×

पीएम मोदी की शॉपिंग का सियासी कनेक्शन, चुनावी राज्यों का विशेष ख्याल

वैसे तो प्रधानमंत्री ने कई प्रदेशों की महिलाओं के सामान खरीदे मगर इस खरीदारी के दौरान भी वे उन राज्यों को विशेष रूप से नहीं भूले जहां जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं।

Shivani Awasthi
Published on: 9 March 2021 5:25 AM GMT
पीएम मोदी की शॉपिंग का सियासी कनेक्शन, चुनावी राज्यों का विशेष ख्याल
X

अंशुमान तिवारी

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की के हाथों से बने कई सामानों की खरीदारी की। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर महिलाओं को बधाई देने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उनके द्वारा किए जा रहे विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों के लिए उन्हें सलाम भी किया।

वैसे तो प्रधानमंत्री ने कई प्रदेशों की महिलाओं के सामान खरीदे मगर इस खरीदारी के दौरान भी वे उन राज्यों को विशेष रूप से नहीं भूले जहां जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रधानमंत्री ने शॉपिंग के दौरान पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और असम की महिलाओं का विशेष रूप से ख्याल रखा। अब इस खरीदारी का भी सियासी कनेक्शन खोजा जा रहा है।

बंगाल के फाइल फोल्डर की खरीदारी

पश्चिम बंगाल के इस बार के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच में कड़ा मुकाबला हो रहा है। पश्चिम बंगाल की सत्ता पर 10 साल से काबिज ममता बनर्जी को इस बार सत्ता से बेदखल करने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है।

ये भी पढ़ेँ- राहुल ने कुरेदा सिंधिया का दर्द, असंतुष्टों को भी बड़ा संदेश देने की कोशिश

प्रधानमंत्री ने महिला दिवस पर पश्चिम बंगाल की महिला उद्यमियों की ओर से बनाए गए जूट से बने फाइल फोल्डर की खरीदारी की है।



इस फोल्डर के बारे में पीएम ने अपने ट्वीट में लिखा है कि मैं निश्चित रूप से पश्चिम बंगाल में हस्तनिर्मित इस फाइल फोल्डर का उपयोग करने जा रहा हूं। पीएम मोदी ने कहा कि सभी के घरों में यह उत्पाद जरूर होना चाहिए। इस फोल्डर की कीमत 222 रुपए है।

तमिलनाडु में बना शॉल भी खरीदा

तमिलनाडु में भाजपा अन्नाद्रमुक के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतर रही है और इस बार पार्टी वहां अपने पांव मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। पीएम ने तमिलनाडु की महिलाओं का भी ख्याल रखा है।

ये भी पढ़ेँ-भारत-बांग्लादेश को जोड़ेगा मैत्री सेतु, पीएम मोदी आज करेंगे उद्घाटन

उन्होंने तमिलनाडु की महिलाओं की ओर से डिजाइन किया गया एक शॉल खरीदा है। इस शॉल को टोडा जनजाति की महिलाओं ने तैयार किया है।



पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में इस शॉल की प्रशंसा के पुल बांधते हुए इसे अद्भुत बताया है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने एक ट्राइबल पेंटिंग की भी शॉपिंग की है। उन्होंने इसे शानदार कला बताया है।

असम का गमछा नहीं भूले पीएम

असम के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर सत्ता पर कब्जा बनाए रखने की लड़ाई लड़ रही है। दूसरी ओर कांग्रेस इस बार भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटी हुई है। ऐसे में प्रधानमंत्री असम को कैसे भूल सकते थे।



महिला दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने असम में बना गमछा भी खरीदा है। उन्होंने इसे बेहद आरामदायक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की ओर से बनाया गया यह गमछा हमारे लिए काफी सुविधाजनक है।

केरल के क्राफ्ट की भी प्रशंसा

केरल के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा इस बार अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश में लगी हुई है। मेट्रोमैन ई श्रीधरन के आने से पार्टी को काफी मजबूती मिली है। पीएम मोदी ने केरल में बने पाम क्राफ्ट की भी खरीदारी की है।

ये भी पढ़ेँ-दिल्ली को सौगातः केजरीवाल सरकार का बजट आज होगा पेश, जानें मिलेगा क्या खास

पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में केरल की महिलाओं के हाथों निर्मित क्लासिक क्राफ्ट की भी काफी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि हमारी नारी शक्ति ने स्थानीय शिल्प और उत्पादों को लोकप्रिय बनाने में काफी बड़ी भूमिका निभाई है।



इन उत्पादों का भी रखा ध्यान

वैसे महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नगालैंड की महिलाओं के हाथों से बने शॉल को भी नहीं भूले। उन्होंने नगालैंड की महिलाओं की रचनात्मकता की तारीफ करते हुए लिखा है कि देश को नगा संस्कृति पर गर्व है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने मधुबनी पेंटिंग वाला एक स्टोल भी खरीदा है। उन्होंने इस स्टोल की भी काफी प्रशंसा की है।

ये भी पढ़ेँ-त्रिवेंद्र रावत बने रहेंगे CM: उत्तराखंड नेतृत्व में परिवर्तन नहीं, BJP की बैठक में फैसला

चुनावी राज्यों पर विशेष नजर

हालांकि प्रधानमंत्री ने महिलाओं के हुनर को सलाम करने के लिए इतनी ढेर सारी शॉपिंग की है मगर चुनावी मौसम होने के कारण इसका सियासी कनेक्शन भी खोजा जा रहा है। पीएम मोदी ने भी अपनी खरीदारी में चार चुनावी राज्यों की महिलाओं का विशेष रूप से जिक्र किया है। इसलिए इस खरीदारी में भी सियासी कनेक्शन खोजना लाजमी है।

भाजपा को इसका कोई सियासी फायदा मिले या न मिले मगर प्रधानमंत्री ने अपनी ओर से इन राज्यों की महिलाओं के हुनर और उनकी रचनात्मकता की दिल खोलकर प्रशंसा की है।

Shivani Awasthi

Shivani Awasthi

Next Story