×

MS Dhoni: क्रिकेट फैंस के दिलों पर राज करने वाला खिलाड़ी,किसी दूसरे क्रिकेटर के प्रति नहीं दिखी ऐसी दीवानगी

MS Dhoni:देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी उनकी लंबी फैन फॉलोइंग है और कहा तो यहां तक जाता है कि क्रिकेट फैंस में जैसी दीवानगी धोनी के प्रति दिखती है,वैसी किसी दूसरे क्रिकेटर के प्रति आज तक नहीं दिखी।

Anshuman Tiwari
Published on: 30 May 2023 10:52 AM GMT
MS Dhoni: क्रिकेट फैंस के दिलों पर राज करने वाला खिलाड़ी,किसी दूसरे क्रिकेटर के प्रति नहीं दिखी ऐसी दीवानगी
X
MS Dhoni (photo: social media )

MS Dhoni: पांचवीं बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी वास्तव में कमाल के खिलाड़ी हैं। लंबे समय तक टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले धोनी के प्रति फैंस की दीवानगी का नजारा सोमवार को आईपीएल के फाइनल मुकाबले में भी दिखा। स्टेडियम में चारों ओर धोनी-धोनी के नारे की गूंज सुनाई पड़ रही थी। अपने कॅरियर के दौरान धोनी की सबसे बड़ी खूबी यह रही है कि वे दबाव के क्षणों में भी कभी नहीं टूटते और इसी कारण उन्हें कैप्टन कूल के रूप में भी जाना जाता रहा है।

देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी उनकी लंबी फैन फॉलोइंग है और कहा तो यहां तक जाता है कि क्रिकेट फैंस में जैसी दीवानगी धोनी के प्रति दिखती है,वैसी किसी दूसरे क्रिकेटर के प्रति आज तक नहीं दिखी। धोनी कितने बड़े क्रिकेटर हैं यह बात इसी से समझी जा सकती है कि फाइनल मुकाबला हारने के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने भी धोनी की जमकर तारीफ की। सोमवार को फाइनल मुकाबले के दौरान धोनी ने कई बड़े रिकॉर्ड भी बना डाले।

धोनी के प्रति फैंस में गजब की दीवानगी

यदि टीम इंडिया के इतिहास को देखा जाए भारतीय क्रिकेट टीम में कपिल देव, सुनील गावस्कर, वीरेंद्र सहवाग, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली सरीखे कई बड़े क्रिकेटर रहे हैं मगर खेल के मैदानों में जैसी दीवानगी धोनी के प्रति दिखती रही है, वैसी किसी दूसरे क्रिकेटर के प्रति कभी नहीं दिखी। धोनी जिस भी क्रिकेट मैदान पर खेलने के लिए उतरते हैं, उन्हें देखने के लिए हजारों क्रिकेट फैंस स्टेडियम में पहुंच जाते हैं।

पूरे मैच के दौरान धोनी-धोनी के नारे की गूंज सुनाई पड़ती है। आईपीएल का फाइनल मुकाबला सोमवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया मगर यहां भी धोनी के प्रति फैंस की दीवानगी सिर चढ़कर बोलती दिखी। हालांकि धोनी इस मैच के दौरान अपनी बल्लेबाजी में कोई कमाल नहीं दिखा सके और पहली बॉल पर ही आउट होकर लौट गए।

अधिक उम्र के बावजूद चपलता में कोई कमी नहीं

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने और अधिक उम्र हो जाने के बावजूद धोनी की चपलता में कोई कमी नहीं आई है। सोमवार को आईपीएल के फाइनल मुकाबले के दौरान इसका नजारा भी दिखा। दीपक चाहर के हाथों दो जीवनदान पाने के बाद गुजरात टाइटंस के शानदार बल्लेबाज शुभमन गिल विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 20 गेंदों पर 39 रन बना डाले थे, लेकिन रविंद्र जडेजा की गेंद पर धोनी ने स्टंप आउट करते हुए गिल को बड़ी पारी खेलने से रोक दिया। धोनी ने गिल को इतनी फुर्ती दिखाते हुए स्टंप आउट किया कि गिल भी हतप्रभ रह गए।

धोनी की इस स्टंपिंग की टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी जमकर तारीफ की। सहवाग ने आईपीएल का वीडियो रीट्वीट करते हुए कहा कि बहुत खूब। बैंक के नोट बदल सकते हैं मगर विकेट के पीछे एमएस धोनी को नहीं बदल सकते। हमेशा की तरह तेज एमएस धोनी। यदि धोनी गिल को स्टंप आउट करने में कामयाब नहीं होते तो चेन्नई की टीम पर रनों का दबाव और बढ़ सकता था।

पांचवीं बार बनाया टीम को चैंपियन

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने आईपीएल 2023 के फाइनल मुकाबले में गुजारा टाइटंस की टीम को 5 विकेट से हराकर पांचवी बार आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। महेंद्र सिंह धोनी ने बतौर कप्तान आईपीएल के फाइनल मुकाबले में इतिहास रच दिया। पांचवीं बार फाइनल मुकाबला जीतने के बाद धोनी ने मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के एक महारिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

आईपीएल के इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार महेंद्र सिंह धोनी पांच आईपीएल खिताब जीतने वाले दूसरे कप्तान बन गए हैं। धोनी के अलावा मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के नाम भी पांच बार आईपीएल खिताब जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है।

धोनी के नाम दर्ज हुआ बड़ा रिकॉर्ड

सीएसके के कप्तान धोनी ने आईपीएल फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। धोनी ने अपने 250वें आईपीएल मुकाबले में टी-20 क्रिकेट में 300वां शिकार कर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। धोनी ने गुजरात टाइटंस की पारी के सातवें ओवर में शुभमन गिल को स्टंप आउट किया।

यह महेंद्र सिंह धोनी के टी-20 कॅरियर की 87वीं स्टंपिंग थी। इसमें से 34 स्टंपिंग धोनी ने अंतरराष्ट्रीय मैचों में की है। वहीं धोनी ने पारी के 14वें ओवर में रिद्धिमान साहा का कैच पकड़ा। उस समय साहा काफी विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। साहा का कैच धोनी के कॅरियर का 214वां कैच था। इसमें से 57 कैच धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों में पकड़े हैं। वैसे यदि धोनी के कॅरियर को देखा जाए तो साहा का कैच उनका 301वां शिकार था।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story