×

Weather Update Today: उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, पूर्वी यूपी में भी जमकर बरसेंगे बादल

Weather Today 11 August 2023: बिहार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भी आज भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग की ओर से आज इन सभी राज्यों में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 11 Aug 2023 5:11 AM GMT
Weather Update Today: उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, पूर्वी यूपी में भी जमकर बरसेंगे बादल
X
Weather Today 11 August 2023 (फोटो: सोशल मीडिया )

Weather Today 11 August 2023: देश के कई इलाकों में इन दोनों मूसलाधार बारिश का दौर बना हुआ है। भारी बारिश होने के कारण कई इलाकों में लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। उत्तराखंड में कई दिनों से भारी बारिश के कारण जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। बिहार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भी आज भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग की ओर से आज इन सभी राज्यों में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की ओर से आज नॉर्थ ईस्ट के राज्यों के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का यह दौर 14 अगस्त तक बना रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हाल के दिनों में झमाझम बारिश हुई है।

इन इलाकों में जोरदार बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक आज असम, मेघालय, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के विभिन्न इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। झारखंड, ओडिशा, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ बादल बरसेंगे।

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड के दक्षिणी हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों और हिमाचल प्रदेश में आगामी 14 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर बना रहेगा। पंजाब और हरियाणा में भी राहत का दौर खत्म होने के बाद 13 अगस्त को भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

राजधानी दिल्ली में भी बरसेंगे बादल

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर के इलाके में भी आज आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और राजधानी में हल्की बारिश होने की संभावना है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

राजधानी में बारिश का दौर फिर शुरू होने के कारण लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। राजधानी में शनिवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है और उसके बाद 15 अगस्त तक गरज के साथ बारिश का दौर बना रहेगा।

मौसम विभाग ने गुजरात, विदर्भ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पंजाब, जम्मू कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा तेलंगाना, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम के कुछ हिस्सों और अरुणाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

बिहार के शेष हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। दक्षिणी मध्य प्रदेश, गुजरात, विदर्भ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पंजाब, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story