UP Police Guidelines: यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल परीक्षा देने से पहले जरूर जान लें ये नियम, यहाँ देखें गाइडलाइंस और जरूरी डिटेल्स
UP Police Guidelines: यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा 8 जून से शुरू हो गई है। UPPRPB ने कड़े नियम जारी किए हैं। एडमिट कार्ड, आधार और सख्त सुरक्षा जरूरी है।
UP Police Exam Guidelines
UP Police Guidelines: उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आज यानी 8 जून से शुरू हो गई है। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 तक तीन दिनों तक राज्यभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे इन नियमों को ध्यान से पढ़ें और उनका पालन करें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
एडमिट कार्ड और पहचान पत्र अनिवार्य (UP Police Latest News)
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए सभी अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड और आधार कार्ड साथ ले जाना अनिवार्य है। जिन उम्मीदवारों ने आवेदन के समय आधार विवरण नहीं दिया है, वे वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र जैसे पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस का उपयोग कर सकते हैं। बिना वैध फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा (UP Police Constable Shift Timing)
यह भर्ती परीक्षा प्रतिदिन दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक रिपोर्ट करना होगा, जबकि दूसरी पाली के उम्मीदवारों को दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। निर्धारित समय के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र पर कड़े सुरक्षा नियम (UP Police Guidelines)
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक (आइरिस) और फोटोग्राफी की जाएगी। आधार कार्ड के माध्यम से पहचान सत्यापन किया जाएगा। यदि पहचान पत्र में किसी भी प्रकार की विसंगति पाई जाती है, तो उम्मीदवार को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
एडमिट कार्ड केवल निर्धारित परीक्षा केंद्र और तिथि के लिए ही मान्य होगा। परीक्षा के दौरान केंद्र बदलने या शिफ्ट बदलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र की लोकेशन पहले से जांच लें ताकि समय पर पहुंच सकें।
ओएमआर आधारित परीक्षा और नियम (UP Police OMR Rule)
यह परीक्षा ऑफलाइन मोड में OMR शीट पर आधारित होगी। कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 120 मिनट का समय निर्धारित है। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2 अंक दिए जाएंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.5 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। ओएमआर शीट भरने के लिए केवल नीले या काले बॉल प्वाइंट पेन का ही उपयोग किया जा सकता है। किसी भी प्रकार के व्हाइटनर, इरेज़र या ब्लेड का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है।
परीक्षा हॉल में प्रतिबंध और नियम (UP Police Constable Rules)
परीक्षा केंद्र के अंदर केवल एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और पारदर्शी बॉल प्वाइंट पेन ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, पेजर, कैमरा और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। इसके अलावा पर्स, बैग, टोपी, धातु की वस्तुएं और किसी भी प्रकार का भोजन या पानी की बोतल भी परीक्षा हॉल में ले जाना मना है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या नकल करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भविष्य की परीक्षाओं से वंचित करना और कानूनी कार्रवाई शामिल है।
परीक्षा पैटर्न और सावधानियां (UP Police Exam Pattern)
परीक्षा में सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता, मानसिक अभिरुचि और तार्किक क्षमता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा का कुल समय 2 घंटे होगा। बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े सभी निर्णय अंतिम होंगे और उम्मीदवारों के लिए बाध्यकारी होंगे। साथ ही UPPRPB को परीक्षा शेड्यूल बदलने का अधिकार भी सुरक्षित है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल उन्हीं प्रश्नों को हल करें जिनके उत्तर उन्हें अच्छी तरह आते हैं, क्योंकि निगेटिव मार्किंग लागू है।