पंचायत 5 का ट्रेलर रिलीज, फिर लौटे फुलेरा के पुराने रंग! रिंकी-सचिव जी की लव स्टोरी में आएगा नया ट्विस्ट
पॉपुलर वेब सीरीज 'पंचायत 5' का 2 मिनट 36 सेकेंड का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें फुलेरा के पुराने किरदार एक बार फिर लौट रहे हैं।
Panchayat Season 5 Trailer: फुलेरा गांव के लोगों को याद कर रहे थे? तो तैयार हो जाइए, क्योंकि सचिव जी, प्रधान जी, प्रह्लाद चा और विकास एक बार फिर आपकी स्क्रीन पर धमाल मचाने आ रहे हैं। ‘पंचायत’ के चाहने वालों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। ‘पंचायत सीजन 5’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है और इसे देखकर लग रहा है कि इस बार फुलेरा में हंसी के साथ-साथ प्यार और ड्रामे का भी जबरदस्त तड़का लगने वाला है। खास बात ये है कि इस बार रिंकी और सचिव जी की प्रेम कहानी भी आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।
पुराने प्रधान जी की कुर्सी गई, लेकिन रुतबा अब भी कायम!
2 मिनट 36 सेकेंड के ट्रेलर की शुरुआत पुराने प्रधान जी यानी रघुबीर यादव के एक उदास डायलॉग से होती है। वो प्रह्लाद चा से कहते हैं कि मन अंदर से एकदम टूट गया है। इस पर प्रह्लाद चा उन्हें समझाते हुए कहते हैं कि निराश न हों प्रधान जी। लेकिन प्रधान जी का जवाब आता है, 'किस बात के प्रधान जी। अब नहीं हैं हम प्रधान।'
तभी विकास उनकी हिम्मत बढ़ाते हुए कहता है कि हमारे लिए तो आप ही प्रधान जी हैं। इसी बीच सचिव जी के पास नए प्रधान पति बनराकस का फोन आता है। सचिव जी फोन उठाते हुए कहते हैं, 'हां प्रधान जी।' बस, यहीं से ट्रेलर में कॉमेडी का डोज मिलना शुरू हो जाता है।
बनराकस के टॉर्चर से परेशान होंगे सचिव जी
इस बार फुलेरा की राजनीति में बनराकस का दबदबा दिखाई दे रहा है। ट्रेलर में उसके नए प्रधान पति वाले अंदाज और सचिव जी को परेशान करने वाले सीन देखने को मिलते हैं। दूसरी तरफ सचिव जी MBA कॉलेज में एडमिशन लेने के लिए इंटरव्यू की तैयारी भी कर रहे हैं।
दिलचस्प बात ये है कि बनराकस और उसके लोगों का सचिव जी के प्रति कुछ नरम रवैया भी देखने को मिलता है। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब बनराकस को सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी के बारे में पता चल जाता है।
रिंकी-सचिव जी के प्यार में आएगा नया मोड़
‘पंचायत 5’ के ट्रेलर में सबसे ज्यादा दिलचस्पी रिंकी और सचिव जी की लव स्टोरी को लेकर बन रही है। अब तक दोनों के बीच प्यार तो दिखा, लेकिन बात आगे बढ़ने का इंतजार दर्शकों को लंबे समय से था। इस बार कहानी में दोनों के रिश्ते को लेकर बड़ा मोड़ आता दिखाई दे रहा है।
एक सीन में पुराने प्रधान जी सचिव जी को थप्पड़ मारते नजर आते हैं। इसके बाद सचिव जी रिंकी का हाथ मांगने के लिए पुराने प्रधान जी के पास जाने की तैयारी करते दिखाई देते हैं। अब सवाल यही है कि क्या सचिव जी को रिंकी का साथ मिल पाएगा या फुलेरा की राजनीति उनके प्यार के रास्ते में नई मुश्किलें खड़ी करेगी?
डेढ़ साल बाद लौट रही है ‘पंचायत’, 3 दिसंबर को होगा प्रीमियर
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर ‘पंचायत 5’ को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फुलेरा के पुराने किरदारों को दोबारा देखने और रिंकी-सचिव जी की कहानी का अगला पड़ाव जानने के लिए दर्शक उत्साहित हैं।
‘पंचायत सीजन 5’ का प्रीमियर 3 दिसंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर होगा। इससे पहले चौथा सीजन जून 2025 में रिलीज हुआ था। यानी करीब डेढ़ साल के इंतजार के बाद मेकर्स पांचवें सीजन के साथ वापसी कर रहे हैं। फिलहाल ट्रेलर ने तो दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है, अब देखना होगा कि फुलेरा की पूरी कहानी इस बार कितना हंसाती और कितना चौंकाती है।