिस्सा लें। पीएम ने ये भी कहा कि करोड़ों लोग चंद्रयान-3 की लैंडिंग के गवाह बने हैं। पीएम ने कहा कि देश में चंद्रयान-3 और G-20 की चर्चा हो रही है। भारत की सफलता को पूरा विश्व देख रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता के बाद G-20 के शानदार आयोजन ने हर भारतीय की खुशी को दोगुना कर दिया। भारत मंडपम तो अपने आप में एक सेलिब्रिटी की तरह हो गया है। लोग उसके साथ सेल्फी खिंचा रहे हैं और गर्व से पोस्ट भी कर रहे हैं। भारत ने इस समिट में अफ्रीकी संघ को G-20 में फुल मेंबर बनाकर अपने नेतृत्व का लोहा मनवाया है।


Live Updates

  • 24 Sep 2023 6:05 AM GMT

    विलुप्त हुई नदी महज 6 महीने में पुनर्जीवित: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा कि अमरोहा से शुरू होकर सम्भल होते हुए बदायूं तक बहने वाली ये नदी एक समय इस क्षेत्र में जीवनदायिनी के रूप में जानी जाती थी । इस नदी में अनवरत जल प्रवाहित होता था, जो यहाँ के किसानों के लिए खेती का मुख्य आधार था। समय के साथ नदी का प्रवाह कम हुआ, नदी जिन रास्तों से बहती थी वहां अतिक्रमण हो गया और ये नदी विलुप्त हो गई। लेकिन नदी को माँ मानने वाले हमारे देश में, सम्भल के लोगों ने इस सोत नदी को भी पुनर्जीवित करने का संकल्प ले लिया।

    पिछले साल दिसंबर में सोत नदी के कायाकल्प का काम 70 से ज्यादा ग्राम पंचायतों ने मिलकर शुरू किया। ग्राम पंचायतों के लोगों ने सरकारी विभागों को भी अपने साथ लिया। पीएम ने कहा कि आपको ये जानकर खुशी होगी कि साल के पहले 6 महीने में ही ये लोग नदी के 100 किलोमीटर से ज्यादा रास्ते का पुनरोद्धार कर चुके थे।जब बारिश का मौसम शुरू हुआ तो यहां के लोगों की मेहनत रंग लाई और सोत नदी, पानी से, लबालब भर गई । यहां के किसानों के लिए यह खुशी का एक बड़ा मौका बनकर आया है। लोगों ने नदी के किनारे बांस के 10 हजार से भी अधिक पौधे भी लगाए हैं, ताकि इसके किनारे पूरी तरह सुरक्षित रहें।

  • 24 Sep 2023 6:00 AM GMT

    शांति निकेतन और कर्नाटक के पवित्र होयसदा मंदिर को धरोहर स्थल घोषित किया गया

    पीएम मोदी ने कहा कि कुछ ही दिन पहले शांति निकेतन और कर्नाटक के पवित्र होयसदा मंदिर को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया है। मैं इस शानदार उपलब्धि के लिए सभी देशवासियों को बधाई देता हूं।

  • 24 Sep 2023 5:59 AM GMT

    देश में, शेर, बाघ, तेंदुआ और हाथियों की संख्या बढ़ी: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में, देश में, शेर, बाघ, तेंदुआ और हाथियों की संख्या में उत्साहवर्धक बढ़ोत्तरी देखी गई है। कई और प्रयास भी निरंतर जारी हैं, ताकि इस धरती पर रह रहे दूसरे जीव-जंतुओं को बचाया जा सके।

