AIIMS Recruitment: एम्स रायपुर में करियर बनाने का मौका, 30 जूनियर रेजीडेंट पदों पर निकली वैकेंसी

AIIMS Recruitment 2026: एम्स रायपुर ने जूनियर रेजीडेंट के 30 पदों पर भर्ती निकाली है। एमबीबीएस अभ्यर्थी 12 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Update:2026-06-04 17:53 IST

AIIMS Recruitment 2026

AIIMS Recruitment 2026: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर ने मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए भर्ती का अवसर प्रदान किया है। संस्थान ने भारत सरकार की रेजीडेंसी योजना के तहत जूनियर रेजीडेंट (गैर-शैक्षणिक) समूह 'ए' के 30 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्तियां छह महीने की अवधि के लिए की जाएंगी। एम्स रायपुर द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 30 रिक्तियों में सामान्य वर्ग के लिए 12, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 3, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 7, अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 5 और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 3 पद आरक्षित किए गए हैं।

आवेदन प्रक्रिया शुरू, 12 जून अंतिम तिथि (AIIMS Recruitment 2026)

इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 जून से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 12 जून 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को एम्स रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से संबंधित अधिसूचना पढ़नी होगी। नोटिफिकेशन में दिए गए गूगल फॉर्म लिंक के माध्यम से आवेदन करना होगा। साथ ही वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन पत्र को डाउनलोड कर भरना होगा और उसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ गूगल फॉर्म में अपलोड करना होगा।

शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए? (Jobs In AIIMS)

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास एमबीबीएस डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उम्मीदवार की इंटर्नशिप पूरी हो चुकी होनी चाहिए। यदि किसी अभ्यर्थी के पास राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) द्वारा मान्यता प्राप्त समकक्ष डिग्री है, तो वह भी आवेदन के लिए पात्र होगा। संस्थान ने यह भी स्पष्ट किया है कि चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति से पहले डीएमसी, एनएमसी या संबंधित राज्य चिकित्सा परिषद में पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।

आयु सीमा और आरक्षण का लाभ (AIIMS Vacancy)

भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अन्य आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।

चयन प्रक्रिया और वेतन (AIIMS Selection Process)

उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। सभी चरणों में सफल रहने वाले उम्मीदवारों को जूनियर रेजीडेंट पद पर नियुक्त किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 56,100 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा संस्थान के नियमों के अनुसार अन्य भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।

आवेदन शुल्क की जानकारी (Health Government Jobs)

आवेदन के दौरान सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। वहीं महिला उम्मीदवारों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांगजन और पूर्व सैनिकों को आवेदन शुल्क में पूरी छूट दी गई है।

ऐसे में जो उम्मीदवार मेडिकल क्षेत्र में प्रतिष्ठित संस्थान एम्स रायपुर के साथ काम करने का अवसर तलाश रहे हैं, उनके लिए यह भर्ती एक अच्छा मौका साबित हो सकती है।

Tags:    

Similar News