×

Political News: जगह जगह ताकत दिखाने को होगा 11 जून को जुटान

Political News: केंद्र में मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 11 जून को भाजपा द्वारा जगह जगह जनसभाएं आयोजित की जानी हैं।

Neel Mani Lal
Published on: 10 Jun 2023 1:51 PM GMT
Political News: जगह जगह ताकत दिखाने को होगा 11 जून को जुटान
X
(Pic Credit - Social Media )

Political News: लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। साल भर से भी कम समय बचा है। सभी पार्टियां और नेता कमर कस रहे हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम में सभाओं और रैलियों का भी मौसम गर्म हो रहा है। इसी क्रम में 11 जून को जगह जगह रैलियों के जरिये शक्ति प्रदर्शन और लोगों का ध्यान खींचने की तैयारी है।

केंद्र में मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 11 जून को भाजपा द्वारा जगह जगह जनसभाएं आयोजित की जानी हैं। इन रैलियों में सरकार की उपलब्धियों को बताया जाएगा। ऐसी ही एक सभा यूपी में गोंडा में होने जा रही है। इस सभा का आयोजन भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह कर रहे हैं। चूंकि वो इनदिनों पहलवानों के आंदोलन के चलते दबाव में हैं सो इस रैली को उनका खुद का शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है।

इसी दिन किसानों की एक महापंचायत शामली के गांव भाज्जु में होने वाली है। किसान नेता राकेश टिकैत ने किसानों की महापंचायत बुलाने की घोषणा की है। इसमें महिला पहलवानों के साथ हुए यौन शोषण और बृजभूषण शरण की गिरफ्तारी न किए जाने से संबंधित मुद्दे को उठाया जाएगा। यानी यहां से भी सरकार को निशाने पर लिया जाएगा।

दूसरी ओर दिल्ली के रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी एक बड़ी रैली 11 जून को आयोजित कर रही है। इस रैली के भी राजनीतिक और चुनावी मायने होंगे । क्योंकि अरविंद केजरीवाल इस मंच से केंद्र की मोदी सरकार को घेरेंगे।

उधर राजस्थान में अशोक गहलौत के खिलाफ लंबा मोर्चा खोले सचिन पायलट भी 11 जून को दौसा में एक बड़ा कार्यक्रम करने वाले हैं। उनके पिता राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर इसका आयोजन हो रहा है। चुनावी साल में यह कार्यक्रम अलग तरह का होने की उम्मीद है। सभी पार्टियां और नेता इसमें होने वाले संभावित ऐलान पर नजर लगाए हैं। हो सकता है सचिन कोई बड़ा ऐलान कर दें।

केजरीवाल की रैली

दिल्ली का रामलीला मैदान वो जगह है, जिसने 12 साल पहले अरविंद केजरीवाल को आम आदमी का खास चेहरा बना दिया था। भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना आंदोलन ने रामलीला मैदान से आंदोलन छेड़ा था। यहीं के मंच पर केजरीवाल ने खूब प्रभावित किया था।

अब 12 साल बाद केजरीवाल फिर से उसी मंच पर आ रहे हैं और उनकी आम आदमी पार्टी ने रामलीला मैदान पर बड़ी रैली बुलाई है। इस बार निशाना भ्रष्टाचार नहीं बल्कि केंद्र के नए अध्यादेश के खिलाफ जनसमर्थन इकठ्ठा करने के लिए है। इस अध्यादेश के जरिये दिल्ली की सरकार की शक्तियां कम करने की कोशिश की गई है। मोटे तौर पर अरविंद केजरीवाल 2024 के चुनावी अभियान की शुरुआत कर रहे हैं।

बृजभूषण का शक्ति प्रदर्शन

भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने भी 11 जून को एक रैली बुलाई है। वैसे तो ये रैली मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा है। लेकिन इसे बृजभूषण सिंह के शक्ति प्रदर्शन का बहाना माना जा रहा है।

इन दिनों बृजभूषण शरण सिंह महिला पहलवानों की ओर से लगाए गए यौन शोषण के आरोपों के केंद्र में हैं। बृजभूषण सिंह की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रैली की जानकारी दी गई है।

उन्होंने गोंडा के बलपुर इलाके में स्थित रघुराज शरण सिंह डिग्री कॉलेज में रैली का आयोजन किया है। यह डिग्री कॉलेज बृजभूषण चलाते हैं। रैली के मंच पर अयोध्या के कुछ संत भी आ सकते हैं, जो आयोजक के रूप में सांसद को आशीर्वाद देंगे।

सबकी घेराबंदी

बहरहाल, राजस्थान से लेकर दिल्ली,शामली और गोंडा तक सब जगह अपने अपने ढंग से राजनीतिक घेराबंदी होगी। आगे तो और भी ऐसे अनेकों कार्यक्रम आयोजित होंगे। लोग सबकी सुनेंगे, देखेंगे।

Neel Mani Lal

Neel Mani Lal

Next Story