NEET-UG 2026 Re-Exam: वाराणसी से एक छत्र SIM और पुराने प्रश्नपत्र के साथ गिरफ्तार
NEET-UG 2026 Re-Exam: पेपर लीक के बाद आज 21 जून, रविवार को देशभर में राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई जिसमें वाराणसी से एक संदिग्ध व्यक्ति के गिरफ्तार होने की खबर है।
NEET-UG 2026 Re-Exam: पेपर लीक के बाद आज 21 जून, रविवार को देशभर में राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई जिसमें वाराणसी से एक संदिग्ध व्यक्ति के गिरफ्तार होने की खबर है। मामले समाचार एजेंसी PTI की और से जारी सूचना के अनुसार, मेडिकल के एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी छात्र के पास से उसके अंडरवियर से एक सिम कार्ड और एक पुराना प्रश्नपत्र बरामद हुआ है। वहीं बिहार से भी नीट परीक्षा में रविवार को 9 फर्जी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया जो असली उम्मीदवारों की जगह पर बैठे थे।
NTA का दावा लीक की कोई शिकायत नहीं
हालांकि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने कहा है कि NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा (Re-Exam) देशभर में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। एजेंसी के महानिदेशक (DG) के अनुसार, परीक्षा के दौरान या उसके तुरंत बाद प्रश्नपत्र लीक से संबंधित कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
इस बार परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर AI-सक्षम CCTV निगरानी, कड़ी बायोमेट्रिक जांच और बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाए गए। इसके अलावा, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और निगरानी के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश और विदेश के हजारों परीक्षा केंद्रों पर 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने NEET-UG 2026 री-एग्जाम में हिस्सा लिया। यह परीक्षा उस समय आयोजित की गई, जब पहले आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को कथित पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दिया गया था।
हालांकि, परीक्षा के संचालन को लेकर NTA संतुष्ट नजर आई, लेकिन कई छात्रों ने प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत कठिन बताया। विशेष रूप से फिजिक्स सेक्शन को चुनौतीपूर्ण माना गया। कुछ केंद्रों पर ड्रेस कोड और प्रवेश प्रक्रिया को लेकर चर्चा भी हुई, लेकिन कुल मिलाकर परीक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रही। NTA ने जानकारी दी है कि जल्द ही प्रोविजनल आंसर-की जारी की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों को आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। अंतिम आंसर-की जारी होने के बाद NEET-UG 2026 का परिणाम घोषित किया जाएगा।
फिलहाल, NTA का कहना है कि NEET-UG 2026 री-एग्जाम पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित रहा तथा पेपर लीक से जुड़ी कोई आधिकारिक शिकायत सामने नहीं आई है।