×

Weather Update Today: उत्तराखंड में भारी बारिश, आज भी ऑरेंज अलर्ट, इन राज्यों में गिरेगा झमाझम पानी

Weather Update Today 12 August 2023: मौसम विभाग की ओर से आज भी देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में कई दिनों से जारी भारी बारिश का दौर आज भी बना रहेगा।

Anshuman Tiwari
Published on: 12 Aug 2023 5:39 AM GMT
Weather Update Today: उत्तराखंड में भारी बारिश, आज भी ऑरेंज अलर्ट, इन राज्यों में गिरेगा झमाझम पानी
X
Weather Update Today 12 August 2023 (photo: social media )

Weather Today 12 August 2023: देश के विभिन्न इलाकों में मौसम का अलग-अलग रुख दिख रहा है। कुछ इलाकों में भारी बारिश का दौर बना हुआ है तो कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बारिश न होने का नजारा दिख रहा है। मौसम विभाग की ओर से आज भी देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में कई दिनों से जारी भारी बारिश का दौर आज भी बना रहेगा। राज्य के कई इलाकों में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

उत्तराखंड के अलावा बिहार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भी भारी से बहुत भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से उत्तराखंड, बिहार,उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी जमकर बरसेंगे बादल

मौसम विभाग की ओर से आज पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। हिमाचल प्रदेश,गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की आशंका है।

दक्षिण भारत के कई इलाकों में भी आज बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि देश के कुछ इलाकों में अगले पांच दिनों तक झमाझम बारिश का दौर बना रहेगा। उत्तराखंड, बिहार, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले पांच दिनों तक झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में आज चलेंगी तेज हवाएं

राजधानी दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहने और तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। राजधानी में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप निकल गई जिसके कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। गर्मी और उमस ने भी लोगों को बहाल किया।

स्वतंत्रता दिवस पर देश का मुख्य आयोजन राजधानी दिल्ली में ही आयोजित किया जाता है और मौसम विभाग का कहना है की स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्ली में बूंदाबांदी होने की संभावना है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड के कुछ हिस्सों,हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गंगीय पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप, जम्मू कश्मीर, उत्तरी पंजाब और तटीय आंध्र प्रदेश में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story