Vivah Panchami 2026 Date कब है?शादी में रुकावट या रिश्तों में है तनाव? तो इस दिन जरूर करें ये पूजा
Vivah Panchami 2026 Date : विवाह पंचमी के दिन देवी सीता और श्रीराम की पूजा करने से विवाह में आने वाली सारी बाधाएं दूर होती हैं। मनचाहा जीवनसाथी मिलता है। वैवाहिक जीवन में आ रही समस्याएँ खत्म होती है और जीवनभर सुख-दुख में आदर्श दंपत्ति बनकर समाज में मिसाल बनते हैं।
Vivah Panchami Kab Hai श्रीराम और माता सीता के विवाह का दिन विवाह पंचमी है। इस पर्व को भगवान श्रीराम और माता सीता के पवित्र विवाह की स्मृति में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी तिथि पर त्रेतायुग में अयोध्या के राजकुमार श्रीराम और मिथिला की राजकुमारी सीता विवाह के बंधन में बंधे थे। इसलिए मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को विवाह पंचमी के रूप में विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दिन मंदिरों में भगवान राम और माता सीता का विशेष शृंगार किया जाता है। कई स्थानों पर राम-जानकी विवाह का आयोजन होता है और भक्त विवाह से जुड़ी मंगल गीतों और भजनों के माध्यम से इस पावन प्रसंग को याद करते हैं।
विवाह पंचमी अयोध्या और नेपाल के जनकपुर में देखने को मिलता है। जनकपुर को माता सीता की जन्मभूमि माना जाता है, जबकि अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है। इस अवसर पर दोनों स्थानों पर उत्सव जैसा माहौल रहता है। धार्मिक विश्वास है कि इस दिन राम-सीता की पूजा करने से वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास और आपसी तालमेल बढ़ता है। जिन लोगों के विवाह में देरी हो रही है या शादी से जुड़ी परेशानियां बनी हुई हैं, वे भी इस दिन विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। आइए जानते हैं साल 2026 में विवाह पंचमी कब है, पूजा का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा और इस दिन का धार्मिक महत्व क्या है।
विवाह पंचमी 2026 कब है? (Vivah Panchami 2026 Date)
हिंदू पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि का आरंभ 13 दिसंबर 2026 को शाम 4 बजकर 47 मिनट पर होगा। वहीं, इस तिथि का समापन 14 दिसंबर 2026 को शाम 7 बजकर 15 मिनट पर होगा। हिंदू धर्म में व्रत और त्योहारों की तिथि निर्धारित करने के लिए उदयातिथि का विशेष महत्व होता है। इसी आधार पर साल 2026 में विवाह पंचमी का पर्व सोमवार, 14 दिसंबर को मनाया जाएगा।
इस दिन श्रद्धालु सुबह स्नान करने के बाद भगवान श्रीराम और माता सीता का ध्यान करते हैं। घरों और मंदिरों में राम-जानकी की पूजा की जाती है। कई जगहों पर विवाहोत्सव का आयोजन कर भगवान राम और माता सीता के विवाह की झांकी सजाई जाती है।
विवाह पंचमी 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त (Vivah Panchami 2026 Shubh Muhurat)
विवाह पंचमी के दिन पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों के लिए कई शुभ मुहूर्त रहेंगे। पंचांग के अनुसार, पूजा के लिए ये समय विशेष रहेंगे।
- ब्रह्म मुहूर्त- सुबह 05:16 बजे से 06:11 बजे तक
- प्रातः संध्या- सुबह 05:44 बजे से 07:06 बजे तक
- अभिजित मुहूर्त- सुबह 11:55 बजे से दोपहर 12:36 बजे तक
- विजय मुहूर्त- दोपहर 01:59 बजे से 02:40 बजे तक
- गोधूलि मुहूर्त- शाम 05:23 बजे से 05:51 बजे तक
- सायाह्न संध्या- शाम 05:26 बजे से 06:48 बजे तक
विवाह पंचमी का धार्मिक महत्व (Vivah Panchami Significance)
विवाह पंचमी का संबंध रामायण के एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रसंग से है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन मिथिला में राजा जनक की पुत्री सीता और अयोध्या के राजा दशरथ के पुत्र श्रीराम का विवाह हुआ था। माता सीता के स्वयंवर में भगवान श्रीराम ने भगवान शिव के धनुष को उठाकर उसकी प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया था। इसी दौरान धनुष टूट गया और राजा जनक ने अपनी पुत्री सीता का विवाह श्रीराम के साथ करने का निर्णय लिया।
