×

लोकसभा चुनाव 2019 : MP की 6 लोकसभा और 1 विधानसभा सीट पर मतदान शुरू

मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत सोमवार सुबह सात बजे से छह सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। प्रदेश की एक विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव भी हो रहा है।

Anoop Ojha
Published on: 29 April 2019 3:54 AM GMT
लोकसभा चुनाव 2019 : MP की 6 लोकसभा और 1 विधानसभा सीट पर मतदान शुरू
X

भोपाल: मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत सोमवार सुबह सात बजे से छह सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। प्रदेश की एक विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव भी हो रहा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश की सीधी, शहडोल, जबलपुर, मण्डला, बालाघाट और छिन्दवाड़ा लोकसभा सीटों पर आज सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ।

मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) वी एल कांता राव ने रविवार को बताया कि 1.05 करोड़ से अधिक मतदाता पहले चरण में 10 महिलाओं सहित 108 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे।

यह भी पढ़ें.....Live- लोकसभा चुनाव 2019 : चौथे चरण में नौ राज्यों की 72 सीटों के लिए मतदान शुरू

उन्होंने कहा कि बालाघाट संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आठ विधानसभा क्षेत्रों में नक्सल प्रभावित तीन विधानसभा क्षेत्रों बैहर, लांजी एवं परसवाड़ा में मतदान का समय सुबह 7 बजे से अपरान्ह 4 बजे रहेगा। शेष सभी संसदीय क्षेत्रों एवं बालाघाट के शेष विधानसभा क्षेत्रों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा।

वर्ष 2014 में इनमें से पांच सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया था। वहीं, छिन्दवाड़ा सीट कांग्रेस के खाते में गयी थी।

छिन्दवाड़ा विधानसभा सीट पर आज हो रहे उपचुनाव में प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ (73) का मुकाबला भाजपा के नये चेहरे विवेक साहू (38) से है।

राव ने बताया कि इन छह लोकसभा सीटों पर कुल 108 प्रत्याशी मैदान में है, जिनमें से सीधी में 26, शहडोल में 13, जबलपुर में 22, मण्डला में 10, बालाघाट में 23 एवं छिन्दवाड़ा में 14 उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं, छिन्दवाड़ा विधानसभा उप-चुनाव में 9 उम्मीदवार मैदान में हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की इन छह संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 13,491 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं।

यह भी पढ़ें......CM योगी ने खिलाड़ियों से BJP को जिताने की अपील की

आज चुनावी मैदान में प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ (छिन्दवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी) तथा मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह (जबलपुर) एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते (मंडला से भाजपा प्रत्याशी) जैसे दिग्गज नेताओं के भाग्य का फैसला होगा।

राव ने बताया कि इस चरण में मध्य प्रदेश में केन्द्रीय सशस्त्र बल की कुल 85 कंपनियां, राज्य सशस्त्र पुलिस बल की 38 कंपनियां तथा राज्य पुलिस के अधिकारी/कर्मचारी सहित कुल 44,200 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किये गये हैं। इनके अलावा, लगभग 60,000 मतदान कर्मी भी मतदान केन्द्रों में नियुक्त किये गये हैं।

उन्होंने कहा कि इस चरण में कुल 645 मतदान केन्द्र पूर्णत: महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित बनाये गये हैं। इसके अलावा कुल 27 मतदान केन्द्र दिव्यांग व्यक्तियों द्वारा संचालित बनाये गये हैं।

राव ने बताया कि मंडला एवं बालाघाट जिलों के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों हेतु वायुसेना के दो हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था कराई गई है।

मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों में 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई एवं 19 मई को मतदान होना है।

(भाषा)

Anoop Ojha

Anoop Ojha

Excellent communication and writing skills on various topics. Presently working as Sub-editor at newstrack.com. Ability to work in team and as well as individual.

Next Story