8th Pay Commission: करोड़ों कर्मचारियों की सैलरी में कब होगा बंपर इजाफा? फिटमेंट फैक्टर पर आया ये 5 बड़ा अपडेट

8th Pay 8th Pay Commission Update: 8वें वेतन आयोग से जुड़ी प्रक्रिया अब आगे बढ़ रही है और आयोग की ओर से अलग-अलग राज्यों में कर्मचारी संगठनों और पेंशनर्स के साथ बैठकें की जा रही हैं।

Update:2026-08-16 11:20 IST

8th Pay Commission Update

8th Pay Commission Update: इस वक़्त 8वां वेतन आयोग को लेकर केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच निरंतर चर्चा बनी हुई है। पूरे देश में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में कार्य करने वाले लगभग एक करोड़ से अधिक कर्मचारी और रिटायर हो चुके पेंशनर्स इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि उनकी सैलरी (Salary) और पेंशन (Pension) में कितना इजाफा होगा और नया वेतन ढांचा कब से लागू किया जाएगा।

इस बीच 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) से जुड़ी प्रक्रिया अब आगे बढ़ रही है और आयोग की ओर से अलग-अलग राज्यों में कर्मचारी संगठनों और पेंशनर्स के साथ बैठकें की जा रही हैं।

इसे लेकर जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित 8वां वेतन आयोग अब अपने परामर्श और विश्लेषण के महत्वपूर्ण चरण में है। आयोग कर्मचारियों, यूनियनों और पेंशनर्स की समस्याओं और सुझावों को समझने के लिए देश के अलग-अलग भागों में बैठकें कर रहा है। ऐसे में सैलरी, न्यूनतम वेतन, फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) और पेंशन रिवीजन (Pension Revision) को लेकर सामने आ रहे 5 बड़े अपडेट बेहद अहम हैं।

पूरे देश में चल रहा बैठकों का दौर

8वें वेतन आयोग का काम सिर्फ दिल्ली तक ही सीमित नहीं है। बल्कि यह आयोग देश के अलग-अलग राज्यों में जाकर कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और पेंशनर्स के प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहा है। इसका बड़ा मकसद कर्मचारियों की दिक्कतों और उनकी मांगों को सीधे तौर पर समझना है, ताकि वेतन और पेंशन से जुड़े निर्णय तैयार करते वक़्त अलग-अलग क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों को बेहद गंभीरता से समझा जाए।

बता दे, दक्षिण भारत में चेन्नई, तमिलनाडु में 7 और 8 सितंबर को अहम परामर्श बैठकें आयोजित की जानी हैं। इसके बाद 9 सितंबर को पुडुचेरी में भी सुनवाई का वक़्त तय किया गया है। वहीं उत्तर भारत में चंडीगढ़ में 16 से 18 सितंबर के बीच कर्मचारी संगठनों और आसपास के राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ आमने-सामने बातचीत होगी। राजस्थान के जयपुर में 31 अगस्त और 1 सितंबर को होने वाली बैठकों के लिए आवेदन जमा करने की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।

आंकड़ों के अध्ययन के लिए नियमों में परिवर्तन

नया वेतन ढांचा तैयार करना सिर्फ कर्मचारियों की मांगों को सुनने तक सीमित नहीं है। इसके लिए महंगाई के सूचकांक, देश की आर्थिक स्थिति और अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वित्तीय प्रस्तावों का गहराई से अध्ययन करना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से 8वें वेतन आयोग ने अपने कंसल्टेंट्स यानी सलाहकारों की नियुक्ति से जुड़े नियमों में कुछ आवश्यक परिवर्तन किए हैं।

इन विशेषज्ञों की सहयोग से आयोग को आर्थिक और वित्तीय आंकड़ों का ज्यादा वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण करने में सहायता मिलेगी। इसके आधार पर तैयार होने वाली रिपोर्ट में ठोस आंकड़ों और विस्तृत रूप से किये गए अध्ययन को शामिल किया जाएगा। इससे नए वेतन ढांचे और पेंशन से जुड़े सुझाव तैयार करने की प्रक्रिया को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