इस विवाह में अयोध्या और मिथिला के राजपरिवारों के साथ ऋषि-मुनि और अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए थे। विवाह के इस प्रसंग को रामायण में विशेष स्थान प्राप्त है। यही वजह है कि हर साल मार्गशीर्ष शुक्ल पंचमी को विवाह पंचमी के रूप में मनाया जाता है।
धार्मिक दृष्टि से श्रीराम और माता सीता को आदर्श दंपती माना जाता है। उनका जीवन प्रेम, समर्पण, त्याग, मर्यादा और कर्तव्य का संदेश देता है। विवाह पंचमी पर उनकी पूजा करने का उद्देश्य केवल सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करना ही नहीं, बल्कि दांपत्य रिश्ते में एक-दूसरे के प्रति सम्मान, विश्वास और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है।
इस दिन अयोध्या के राम मंदिरों और जनकपुर के जानकी मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कई स्थानों पर भगवान श्रीराम की बारात निकाली जाती है और विधि-विधान से राम-जानकी विवाह संपन्न कराया जाता है। भक्त इस उत्सव में शामिल होकर विवाह के मंगल गीत गाते हैं और भगवान से परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना करते हैं।
विवाह पंचमी पर कैसे करें भगवान राम और माता सीता की पूजा?
विवाह पंचमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ वस्त्र धारण करें। इसके बाद घर के पूजा स्थल की सफाई करके भगवान श्रीराम और माता सीता की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। यदि घर में राम-जानकी की प्रतिमा पहले से मौजूद है, तो उसे साफ करके सुंदर वस्त्रों और फूलों से सजाएं।
सबसे पहले भगवान श्रीराम और माता सीता के सामने दीपक जलाएं।
दोनों को रोली, चंदन, अक्षत और पुष्प अर्पित करें।
माता सीता को सुहाग की सामग्री और लाल चुनरी चढ़ा सकते हैं।
भगवान श्रीराम को पीले फूल, तुलसी दल और फल अर्पित करें।
इसके बाद रामचरितमानस के बालकांड में वर्णित राम-सीता विवाह प्रसंग का पाठ करें।
भगवान राम और माता सीता के मंत्रों का जाप करें और विवाह के मंगल गीत गाएं।
अंत में आरती करके सुखी दांपत्य जीवन और परिवार की खुशहाली की कामना करें।
इस दिन अपनी श्रद्धा के अनुसार व्रत भी रखा जा सकता है। पूजा के बाद जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र या अन्य उपयोगी वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है।
विवाह पंचमी पर किन बातों का रखें ध्यान?
विवाह पंचमी का दिन प्रेम, मर्यादा और समर्पण का संदेश देता है। इसलिए इस दिन पूजा-पाठ के साथ अपने व्यवहार में भी सकारात्मकता बनाए रखना चाहिए।
घर में किसी से भी अपशब्द न कहें और वाद-विवाद से बचें।
भगवान राम और माता सीता की पूजा पूरे श्रद्धाभाव से करें।
दांपत्य जीवन में चल रही परेशानियों को बातचीत और समझदारी से सुलझाने का प्रयास करें।
जरूरतमंदों की सहायता करें और सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य करें।
इस दिन रामचरितमानस का पाठ करना और राम नाम का स्मरण करना शुभ माना जाता है।
विवाह पंचमी पर पूजा करने से क्या लाभ मिलता है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, विवाह पंचमी पर भगवान श्रीराम और माता सीता की आराधना करने से वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। पति-पत्नी के बीच प्रेम और आपसी समझ बढ़ाने के लिए इस दिन विशेष पूजा की जाती है। जिन लोगों के विवाह में बार-बार बाधाएं आ रही हैं, वे भी मनचाहा जीवनसाथी मिलने की कामना से राम-जानकी की पूजा करते हैं। विवाह पंचमी का सबसे बड़ा संदेश यह है कि किसी भी रिश्ते की मजबूती के लिए प्रेम के साथ विश्वास, धैर्य, सम्मान और एक-दूसरे के प्रति समर्पण जरूरी है। भगवान राम और माता सीता का जीवन इन्हीं मूल्यों की प्रेरणा देता है।