×

Lakhimpur Kheri News: जलशक्ति मंत्री ने कहा- सरकार की तत्परता से समय रहते हुआ बाढ़ नियंत्रण, 22 परियोजनाओं की दी सौगात

Lakhimpur Kheri News: जलशक्ति मंत्री ने जनपद खीरी में बाढ़ व सिंचाई की 20 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्य अभियंता एसपी सिंह, अशोक कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह, ललित कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता राजीव कुमार, जेपी सिंह मौजूद थे।

Himanshu Srivastava
Published on: 6 Sep 2023 1:31 PM GMT (Updated on: 6 Sep 2023 1:25 PM GMT)
Lakhimpur Kheri News: जलशक्ति मंत्री ने कहा- सरकार की तत्परता से समय रहते हुआ बाढ़ नियंत्रण, 22 परियोजनाओं की दी सौगात
X
Swatantradev Singh inaugurated 20 flood and irrigation projects in Lakhimpur Kheri

Lakhimpur Kheri News: प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार जनपद खीरी पहुंचे। जहां उनके आगमन पर शारदा नगर स्थित सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग निरीक्षण भवन में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी गणेश प्रसाद साहा ने पुष्प देकर उनका स्वागत किया। जनपद आए स्वतंत्र देव सिंह ने यहां बाढ़ राहत और कटान रोधी कार्यों के हालात की समीक्षा की।

355 करोड़ की लागत से पूरी की गईं परियोजनाएं

जलशक्ति मंत्री ने जनपद खीरी में बाढ़ व सिंचाई की 20 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्य अभियंता एसपी सिंह, अशोक कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह, ललित कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता राजीव कुमार, जेपी सिंह मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कबीना मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जनपद खीरी में इस सरकार के 2017 में आने के बाद बाढ़ राहत की कुल 51 परियोजनायें, जिसकी कुल लागत 355 करोड़ रूपये थी, स्वीकृत कर पूरी की गई हैं।

ग्रामीणों को किया बाढ़ से सुरक्षित

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं से 252 ग्रामों की कुल तीन लाख आबादी को सुरक्षित किया गया। कुल 11520 हेक्टेयर भूमि को कटान से सुरक्षित किया गया। इस वर्ष सूखे से निपटने के लिए लखीमपुर स्थित शारदा बैराज से निकलने वाली फीडर नहर को अबतक के अधिकतम डिस्चार्ज से चलाया जा रहा है। इस नहर के जरिए प्रदेश के सोलह जनपदों में सिंचाई प्रदान की जाती है। इस नहर को अधिकतम स्तर से चलाने के कारण प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सूखे की स्थिति नियंत्रण में है।

सात वर्षों से नहीं टूटा कोई तटबंध

जलशक्ति मंत्री ने कहा कि आज कुल 20 परियोजनाओं को पूर्ण कर लोकार्पण किया जा रहा। इन परियोजनाओं से 86 ग्रामों की एक लाख तेरह हजार दो सौ नब्बे आबादी एवं 3970 हेक्टेयर भूमि की कटान से सुरक्षा हुई। दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है। जिससे 23 ग्रामों की 58700 आबादी को लाभ मिलेगा। मंत्री ने कहा कि विधायक मंजू त्यागी ने जिस समस्या से अवगत कराया। उसके लिए विभाग गहराई से चिंता करेगा। जल्द ही अधिकारी सर्वे भी करेंगे। सात वर्षों में शाहजहांपुर, सीतापुर, लखीमपुर में कोई भी तटबंध या परियोजना को ना तो कोई भी खतरा हुआ है, ना ही कटा है। सरकार मोदी-योगी के ईमानदार नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, खेत, खलियान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहे। सरकार जहां एक और टेल तक पानी पहुंचा रही। 2024 तक नल से जल पहुंचने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम किया जा रहा है।

बढ़ती परियोजनाओं पर जताई खुशी

विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि शारदा-धौरहरा के बीच बसे बाढ़, कटान से गांव को बचाने के लिए सरकार ने पूरी प्रतिबद्धता से काम किया। उन्होंने बाढ़ की विभीषिका से निपटने के लिए अफसर की तारीफ की। विधायक मंजू त्यागी ने अपने क्षेत्र की कटान की वर्तमान परिस्थितियों बताई। उनके क्षेत्र में फ्लड प्लेन जोन में अनुरक्षण का काम करने की मांग की, ताकि कृषकों, क्षेत्रवासियों को कोई दिक्कत ना हो। विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि सरकार बाढ़ व कटान को लेकर बेहद गंभीर हैं। बाढ़रोधी परियोजनाओं में कीर्तिमान स्थापित करते हुए बड़े पैमाने पर लोगों को राहत दी है। जिले में वर्ष 2017 से 2023 तक बड़ी संख्या में परियोजनाएं क्रियान्वित हुई है।

कबीना मंत्री ने जनप्रतिनिधियों, अफसरों संग किया पौधारोपण

कार्यक्रम के उपरांत सूबे के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद बाजपेई, विधायक मंजू त्यागी, विनोद शंकर अवस्थी, शशांक वर्मा के संग सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग शारदा नगर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार, औषधीय पौध का रोपण किया।

Himanshu Srivastava

Himanshu Srivastava

Next Story