फिटमेंट फैक्टर पर सबसे अधिक चर्चा

केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बीच इस वक़्त सबसे अधिक चर्चा फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) को लेकर है। दरअसल, फिटमेंट फैक्टर के आधार पर कर्मचारियों की बेसिक सैलरी (Basic Salary) में होने वाले बदलाव को समझा जाता है। छठे वेतन आयोग (6th Pay Commission) में फिटमेंट फैक्टर 1.86 था, जबकि सातवें वेतन आयोग (7th Pay Commission) में इसे बढ़ाकर 2.57 किया गया था।

अब 8वें वेतन आयोग को लेकर कर्मचारी संगठनों की ओर से फिटमेंट फैक्टर को 3.68 से लेकर 3.83 के बीच रखने की मांग की जा रही है। यदि भविष्य में इस तरह की किसी मांग को मंजूरी मिलती है तो कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है। हालांकि, अभी यह सिर्फ मांग और चर्चा का विषय है।

यह बात विशेष तौर पर समझना आवश्यक है कि 8वें वेतन आयोग ने अभी तक न्यूनतम वेतन, फिटमेंट फैक्टर या नई पेंशन को लेकर कोई आधिकारिक रूप से ऐलान नहीं किया गया है। आखिरी निर्णय आयोग की पूरी रिपोर्ट और उसके बाद केंद्र सरकार की मंजूरी के आधार पर ही होगा।

कर्मचारी और पेंशनर्स सीधे दे सकते हैं सुझाव

इस बार आयोग की प्रक्रिया में कर्मचारियों और पेंशनर्स की हिस्सेदारी पर भी जोर दिया जा रहा है। आयोग का उद्देश्य यह है कि अलग-अलग विभागों के कर्मचारी प्रतिनिधि, स्थानीय परिसंघ और पेंशनर एसोसिएशन अपनी समस्याओं और सुझावों को सीधे आयोग तक पहुंचा सकें।

कर्मचारी अपनी बात लिखित रूप में भी रख सकते हैं और निर्धारित बैठकों के दौरान मौखिक तौर पर भी अपनी समस्याएं सामने रख सकते हैं। इससे आयोग को अलग-अलग विभागों और क्षेत्रों में कर्मचारियों तथा पेंशनर्स के सामने आने वाली दिक्कतों को समझने में सहायता मिलेगी।

तो... अब नई सैलरी कब लागू होगी?

8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। आयोग को अपनी रिसर्च, सिफारिशें और अंतिम रिपोर्ट तैयार करने के लिए 18 महीने का वक़्त दिया गया है। पूरे देश में होने वाली बैठकों के बाद आयोग कर्मचारियों, यूनियनों और पेंशनर्स की ओर से दिए गए सुझावों और आवेदनों का विस्तृत रूप से अध्ययन करेगा।

इसके बाद आयोग अपनी आखिरी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद उस पर केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी अवश्य होगी। यानी नई सैलरी (New Salary) और पेंशन (Pension) में बदलाव तभी लागू होगा, जब आयोग की सिफारिशों पर सरकार की मंजूरी मिल जाएगी।

इसलिए अभी यह कहना सही नहीं होगा कि कर्मचारियों की बढ़ी हुई सैलरी किसी निश्चित तारीख से उनके खाते में आनी शुरू हो जाएगी। फिलहाल आयोग अपनी बैठकों, सुझावों और आंकड़ों के अध्ययन की प्रक्रिया में है।

अफवाहों पर ध्यान ना दें

8वें वेतन आयोग को लेकर सोशल मीडिया और अलग-अलग माध्यमों पर फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। लेकिन अभी किसी भी नए फॉर्मूले को आधिकारिक तौर पर मंजूरी नहीं मिली है।

ऐसे में अब कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए जरूरी है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें। 8वें वेतन आयोग की आधिकारिक जानकारी और वित्त मंत्रालय की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक बयानों को ही अंतिम और विश्वसनीय जानकारी माना जाना चाहिए।

फिलहाल देखा जाए तो... सबसे बड़ा अपडेट यही है कि आयोग का कार्य आगे बढ़ रहा है, पूरे देश में परामर्श बैठकें हो रही हैं और अंतिम रिपोर्ट के बाद ही सैलरी तथा पेंशन में वास्तविक अपरिवर्तन की तस्वीर साफ होगी।

Tags:    

Similar News