साल का सबसे पुण्यदायी महीना शुरू! अगले 30 दिन जरूर करें ये 7 काम, श्रीकृष्ण की बरसेगी कृपा
Margashirsha Month 2026: मार्गशीर्ष मास भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित है। जानिए इस महीने कौन से 7 काम करने से मिलता है पुण्य, सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद। मार्गशीर्ष मास में क्या करें और क्या नहीं?
Margashirsha Month 2026: हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष मास को केवल पूजा-पाठ का महीना नहीं, बल्कि स्वयं को भीतर से बेहतर बनाने का अवसर मानते है। इस महीने का संबंध भगवान श्रीकृष्ण से है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान कृष्ण ने अपनी विभूतियों का वर्णन करते हुए कहा है, 'मासानां मार्गशीर्षोऽहम्' यानी महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। भगवान के इस वचन से ही इस महीने की धार्मिक महत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मान्यता है कि मार्गशीर्ष मास में की गई भक्ति, जप, तप, दान और सेवा से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। यही वजह है कि इस दौरान श्रद्धालु भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की आराधना के साथ-साथ स्नान, दीपदान और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों को महत्व देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस पूरे महीने में कुछ ऐसे छोटे-छोटे धार्मिक कार्य भी हैं, जिन्हें अपनी दिनचर्या में शामिल करके आध्यात्मिक शांति और सकारात्मकता का अनुभव किया जा सकता है? जानते हैं मार्गशीर्ष मास में कौन से काम करना शुभ है।
मार्गशीर्ष मास में क्यों खास है
मार्गशीर्ष मास का सबसे बड़ा आध्यात्मिक आधार भगवान श्रीकृष्ण का गीता में दिया गया संदेश है। उन्होंने स्वयं को मार्गशीर्ष मास के समान बताया है। इस वजह से इस महीने को भगवान कृष्ण के स्मरण, गीता के अध्ययन और भक्ति साधना के लिए विशेष है।
धार्मिक मान्यता है कि इस दौरान व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में कुछ समय ईश्वर के चिंतन के लिए जरूर निकालना चाहिए। केवल पूजा करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि अपने व्यवहार में धैर्य, विनम्रता, सत्य और करुणा को जगह देना भी इस मास की साधना का हिस्सा है। मन में दूसरों के प्रति द्वेष रखने के बजाय क्षमा और सहयोग का भाव विकसित करना भी आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग माना गया है।
मार्गशीर्ष मास में जरूर करें ये 7 शुभ काम
रोज करें श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ-मार्गशीर्ष मास में गीता का पाठ करना विशेष फलदायी माना जाता है। इसके लिए जरूरी नहीं कि प्रतिदिन पूरी गीता पढ़ी जाए। आप रोज एक अध्याय या कुछ श्लोक पढ़कर उनके अर्थ को समझने का प्रयास कर सकते हैं। गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म, धर्म, कर्तव्य और जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए हैं। नियमित अध्ययन से व्यक्ति को अपने जीवन के फैसलों पर विचार करने और सही दिशा चुनने की प्रेरणा मिलती है।
तुलसी के पास जलाएं घी का दीपक-हिंदू धर्म में तुलसी को अत्यंत पवित्र माना गया है। भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा में भी तुलसी दल का विशेष महत्व बताया गया है। मार्गशीर्ष मास में सुबह तुलसी को जल अर्पित करें और संध्या के समय उनके पास घी का दीपक जलाएं। इस दौरान भगवान विष्णु का स्मरण करें। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी सेवा से घर में सुख-शांति बनी रहती है और परिवार पर भगवान की कृपा रहती है।
