Mobile Tower Rental Income: आपकी छत बन सकती है कमाई का खजाना! मोबाइल टावर से आएगी नियमित इनकम

Mobile Tower Rental Income: 5G विस्तार के बीच घर की खाली छत या जमीन मोबाइल टावर लगाकर हर महीने हजारों से लाख रुपये तक की कमाई का जरिया बन सकती है

Update:2026-05-30 14:58 IST

Mobile Tower Rental Income 2026 India

Mobile Tower Rental Income: मौजूदा समय में बेरोजगारी और महंगाई एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आ खड़ी हुई है। इस समय हर कोई ऐसी आय का जरिया अपनाना चाहता है जो नौकरी या व्यवसाय के अलावा अतिरिक्त कमाई दे सके। अगर आपके घर की छत खाली पड़ी है या आपके पास किसी अच्छी लोकेशन पर जमीन है, तो इस यह संपत्ति आपके लिए नियमित कमाई का बड़ा साधन बन सकती है। देश में 5G नेटवर्क के तेजी से विस्तार के चलते टेलीकॉम कंपनियों को नई जगहों पर मोबाइल टावर लगाने की जरूरत पड़ रही है। ऐसे में कई मकान मालिक अपनी छत या जमीन किराये पर देकर हर महीने हजारों से लेकर लाख रुपये तक की कमाई कर रहे हैं।

5G नेटवर्क विस्तार से बढ़ी टावरों की जरूरत

भारत में इंटरनेट और स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते टेलीकॉम कंपनियां बेहतर नेटवर्क कवरेज और तेज इंटरनेट सेवा देने के लिए नए मोबाइल टावर स्थापित कर रही हैं। खासकर उन इलाकों में जहां नेटवर्क कमजोर है या आबादी तेजी से बढ़ रही है, वहां टावर लगाने की मांग अधिक है। यही वजह है कि शहरों, कस्बों और मुख्य सड़कों के आसपास स्थित मकानों की छतें और खाली जमीनें अब कमाई का नया माध्यम बन रही हैं।

मोबाइल टावर लगाने का काम कौन करता है?

कई लोगों को लगता है कि जियो, एयरटेल या वोडाफोन-आइडिया जैसी कंपनियां सीधे मकान मालिकों से संपर्क करती हैं, लेकिन आमतौर पर ऐसा नहीं होता। मोबाइल टावर लगाने और उनके रखरखाव का काम विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियां करती हैं। ये कंपनियां टेलीकॉम ऑपरेटरों को टावर और नेटवर्क सुविधाएं उपलब्ध कराती हैं। यदि कोई व्यक्ति अपनी छत या जमीन किराये पर देना चाहता है तो उसे ऐसी अधिकृत कंपनियों की वेबसाइट पर आवेदन करना होता है। आवेदन मिलने के बाद कंपनी संबंधित क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराती है और आवश्यकता होने पर आगे की प्रक्रिया शुरू करती है।

आवेदन करते समय देनी होती है संपत्ति की पूरी जानकारी

मोबाइल टावर के लिए आवेदन करते समय मकान मालिक को अपनी संपत्ति से जुड़ी पूरी जरूरी जानकारी देनी होती है। इसमें नाम, मोबाइल नंबर, संपत्ति का पता, उपलब्ध जगह का आकार और प्रॉपर्टी का प्रकार शामिल होता है। कंपनी की तकनीकी टीम इसके बाद स्थल का निरीक्षण करती है। यदि इलाके में नेटवर्क सुधार की जरूरत होती है और भवन टावर का भार सहन करने योग्य पाया जाता है, तो कंपनी मकान मालिक से संपर्क करती है और आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं।

लोकेशन के आधार पर तय होता है किराया

मोबाइल टावर से होने वाली कमाई पूरी तरह लोकेशन और नेटवर्क की जरूरत पर निर्भर करती है। छोटे शहरों और कस्बों में मकान मालिकों को आमतौर पर 10 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक किराया मिल सकता है। वहीं बड़े शहरों, व्यावसायिक क्षेत्रों और महत्वपूर्ण लोकेशनों पर यह राशि 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये या उससे अधिक तक भी पहुंच सकती है। हालांकि हर प्रॉपर्टी के लिए इतना किराया तय नहीं होता और अंतिम निर्णय कंपनी की जरूरत तथा क्षेत्र की मांग के आधार पर लिया जाता है।

टावर लगाने के लिए जरूरी हैं कानूनी मंजूरियां

मोबाइल टावर लगवाने के लिए कुछ कानूनी और तकनीकी नियमों का पालन करना अनिवार्य होता है। सबसे पहले संपत्ति के मालिकाना हक के वैध दस्तावेज होने चाहिए। इसके अलावा स्थानीय नगर निगम, नगरपालिका या ग्राम पंचायत से आवश्यक अनुमति और एनओसी लेना पड़ सकता है। कई मामलों में भवन की मजबूती साबित करने के लिए स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्टिफिकेट भी जरूरी होता है। यदि मकान किसी हाउसिंग सोसाइटी में स्थित है तो सोसाइटी या आरडब्ल्यूए की सहमति भी मांगी जा सकती है।

लंबे समय तक मिल सकती है नियमित आय

मोबाइल टावर लगाने के बाद कंपनी और मकान मालिक के बीच एक किराया समझौता किया जाता है। यह एग्रीमेंट आमतौर पर 10 से 15 वर्षों के लिए होता है। कई समझौतों में समय-समय पर किराये में बढ़ोतरी का प्रावधान भी शामिल रहता है। यही कारण है कि इसे लंबे समय तक स्थिर और नियमित आय का एक अच्छा स्रोत माना जाता है। एक बार टावर स्थापित होने के बाद मकान मालिक को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती और हर महीने तय किराया मिलता रहता है।

मोबाइल टावर के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से रहें सावधान

ऐसा भी देखा गया है कि, मोबाइल टावर से कमाई के बढ़ते चलन के साथ धोखाधड़ी के मामले भी बढ़े हैं। कई फर्जी लोग खुद को टेलीकॉम कंपनी या सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर लोगों से रजिस्ट्रेशन फीस, टैक्स या एनओसी शुल्क के नाम पर पैसे मांगते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कोई भी असली और अधिकृत कंपनी टावर लगाने के लिए मकान मालिक से एडवांस भुगतान नहीं मांगती। उल्टा कंपनी ही मकान मालिक को किराया देती है। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था को पैसे देने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें और केवल आधिकारिक माध्यमों से ही आवेदन करें।

आवेदन करने से पहले सभी कानूनी नियमों, दस्तावेजों और कंपनी की विश्वसनीयता की जांच करना बेहद जरूरी है। सही जानकारी और सावधानी के साथ आपकी खाली छत हर महीने नियमित कमाई का एक मजबूत जरिया बन सकती है।

Tags:    

Similar News