ICAI CA Final Result OUT: सीए फाइनल रिजल्ट घोषित, नूर सिंगला ने हासिल की पहली रैंक

ICAI CA Final Result OUT: आईसीएआई ने सीए फाइनल 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। नूर सिंगला ने टॉप किया है। उम्मीदवार icai.org पर स्कोरकार्ड देख सकते हैं।

Update:2026-06-18 14:23 IST

ICAI CA Final Result 2026 OUT

ICAI CA Final Result OUT: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने सीए फाइनल परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। पहले यह उम्मीद की जा रही थी कि रिजल्ट शाम तक घोषित किया जाएगा, लेकिन संस्थान ने तय समय से पहले ही परिणाम जारी कर दिया। जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा में भाग लिया था, वे अब ICAI की आधिकारिक वेबसाइट icai.org और icaiexam.icai.org पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

मई 2026 में आयोजित हुई थी परीक्षा

सीए फाइनल परीक्षा का आयोजन 2 मई से 20 मई 2026 के बीच देशभर में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। इस परीक्षा में हजारों उम्मीदवारों ने भाग लिया था और लंबे समय से अपने परिणाम का इंतजार कर रहे थे। अब रिजल्ट जारी होने के साथ ही उम्मीदवारों का इंतजार खत्म हो गया है।

ग्रुप-वाइज पास प्रतिशत का विवरण

ICAI द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष परीक्षा का परिणाम ग्रुप-वाइज अलग-अलग रहा है। ग्रुप I में कुल 54,606 उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनमें से 6,555 उम्मीदवार सफल हुए। इस प्रकार ग्रुप I का पास प्रतिशत 12 प्रतिशत रहा। वहीं, ग्रुप II में 42,573 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 8,725 उम्मीदवार सफल हुए। इसका पास प्रतिशत 20.49 प्रतिशत दर्ज किया गया। जो उम्मीदवार दोनों ग्रुप में शामिल हुए थे, उनकी संख्या 23,776 थी। इनमें से 3,345 उम्मीदवारों ने परीक्षा उत्तीर्ण की, जिससे उनका कुल पास प्रतिशत 14.07 प्रतिशत रहा।

नूर सिंगला ने किया टॉप

इस वर्ष सीए फाइनल परीक्षा में पटियाला की नूर सिंगला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 499 अंक हासिल किए और 83.17 प्रतिशत के साथ ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त की। दूसरे स्थान पर हावड़ा के रितीज सराफ रहे, जिन्होंने 475 अंक (79.17 प्रतिशत) प्राप्त किए। तीसरे स्थान पर डोंबिवली के सोहन अनिल मांजरेकर रहे, जिन्होंने 473 अंक हासिल कर 78.83 प्रतिशत के साथ टॉप-3 में जगह बनाई।

ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट

उम्मीदवार अपना रिजल्ट देखने के लिए ICAI की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर सकते हैं। इसके लिए होमपेज पर जाकर ‘Result’ सेक्शन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करके सबमिट करना होगा। लॉगिन करने के बाद रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे उम्मीदवार डाउनलोड कर सकते हैं और भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं। रिजल्ट में उम्मीदवार का नाम, विषयवार अंक, कुल अंक और क्वालिफाइंग स्टेटस की जानकारी शामिल होती है।

रिजल्ट में गलती होने पर क्या करें?

ICAI ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अपना रिजल्ट ध्यानपूर्वक जांचें। यदि किसी प्रकार की गलती या विसंगति नजर आती है, तो तुरंत ICAI की संबंधित अथॉरिटी से संपर्क करना चाहिए। रिजल्ट डाउनलोड करते समय एडमिट कार्ड पास में रखना आवश्यक है क्योंकि उसमें लॉगिन से जुड़ी जानकारी होती है।

CA इंटरमीडिएट रिजल्ट भी जल्द

ICAI ने यह भी जानकारी दी है कि सीए इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम 24 जून की शाम तक जारी किया जाएगा। रिजल्ट घोषित होने के बाद उम्मीदवार इसे भी ICAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकेंगे और अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

Tags:    

Similar News