भगवान विष्णु के मंत्रों का करें जाप- इस महीने में मंत्र जाप को भी महत्वपूर्ण साधना माना जाता है। सुबह स्नान के बाद शांत स्थान पर बैठकर 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' या 'ॐ नमो नारायणाय' मंत्र का जाप कर सकते हैं। अपनी श्रद्धा के अनुसार 11, 21 या 108 बार मंत्र का उच्चारण करें। नियमित जाप से मन को एकाग्र करने और व्यर्थ की चिंताओं से ध्यान हटाने में मदद मिल सकती है। पूजा के दौरान जल्दबाजी करने के बजाय कुछ समय शांत होकर भगवान का स्मरण करना अधिक महत्वपूर्ण है।
जरूरतमंदों को अन्न और गर्म कपड़ों का दान करें- मार्गशीर्ष का महीना सेवा और दान के लिए भी महत्वपूर्ण माना गया है। सर्दी के मौसम में किसी जरूरतमंद को कंबल, गर्म कपड़े, भोजन या अनाज देना पुण्यदायी माना जाता है। अपनी क्षमता के अनुसार किसी गरीब परिवार की सहायता कर सकते हैं। ध्यान रखें कि दान का उद्देश्य दिखावा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद की परेशानी को कम करना होना चाहिए। निस्वार्थ भाव से किया गया सहयोग ही दान की वास्तविक भावना है।
सुबह स्नान के बाद करें सूर्य देव को जल अर्पित- मार्गशीर्ष मास में सुबह जल्दी उठकर स्नान करना और सूर्य देव को अर्घ्य देना शुभ माना जाता है। तांबे के पात्र में जल लेकर सूर्य की ओर मुख करके अर्घ्य दें। इस दौरान सूर्य मंत्र या गायत्री मंत्र का जाप कर सकते हैं। धार्मिक दृष्टि से सूर्य उपासना को आत्मबल, अनुशासन और सकारात्मकता से जोड़कर देखा जाता है। इस अभ्यास से दिन की शुरुआत भी नियमित और शांत तरीके से होती है।
भगवान विष्णु को अर्पित करें तुलसी दल और पीले फूल- मार्गशीर्ष मास में भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा करते समय तुलसी दल, पीले फूल, फल और नैवेद्य अर्पित करना शुभ माना जाता है। पूजा के दौरान विष्णु सहस्रनाम का पाठ या गजेंद्र मोक्ष का पाठ भी कर सकते हैं। मान्यता है कि भगवान को श्रद्धापूर्वक अर्पित की गई सामग्री और सच्चे मन से की गई प्रार्थना भक्त के जीवन में सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है।
पशु-पक्षियों के लिए भोजन और पानी रखें- धर्म में जीवों की सेवा को भी पुण्य का कार्य माना गया है। मार्गशीर्ष मास में गाय को हरा चारा, कुत्तों को भोजन और पक्षियों को दाना-पानी देना सेवा का अच्छा माध्यम हो सकता है। घर की छत या आंगन में पक्षियों के लिए पानी का पात्र रखें। सर्दियों में यह छोटा-सा प्रयास बेजुबान जीवों के लिए काफी मददगार हो सकता है। ऐसी सेवा से व्यक्ति के भीतर दया, संवेदना और परोपकार का भाव मजबूत होता है।
मार्गशीर्ष मास में किन बातों का रखें विशेष ध्यान?
इस महीने में पूजा-पाठ के साथ अपने आचरण को भी बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दौरान कुछ बातों से दूरी रखना शुभ माना जाता है
किसी का अपमान करने और कटु वचन बोलने से बचें।
जरूरतमंद व्यक्ति को खाली हाथ लौटाने के बजाय यथासंभव सहायता करें।
क्रोध, अहंकार और अनावश्यक विवाद से दूर रहने का प्रयास करें।
भोजन और दिनचर्या में संयम रखें।
पूजा-पाठ को केवल दिखावे के लिए न करें, बल्कि श्रद्धा और एकाग्रता बनाए रखें।
मार्गशीर्ष मास हमें केवल धार्मिक अनुष्ठान करने की प्रेरणा नहीं देता, बल्कि जीवन में अच्छे कर्मों को अपनाने का संदेश भी देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कर्म और कर्तव्य को विशेष महत्व दिया है। ऐसे में इस महीने को सार्थक बनाने के लिए प्रतिदिन कुछ समय ईश्वर के स्मरण में लगाएं, किसी जरूरतमंद की मदद करें और अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।
धार्मिक मान्यता है कि श्रद्धा, सेवा और संयम के साथ मार्गशीर्ष मास में किए गए शुभ कर्मों से भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त होती है। इस महीने की वास्तविक सार्थकता भी इसी में है कि पूजा के साथ-साथ हमारे कर्म और विचार भी पवित्र बनें।