IPL Betting: महासमुंद में आईपीएल ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

IPL Betting: छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस ने आईपीएल ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ कर मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। करोड़ों का सट्टा रिकॉर्ड और उपकरण जब्त।

Update:2026-04-27 08:56 IST

IPL Betting: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने आईपीएल ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड (एडमिन) समेत 6 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 22 मोबाइल फोन और 1.15 करोड़ रुपये के ऑनलाइन सट्टे का रिकॉर्ड जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 46 हजार 400 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ऑनलाइन पैनल और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। इस गिरोह का संचालन रायपुर, बेमेतरा और महासमुंद से किया जा रहा था। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर अलग-अलग स्थानों से अपने नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। महासमुंद पुलिस को इस गिरोह के माध्यम से 1 करोड़ रुपये से अधिक के ऑनलाइन लेनदेन की जानकारी मिली थी। जांच में यह सामने आया कि गिरोह ऑनलाइन पैनल के जरिए सट्टा चला रहा था। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 5 पैनल और 10 मास्टर लॉगिन रखने वाले सटोरियों की पहचान की है।

पुलिस ने बताया कि थाना महासमुंद क्षेत्र में जुआ और सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 अप्रैल को महासमुंद थाना पुलिस ने बाबा फैमिली ढाबा, घोड़ारी के पास छापेमारी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। ये आरोपी 'पॉवर एक्स' नामक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेलते और खिलाते पाए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

आगे की जांच में तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को इस सट्टा नेटवर्क के मुख्य एडमिन और अन्य बड़े सटोरियों के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रायपुर और बेमेतरा में दबिश देकर 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मुख्य एडमिन भी शामिल है, जो पैनल संचालित करता था, आईडी बेचता था और सट्टे के पैसों का लेनदेन संभालता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश डहरे उर्फ योगेश, ललित चावला, अंशु बग्गा, सौरभ जैन, विजय वर्मा और निशांत नागवानी के रूप में हुई है। सभी आरोपी रायपुर और बेमेतरा के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 13 टच स्क्रीन मोबाइल, 9 कीपैड मोबाइल और 1 करोड़ 15 लाख रुपये के ऑनलाइन सट्टे का रिकॉर्ड बरामद किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 46 हजार 400 रुपये है। महासमुंद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच जारी है।

Tags:    

Similar News