NEET Paper Leak: NTA को हटाने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई आज, क्या बदल जाएगी परीक्षा व्यवस्था?

NEET Paper Leak: NEET UG पेपर लीक मामले में NTA को हटाने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा। FAIMA और UDF ने याचिका दायर की है।

Update:2026-05-29 12:08 IST

NEET Paper Leak

NEET Paper Leak: नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है। अदालत ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को खत्म करने या उसका पुनर्गठन करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई के लिए मामला सूचीबद्ध किया है। यह याचिका फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) और यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) द्वारा दायर की गई है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि NTA देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने में विफल रही है। इसलिए परीक्षा संचालन के लिए किसी दूसरी स्वतंत्र एजेंसी को जिम्मेदारी देने की मांग की गई है।

सुप्रीम कोर्ट ने पहले भी जताई थी नाराजगी (SC On NEET) 

इस मामले की पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने NTA की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए थे। अदालत ने कहा था कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एजेंसी ने पिछले साल हुए पेपर लीक विवाद से कोई सबक नहीं सीखा। जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने केंद्र सरकार, NTA और CBI से जवाब मांगा था। कोर्ट ने यह भी पूछा था कि क्या NTA ने 2024 में अदालत द्वारा दिए गए सुरक्षा और पारदर्शिता संबंधी निर्देशों का पालन किया है या नहीं। अदालत ने NTA को 28 मई तक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था। साथ ही निगरानी समिति के अध्यक्ष को भी यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि कोर्ट के सभी निर्देशों का पालन हो।

याचिका में क्या-क्या मांगें की गई हैं? (FAIMA UDF Petition)

FAIMA और UDF की ओर से दायर याचिका में केवल NTA को हटाने की मांग ही नहीं की गई है, बल्कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं को अदालत की निगरानी में आयोजित कराने की भी मांग रखी गई है। इसके अलावा कथित डेटा लीक और पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग भी की गई है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठता जा रहा है।

NEET री-एग्जाम में एयरफोर्स की मदद

पेपर लीक विवाद (NEET Paper Leak Case) के बाद अब सरकार 21 जून 2026 को होने वाले NEET री-एग्जाम को पूरी तरह सुरक्षित बनाने में जुटी हुई है। इसी को लेकर हाल ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में फैसला लिया गया कि परीक्षा के प्रश्न पत्रों को सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में भारतीय वायुसेना की मदद ली जाएगी। इसकी जानकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दी।

22 लाख से ज्यादा छात्रों ने दी थी परीक्षा

गौरतलब है कि NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए 22 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। हालांकि परीक्षा के बाद पेपर लीक के गंभीर आरोप सामने आए, जिसके बाद मामला देशभर में चर्चा का विषय बन गया। बढ़ते विवाद और जांच के बीच NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया और 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की।

Tags:    

Similar News