  • 24 Sep 2023 5:56 AM GMT

    घोड़ा लाइब्रेरी से बच्चों तक पहुंच रहीं किताबें : पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा कि नैनीताल जिले में कुछ युवाओं ने बच्चों के लिए अनोखी घोड़ा लाइब्रेरी की शुरुआत की है। इस लाइब्रेरी की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि दुर्गम से दुर्गम इलाकों में भी इसके जरिए बच्चों तक पुस्तकें पहुँच रही हैं और इतना ही नहीं, ये सेवा, बिल्कुल निशुल्क है। अब तक इसके माध्यम से नैनीताल के 12 गाँवों को कवर किया गया है। बच्चों की शिक्षा से जुड़े इस नेक काम में मदद करने के लिए स्थानीय लोग भी खूब आगे आ रहे हैं। इस घोड़ा लाइब्रेरी के जरिए यह प्रयास किया जा रहा है, कि दूरदराज के गाँवों में रहने वाले बच्चों को स्कूल की किताबों के अलावा 'कविताएँ', 'कहानियाँ' और 'नैतिक शिक्षा' की किताबें भी पढ़ने का पूरा मौका मिले । ये अनोखी लाइब्रेरी बच्चों को भी खूब भा रही है।

  • 24 Sep 2023 5:52 AM GMT

    पीएम मोदी ने जर्मनी की कैसमी का किया जिक्र

    पीएम मोदी ने कहा कि 21 साल की कैसमी इन दिनों इंस्टाग्राम पर खूब छाई हुई है। जर्मनी की रहने वाली कैसमी कभी भारत नहीं आई है, लेकिन, वो, भारतीय संगीत की दीवानी है, जिसने, कभी भारत को देखा तक नहीं, उसकी भारतीय संगीत में ये रूचि, बहुत ही प्रेरणादायक है। पीएम ने कहा कि कैसमी जन्म से ही देख नहीं पाती है, लेकिन, ये मुश्किल चुनौती उन्हें असाधारण उपलब्धियों से रोक नहीं पाई।

  • 24 Sep 2023 5:44 AM GMT

    इन दो विषयों से जुड़े सबसे अधिक पत्र मिले: पीएम मोदी

    पीएम नरेंद्र मोदी ने  कहा इन दिनों सबसे ज्यादा पत्र, संदेश जो मुझे मिले हैं वो दो विषयों पर बहुत अधिक हैं। पहला विषय है, चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग और दूसरा विषय है दिल्ली में G-20 का सफल आयोजन।

  • 24 Sep 2023 5:43 AM GMT

    भारत की सफलता को पूरा देश देख रहा: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने ये भी कहा कि देश में चंद्रयान-3 और G-20 की चर्चा हो रही है। भारत की सफलता को पूरा विश्व देख रहा है। जी-20 के सफल आयोजन से देश की खुशी दोगुनी हो गई। जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट कार्यक्रम होने जा रहा है। 

  • 24 Sep 2023 5:39 AM GMT

    'चंद्रयान-3 महाक्विज कंपटीशन चल रहा: पीेएम मोदी

    चंद्रयान की इस सफलता पर देश में इन दिनों एक बहुत ही शानदार क्विज कंपटीशन चल रहा है। प्रश्न स्पर्धा और उसे नाम दिया गया है - 'चंद्रयान-3 महाक्विज'। माई गवर्मेंट पोर्टल पर हो रहे इस कंपटीशन में अब तक 15 लाख से ज्यादा लोग हिस्सा ले चुके हैं। MyGov की शुरुआत के बाद यह किसी भी क्विज में सबसे बड़ी सहभागिता है।

  • 24 Sep 2023 5:37 AM GMT

    चंद्रयान-3 से करोड़ों भारतीयों का लगाव

    पीएम मोदी ने कहा कि जब चंद्रयान-3 का लैंडर चंद्रमा पर उतरने वाला था, तब करोड़ों लोग अलग-अलग माध्यमों के जरिए एक साथ इस घटना के पल-पल के साक्षी बन रहे थे। इसरो यूट्यूब चैनल पर 80 लाख से ज्यादा लोगों ने इस घटना को देखा। अपने आप में ही एक रिकार्ड है। इससे पता चलता है कि चंद्रयान-3 से करोड़ों भारतीयों का कितना गहरा लगाव है।

  • 24 Sep 2023 5:32 AM GMT

    PM मोदी के मन की बात शुरू...

    Mann Ki Baat Live: PM मोदी के मन की बात शुरू...

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story