सुखबीर सिंह बादल पर हमले को लेकर अमित शाह को लिखा पत्र, पत्नी हरसिमरत ने की NIA जांच की मांग, लगाए ये गंभीर आरोप

SAD सांसद हरसिमरत कौर बादल ने सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ और स्वर्ण मंदिर में हुए हमलों की NIA से जांच कराने की मांग की है।

Update:2026-08-16 19:02 IST

Sukhbir Singh Badal Attack Case: शिरोमणि अकाली दल (SAD) की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने अपने पति और पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमलों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बड़ी मांग की है। उन्होंने 13 अगस्त 2026 को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब गुरुद्वारे में हुए हमले और दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में हुए जानलेवा हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से कराने की मांग की है।

हरसिमरत कौर ने अपने पत्र में 13 अगस्त की घटना को गंभीर हमला बताते हुए कहा कि दोनों घटनाओं में कई समानताएं हैं। उन्होंने ये भी आशंका जाहिर कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध या बड़ी साजिश हो सकती है। इसी वजह से उन्होंने केंद्र से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और स्वतंत्र जांच कराने का मांग की है।

दोनों हमलों की कड़ी जोड़कर जांच की मांग

हरसिमरत कौर ने कहा कि सुखबीर बादल पर हुए दोनों हमले अलग-अलग घटनाओं के तौर पर नहीं देखे जाने चाहिए। उनके मुताबिक, दोनों हमले धार्मिक स्थलों पर उस समय हुए, जब सुखबीर बादल धार्मिक सेवा में शामिल थे। उन्होंने गृह मंत्री से यह पता लगाने की मांग की है कि क्या दोनों हमलों के पीछे एक ही तरह की साजिश या कोई बड़ा नेटवर्क था। साथ ही उन्होंने संभावित चरमपंथी या विदेशी कनेक्शन की भी जांच किए जाने की मांग की है।

नांदेड़ में हमले के दौरान घायल हुए सुखबीर बादल

13 अगस्त को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब गुरुद्वारे में सुखबीर सिंह बादल पर कथित तौर पर कृपाण से हमला किया गया था। हमले में उनके दाहिने हाथ में चोट लगी थी। हमले के दौरान सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी भी घायल हुआ था। हमलावर को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था। नांदेड़ के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सुखबीर बादल को सर्जरी के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दिसंबर 2024 में स्वर्ण मंदिर में भी हुआ था हमला

सुखबीर बादल पर दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर भी हमला हुआ था। उस समय वह धार्मिक सेवा में शामिल थे। हरसिमरत कौर ने अपने पत्र में इस घटना को भी उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस मामले की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल अब तक बने हुए हैं।

पंजाब पुलिस की भूमिका पर भी सवाल

SAD सांसद ने दिसंबर 2024 की घटना को लेकर पंजाब पुलिस और तत्कालीन अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि हमले से पहले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और आरोपी के बीच कथित संपर्क की तस्वीरें सामने आई थीं।

धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर भी चिंता

हरसिमरत कौर ने अपने पत्र में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाएं गुरुद्वारों में हुईं और इससे धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाओं से पंजाब की छवि और सिख समुदाय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है।

Tags:    

Similar News